Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    वशीकरण का आरोप में साध्वी कौशल्या गिरफ्तार

    By Edited By:
    Updated: Sun, 30 Nov 2014 11:03 PM (IST)

    जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : एक अविवाहित लड़की को कथित रूप से वश में करने के आरोपों के चलते जिला बाल

    जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : एक अविवाहित लड़की को कथित रूप से वश में करने के आरोपों के चलते जिला बाल कल्याण समिति की ओर से की गई जांच के आधार पर तैयार की गई रिपोर्ट पर दर्ज किए मुकदमें में दादरी सिटी पुलिस ने श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर की संचालिका साध्वी कौशल्या बाई को रविवार प्रात: गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोपहर को एसडीजेएम की कोर्ट में साध्वी को पेश किया जहां से उन्हें जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कुछ दिनों से दादरी नगर व आसपास के क्षेत्रों में कई प्रकार की चर्चाओं का दौर जारी है। उल्लेखनीय है कि गत 14 नवंबर नगर के वार्ड नं. सात गांधी नगर निवासी एकता जांगड़ा नामक एक महिला ने जिला बाल कल्याण अधिकारी व स्थानीय सिटी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा गया था कि गांधी नगर के श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर की संचालिका साध्वी कौशल्या बाई ने उसकी अविवाहित बेटी का वशीकरण कर उसे अपने काबू में कर लिया है। उसकी बेटी परिजनों का कोई कहना नहीं मानती तथा साध्वी ने उसे पूरी तरह अपने वश में कर लिया है। शिकायत में लड़की से जबरन घरेलू कार्य करवाने, उसे आश्रम में जबरन रोकने जैसे भी कई आरोप लगाए गए थे। मामले के तूल पकड़ने पर दादरी के विधायक राजदीप फौगाट, जिनका अपना निवास भी मंदिर के सामने है, उन्होंने सामाजिक स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया था। राजदीप फौगाट के साथ नगर के मौजिज लोगों, नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में सभी पक्षों से बातचीत कर विवाद का समाधान कर दिया गया था। दो रोज बाद ही एकता जांगड़ा ने इस मामले की शिकायत जिला उपायुक्त एवं उच्चाधिकारियों से की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने जिला बाल कल्याण समिति को निष्पक्ष जांच करने, आश्रम का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। समिति की चेयरपर्सन राजबाला श्योराण व उनकी टीम ने गत शुक्रवार को दादरी के गांधी नगर क्षेत्र में आकर शिकायत करने वाली एकता जांगड़ा, उसकी बेटी, परिजनों, आसपास के लोगों, श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर की संचालिका साध्वी कौशल्या बाई इत्यादि के बयान लिए, पूछताछ की तथा उसी रात स्थानीय सिटी पुलिस स्टेशन में अपनी रिपोर्ट दी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने साध्वी कौशल्या बाई के विरुद्ध भादंस की धारा 342, 474, 506 के तहत मामला दर्ज किया था। इसी मामल में रविवार प्रात: 10:30 बजे दादरी सिटी पुलिस ने साध्वी कौशल्या बाई को मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया। उन्हें दोपहर को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जमानत पर छोड़ने के आदेश दिए गए।

    मंदिर में चलते हैं प्रशिक्षण केंद्र

    दादरी के गांधी नगर क्षेत्र स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में वहां की संचालिका साध्वी कौशल्या बाई की देखरेख में पिछले 10 वर्षो से नित्य प्रति सत्संग, भजन, प्रवचन इत्यादि का कार्य होता है। इसके अलावा साध्वी सामाजिक सेवा के रूप में महिलाओं को स्वावलंबी, आत्म निर्भर बनाने के लिए उनके सिलाई, कढ़ाई, हस्त कला इत्यादि के प्रशिक्षण केंद्र चलवाती है। मंदिर में समय समय पर विभिन्न विशेष आयोजन भी किए जाते हैं जिनमें महिलाओं को प्रोत्साहन दिया जाता है।

    बाक्स

    सेवा, सत्संग जीवन लक्ष्य : साध्वी

    साध्वी कौशल्या बाई ने कहा कि उनका जीवन पूरी तरह भक्ति, साधना व सेवा को समर्पित है। वे किसी भी प्रकार के आडम्बर, अंधविश्वास, पाखंड जादू, टोने को न तो व्यक्तिगत रूप से मानती हैं और न ही इस प्रकार की गतिविधियों का संस्था से कोई संबंध है। भक्ति एवं सेवा संस्था का मूल मंत्र है। महिलाओं को आत्म निर्भर, स्वावलंबी बनाने, उनका चरित्र निर्माण करने व जीवन में आध्यात्मिकता का संचार का निरंतर प्रयास किया जाता है। यहां सत्संग, प्रशिक्षण में आने वाली महिलाएं अपनी मर्जी से आती हैं। वशीकरण जैसी बात पूरी तरह निराधार है।