'दिल्ली की गंदगी हरियाणा साफ नहीं करेगा', केजरीवाल पर अनिल विज का पलटवार; खरगे के महाकुंभ वाले बयान पर भी घेरा
Anil Vij on Kejriwal हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के यमुना प्रदूषण के आरोपों पर पलटवार किया है। विज ने कहा कि केजरीवाल अपनी कमजोरियों के लिए दूसरों को दोष देते हैं। उन्होंने केजरीवाल को चुनौती दी कि अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की एक टीम बनाकर सोनीपत और ओखला में पानी की गुणवत्ता की जांच करवाई जाए जिससे साफ हो जाएगा कि कौन जिम्मेदार है।

एएनआई, अंबाला। हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उन आरोपों का जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि हरियाणा सरकार यमुना के पानी को जहर दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार नदी को साफ करने में विफल रही है।
एएनआई से बात करते हुए विज ने कहा कि अपनी कमजोरियों के लिए दूसरों को दोष देना केजरीवाल की पुरानी आदत है। 10 साल से आम आदमी पार्टी सत्ता में हैं, उनको यमुना को साफ करना चाहिए था।
'गुणवत्ता की जांच कराएं, साफ हो जाएगा कौन जिम्मेदार'
अनिल विज ने कहा कि केजरीवाल कह रहे हैं कि हरियाणा से गंदा पानी आ रहा है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की एक टीम बनाकर सोनीपत और ओखला में पानी की गुणवत्ता की जांच करवाएं। इससे साफ हो जाएगा कि कौन जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के प्रदूषण को साफ करना हरियाणा की जिम्मेदारी नहीं है। हरियाणा दिल्ली की गंदगी को साफ नहीं करेगा। यह केजरीवाल का काम था, लेकिन वह अपने काम में विफल रहे।
राम रहीम के पैरोल पर भी दिया बयान
उन्होंने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह उर्फ राम रहीम को 30 दिन की पैरोल दिए जाने पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पैरोल कानून के अनुसार दी जाती है। यह किसी को भी ऐसे ही नहीं दी जाती।
खरगे ने हिंदू धर्म का अपमान किया- विज
इस बीच, विज ने कुंभ को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हालिया टिप्पणियों की भी आलोचना की और उन्हें हिंदू धर्म का अपमान बताया। विज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी ने कुंभ का आयोजन करने वालों पर कटाक्ष करके हिंदू धर्म का अपमान किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि धर्म व्यक्तिगत आस्था का मामला है और लोग अपने तरीके से अनुष्ठान करने के लिए स्वतंत्र हैं।
यह भी पढ़ें- अरविंद केजरीवाल पर मानहानि का केस करेगी हरियाणा सरकार, यमुना में जहर मिलाने का लगाया था आरोप
'खरगे को कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए'
विज ने कहा कि धर्म आस्था का मामला है, कुछ लोग पूर्व की ओर प्रार्थना करते हैं और कुछ लोग पश्चिम की ओर। हमारा संविधान हमें अपने तरीके से अपने धर्म के अनुष्ठान करने की अनुमति देता है। उन्होंने आगे कहा कि खरगे जी को सारे हिंदू समाज से कान पकड़कर माफ़ी मांगनी चाहिए।
विज ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर खड़गे की टिप्पणियों पर भी टिप्पणी की और कहा कि आरएसएस इस देश का सबसे बड़ा राष्ट्रवादी संगठन है। मल्लिकार्जुन खड़गे को दूर से खड़े होकर टिप्पणी करना उचित नहीं है। अगर आप आरएसएस को समझना चाहते हैं, तो कुछ दिनों के लिए शाखा में जाकर भाग लें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।