विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ahmedabad Plane Crash: 29 साल पहले हरियाणा के आसमान में टकरा गए थे दो विमान, हादसे में 349 लोगों की हो गई थी मौत

Published: Thu, 12 Jun 2025 10:29 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 12 Jun 2025 10:43 PM (GMT+05:30)

चरखी दादरी में 1996 में हुए विमान हादसे की यादें ताजा हो गईं जिसमें दो विमानों की टक्कर में 349 ...और पढ़ें

अहमदाबाद में प्लेन क्रैश की घटना के साथ ही दादरी में 29 साल पहले हवाई दुर्घटना की यादें हुईं ताजा।
अहमदाबाद में प्लेन क्रैश की घटना के साथ ही दादरी में 29 साल पहले हवाई दुर्घटना की यादें हुईं ताजा।

HighLights

  1. 1996 दादरी विमान हादसे की यादें ताजा |
  2. 349 लोगों की हुई थी दर्दनाक मौत |
  3. तत्कालीन पीएम ने किया था दौरा |

सचिन गुप्ता, चरखी दादरी। गुजरात के अहमदाबाद में वीरवार को हुई प्लेन क्रैश की घटना के साथ ही दादरी में करीब 29 वर्ष पहले हुई हवाई दुर्घटना का मंजर भी लोगों की आंखों के सामने ताजा हो गया है। 12 नवंबर 1996 को दादरी शहर के ऊपर आसमान में दो हवाई जहाज आपस में टकरा गए थे।

इस दुखद हादसे में दोनों जहाजों में सवार 349 लोगों की मौत हो गई थी। दादरी के लोग आज भी इस घटना को याद कर सिहर उठते हैं। बता दें कि 12 नवंबर 1996 को सऊदी अरब एयरलाइंस के यात्री विमान बोइंग 763 ने 23 क्रू मेंबर व 289 यात्रियों के साथ दिल्ली से उड़ान भरी थी।

वहीं, कजाकिस्तान एयरलाइंस के मालवाहक विमान 1907 को 12 क्रू मेंबर व 25 अन्य सदस्यों के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरना था। शाम साढ़े छह बजे सऊदी अरब एयरलाइंस का यह विमान 10 हजार फीट की ऊंचाई पर था तथा कजाकिस्तान एयरलाइंस का विमान 23 हजार फीट की ऊंचाई से नीचे उतर रहा था।

दादरी के ऊपर दोनों विमान आपस में टकरा गए थे। इस दर्दनाक हादसे में दोनों विमानों में सवार सभी 349 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे के दौरान दादरी शहर के ऊपर आसमान में जोरदार धमाका हुआ था। धमाके के साथ ही पूरा आकाश लाल नजर आने लगा था।

जोरदार धमाके की गूंज से कई लोगों ने खुद को घरों में ही बंद कर लिया था तो कुछ लोग इस मंजर को देखने के लिए छतों पर चढ़ गए थे। उसी दौरान लोगों को दो बड़े-बड़े गोले जलते हुए दादरी के समीप खेतों में गिरते हुए दिखाई दिए थे। कुछ ही देर बाद पता चला कि आसमान में दो हवाई जहाज आपस में टकरा गए।

इनमें से एक हवाई जहाज दादरी के गांव टिकाण कलां तथा दूसरा हवाई जहाज गांव बिरोहड़ केे समीप खेतों में गिरा था। जब लोगों ने टिकाण कलां में मंजर देखा तो सबकी रूह कांप गई थी। खेतों में दूर-दूर तक क्षत-विक्षत हालत में सैंकड़ों शव पड़े हुए थे।

हवाई जहाज के पुर्जों में आग लगी हुई थी। दो हवाई जहाजों के टकराने की सूचना कुछ ही मिनटों में प्रदेश सहित पूरे देश में फैल गई। पुलिस बल, स्थानीय लोग, सामाजिक संस्थाएं राहत कार्य में जुट गई थी।

तत्कालीन पीएम पहुंचे थे दादरी

दादरी में घटित यह हवाई दुर्घटना विश्व की सबसे बड़ी हवाई दुर्घटनाओं में शामिल है। वहीं भारत में यह सबसे बड़ी हवाई दुर्घटना थी। दुर्घटना से दूसरे ही दिन देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री एचडी देवगोडा ने भी घटनास्थल का दौरा किया था। उनके साथ प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल भी मौजूद थे।

सैंकड़ों शव रखने के लिए छोटा पड़ गया था अस्पताल परिसर

दादरी में हुए हवाई हादसे के बाद के मंजर को देख लोगों की रूह तक कांप गई थी। गांव टिकान कलां व बिरोहड़ में हवाई जहाज के टुकड़ों को हटाने का कार्य भी कई दिनों तक चला था।

वहीं, प्रशासन द्वारा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सैंकड़ों शवों को दादरी के सरदार झाडू सिंह चौक के समीप स्थित सरकारी अस्पताल में भिजवाना शुरू किया था। एक साथ 349 लोगों के शवों को रखने के लिए अस्पताल परिसर भी छोटा पड़ गया था।