विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा की अनोखी शादी में सादगी भरा अंदाज, सिर्फ ₹10 कन्यादान लेकर विधायक ने विदा की बेटी; दावत की खूब चर्चा

Published: Sun, 15 Nov 2026 12:21 PM (IST)Updated: Sun, 15 Nov 2026 12:31 PM (IST)

बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास की बेटी डॉ. दीक्षा के लग्न समारोह में सीएम नायब सिंह सैनी सहित 20 हजार से ...और पढ़ें

विधायक उमेद पातुवास की बेटी डॉ. दीक्षा को आशीर्वाद देते सीएम नायब सिंह सैनी। जागरण।

विधायक उमेद पातुवास की बेटी डॉ. दीक्षा को आशीर्वाद देते सीएम नायब सिंह सैनी। जागरण।

HighLights

  1. विधायक ने बेटी के विवाह में लिया सिर्फ 10 रुपये कन्यादान

  2. समारोह में गाय के देसी घी से बने स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए

  3. सीएम नायब सैनी सहित 20 हजार से अधिक मेहमान हुए शामिल

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास की बेटी डॉ. दीक्षा के लग्न समारोह में सीएम नायब सिंह सैनी समेत कई वीआइपी लोग शामिल हुए।

समारोह में देर रात तक 20 हजार से अधिक मेहमान शरीक हुए। खास बात यह रही कि विधायक ने किसी से 10 रुपये से ज्यादा कन्यादान नहीं लिया और मेहमानवाजी में गाय के देसी घी से तैयार व्यंजन परोसे गए। एक और खास बात यह कि समारोह स्थल पर कोल्ड ड्रिंक व जंक फूड की एक भी स्टाल नहीं लगाई गई।

बता दें कि शाम पांच बजे मुख्यमंत्री अपने काफिले सहित गांव पातुवास में विधायक उमेद पातुवास के आवास पर पहुंचे। करीब 40 मिनट तक सांसद, विधायकों व पदाधिकारियों के साथ समय बिताने के बाद मुख्यमंत्री वहां से रवाना हुए। मुख्यमंत्री ने बेटी को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

haryana_news (48)

विधायक उमेद सिंह पातुवास की बेटी को आशीर्वाद देने पहुंचे सीएम।

समारोह में भाजपा नेताओं के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दलों के विधायक और पदाधिकारी भी शामिल हुए। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी के चलते विवाह समारोह चर्चा का केंद्र रहा।

दरअसल, इस वीआइपी शादी के लिए पातुवास गांव में कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं और इसके चलते यह चर्चा में रही। समारोह स्थल पर चार एकड़ में टेंट लगवाया गया जबकि 10 एकड़ में वाहन पार्किंग की व्यवस्था रही।

nayab_saini_news (2)

शादी समारोह में देसी घी से बने व्यंजनों का स्वाद चखते सीएम नायब सिंह सैनी। जागरण

 
 खानपान की व्यवस्था भी समारोह का खास आकर्षण रही। एक ही पंडाल में भोजन के लिए सात अलग-अलग स्टाल लगाए गए। खाने में देसी घी से बने मूंग का हलवा, बर्फी, लड्डू की खासी चर्चा हुई। अलग-अलग स्टालों पर भोजन की व्यवस्था होने से मेहमानों को अपनी पसंद के अनुसार व्यंजन लेने की सुविधा रही।

108 गांवों में कराई गई मुनादी

बता दें कि समारोह का निमंत्रण देने के लिए विधायक ने क्षेत्र के 108 गांवों में मुनादी कराई और शनिवार को समारोह स्थल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। वहीं, दादरी के अलावा दूसरे जिलों के लोग भी समारोह में शामिल हुए।

कड़े रहे सुरक्षा इंतजाम

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। उनके पहुंचने से पहले सुरक्षा टीम पूरी तरह सतर्क नजर आई। डीएसपी कप्तान सिंह ने मुख्यमंत्री को भेंट किए जाने वाले गुलदस्तों की भी जांच की। मुख्यमंत्री के समारोह स्थल पर पहुंचने और वहां से रवाना होने तक पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।

उनके आवागमन के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के विशेष प्रबंध देखने को मिले। समारोह में भाजपा के अलावा अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े विधायकों और पदाधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बना दिया। अलग-अलग दलों के नेताओं ने विधायक उमेद पातुवास को बेटी के विवाह की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में ये भी पहुंचे

समारोह में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, सांसद धर्मबीर सिंह, दादरी विधायक सुनील सांगवान, भाजपा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, बेरी विधायक रघुवीर कादयान, बादली विधायक कुलदीप वत्स समेत सत्ता पक्ष व विपक्ष के कई दिग्गज नेता शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- नया घर, पुरानी सियासत... आदमपुर में कुलदीप बिश्नोई ने दिखाई ताकत; गृह प्रवेश के बाद अब क्या है मास्टरप्लान?

यह भी पढ़ें- बिश्नोई परिवार के गृह प्रवेश में आदमपुर पहुंचे बहादुरगढ़ के नेता, दिया खास तोहफा; PHOTOS

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।