विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

JJP को अपनी चाबी से राजस्थान विधानसभा का ताला खुलने की उम्मीद, दुष्यंत चौटाला ने लगाई वादों की झड़ी

By Jagran NewsEdited By: Mohammad Sameer
Published: Tue, 25 Jul 2023 06:55 AM (IST)

हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को राजस्थान के भरतपुर के सूरतगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए ...और पढ़ें

जेजेपी को अपनी चाबी से राजस्थान विधानसभा का भी ताला खुलने की उम्मीद।
जेजेपी को अपनी चाबी से राजस्थान विधानसभा का भी ताला खुलने की उम्मीद।

HighLights

  1. हरियाणा में किए वादे राजस्थान में भी होंगे लागूः दुष्यंत
  2. हनुमानगढ़ में ताऊ देवीलाल को याद किया।
  3. प्राइवेट सेक्टर की नौकरियों में 75 प्रतिशत और पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण का किया वादा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ः जननायक जनता पार्टी को हरियाणा की तरह राजस्थान में भी अपनी पार्टी की चाबी (चुनाव चिन्ह) से विधानसभा का ताला खुलने की उम्मीद है। जेजेपी के राष्टीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला बीच-बीच में समय निकालकर राजस्थान के दौरे कर रहे हैं।

पैठ बनाने की कोशिश

दिग्विजय चौटाला जहां युवाओं व छात्रों में पैठ बनाने के प्रयासों में जुटे हैं, वहीं उनके पिता और भाई अपने दादा व परदादा स्व. देवीलाल का पुराना राजनीतिक रसूख कैश करने की कोशिश में हैं। अजय सिंह चौटाला का राजस्थान के कई जिलों में व्यक्तिगत प्रभाव भी है।

हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को राजस्थान के भरतपुर के सूरतगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए अपनी पार्टी का विजन तथा चुनाव घोषणा पत्र भी लगभग पेश कर दिया। खास बात यह रही कि दुष्यंत चौटाला के कार्यकर्ता हरा-पीला पटका गले में पहने हुए थे, जबकि दुष्यंत चौटाला ने स्वयं भगवा रंग की राजस्थानी पगड़ी पहनी हुई थी।

हरियाणा में भाजपा व जजपा का सरकार चलाने के लिए गठबंधन है। चुनावी गठबंधन पर अभी दोनों दल स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन जजपा चाहती है कि राजस्थान और हरियाणा दोनों जगह भाजपा के साथ मिलकर लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव लड़े जाएं। दुष्यंत चौटाला का पूरा फोकस युवा, विद्यार्थी और किसान रहे। साथ ही उन्होंने अवैध खनन करने वालों पर करारे हमले बोले।

गहलोत सरकार पर हमलावर

कांग्रेस पर हमलावर होते हुए दुष्यंत ने कहा कि अशोक गहलोत की सरकार में खनन माफिया और अपराधियों को संरक्षण प्राप्त है। दुष्यंत ने अपने परदादा स्व. देवीलाल को याद किया। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल कहते थे कि भोले किसानों, उठो, अपने को जान लो और बोलना सीख लो। किसानों की आवाज को अब जेजेपी ही विधानसभा में उठाएगी। उन्होंने माहौल बनाते हुए दावा किया कि राजस्थान के लोगों में आज जेजेपी के प्रति वैसा ही प्रेम और जोश है, जैसा वर्ष 1989 के चुनाव में चौधरी देवीलाल के प्रति था।

उप मुख्यमंत्री ने राजस्थान की जनता से चुनावी वादे किए। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भांति प्राइवेट फैक्ट्रियों में राजस्थान के युवाओं को नौकरियों में 75 फीसदी आरक्षण और महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी दी जाएगी। उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा किसानों की फसल खराब होने पर दिए जाने वाला मुआवजा, सब्जियों के लिए भावांतर भरपाई और बुढ़ापा पेंशन 2750 रूपये देने जैसी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि राजस्थान में भी सत्ता में आएगी तो यह सब सुविधाएं यहां भी लागू की जाएंगी।

दुष्यंत ने पार्टी कार्यकर्ताओं से महिलाओं को "बूथ-सखी" के तौर पर जोड़ने के लिए प्रेरित किया। दुष्यंत की विधायक माता नैना चौटाला हरियाणा में हरी चुनरी चौपालों का आयोजन कर रही हैं। उन्होंने "जहां देवालय वहां पुस्तकालय" का नारा भी दिया।