हरियाणा: भव्य स्तर पर तीजोत्सव मनाएगी सरकार, अंबाला में होगा राज्यस्तरीय कार्यक्रम; CM नायब होंगे मुख्य अतिथि
हरियाणा में कल तीजोत्सव का भव्य आयोजन होगा। अंबाला में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह होगा जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। अन्य जिलों में कैबिनेट मंत्री स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तीज महोत्सव को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जाएं।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में कल सोमवार को भव्य स्तर पर तीजोत्सव मनाया जाएगा। सभी जिलों में तीज महोत्सव के आयोजन होंगे, जिनमें राज्य के कैबिनेट मंत्री स्थानीय स्तर पर मौजूद रहेंगे।
राज्य स्तरीय मुख्य समारोह अंबाला में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि बिजली और परिवहन मंत्री अनिल विज तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी विशिष्ट अतिथि होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार सिरसा में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह रेवाड़ी, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा फतेहाबाद, राजस्व मंत्री विपुल गोयल झज्जर, सहकारिता मंत्री डा. अरविंद शर्मा सोनीपत और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा हिसार में मुख्य मेहमान होंगे।
सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) मंत्री कृष्ण कुमार बेदी भिवानी तथा स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव नारनौल में आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे। विधानसभा उपाध्यक्ष डा. कृष्ण लाल मिढा जींद में आयोजित तीज समारोह में भाग लेंगे।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तीज महोत्सव को पारंपरिक रीति-रिवाज और पूरे उत्साह के साथ मनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जाएं।
प्रशासन को सुनिश्चित करने को कहा गया है कि आयोजन में आमजन विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी हो। पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक उत्साह के साथ आयोजित कार्यक्रम में रंग-बिरंगे झूले, लोकगीत और पारंपरिक पकवान पर्व की रौनक बढ़ाएंगे।
तीज महोत्सव हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जो सामाजिक समरसता, महिला सशक्तीकरण और सांस्कृतिक धरोहर को मजबूती प्रदान करता है। महिलाएं विशेष रूप से इस त्योहार को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाती हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।