शंभू टोल प्लाजा को तीन दिन में लगेगा 1.5 करोड़ का फटका
टोल फ्री कराने के लिए शुक्रवार को किसान हरियाणा-पंजाब बॉर्डर शंभू प्लाजा पर पहुंचे और टोल फ्री कराया। इससे जहां टोल से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिली।

जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : टोल फ्री कराने के लिए शुक्रवार को किसान हरियाणा-पंजाब बॉर्डर शंभू प्लाजा पर पहुंचे और टोल फ्री कराया। इससे जहां टोल से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिली, वहीं टोल प्लाजा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा। बता दें इस टोल प्लाजा से रोजाना करीब 30 से 32 हजार वाहन 24 घंटे में निकलते हैं। इनसे रोजाना 35 लाख रुपए टोल लिया जाता है। वहीं 27 दिसंबर तक टोल फ्री रहने से प्लाजा को तीन दिन में करीब एक करोड़ पांच लाख रुपए का फटका लगेगा, जबकि इससे पहले भी किसानों के आंदोलन के चलते प्लाजा बंद रहने से काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
बता दें कुछ दिन ही पहले ही शंभू टोल प्लाजा का ठेका सोमा कंपनी से हटाकर महाराष्ट्र की ईगल इंफ्रा कंपनी को दिया गया है। गौरतलब है तीन कृषि कानूनों को रद कराने की मांग को लेकर किसान आंदोलन पर हैं। भारी संख्या में दिल्ली के सिधु बॉर्डर पर धरने पर बैठे हुए हैं।
टैंट लगाकर दिया धरना, जताया विरोध
उधर, किसानों ने टोल प्लाजा पर टैंट गाड़कर धरना देकर विरोध जताया। धरने का मोर्चा भाकियू उप प्रधान गुलाब सिंह ने संभाला। किसान नेताओं के मुताबिक किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, जब तक सरकार इन कानूनों को रद नहीं करती तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। वहीं किसानों पंजाब की तरफ से आने वाले वाहनों को एक तरफ से निकालने के लिए प्लाजा पर ही प्लास्टिक के बैरिकेड्स लगा दिए। इससे कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। इसके अलावा किसानों ने टोल प्लाजा पर ही लंगर व्यवस्था की गई थी।
बाजारों में बांटे पंपलेट
उधर, किसानों द्वारा टोल फ्री करवाने की कॉल के बाद पुलिस बल सुबह ही प्लाजा पर तैनात कर दिया गया था। वहीं स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले फेंकने वाले वाहन के अलावा पुलिस बल भी तैनात किया गया है। उधर, किसानों ने धरने के दौरान एक कमेटी बनाई गई जिसके नेतृत्व में तीन दिन तक धरना जारी रहेगा। यही नहीं किसानों द्वारा पंपलेट भी छपवाए गए जिसमें सरकार का विरोध जताने के लिए बाजारों में आकर बांटे गए। इस दौरान किसानों ने लोगों को पंपलेट के माध्यम से तीन कृषि अध्यादेश कानून के नुकसान के बारे में बताया।
फास्टैग न कटे सिस्टम रखा बंद
बता दें शंभू टोल प्लाजा पर आने-जाने की कुल 14 लेन है जिनसे रोजाना हजारों वाहन निकलते हैं। वहीं टोल फ्री रखने के अलावा फास्टैग सिस्टम को भी बंद कर दिया गया था ताकि टोल से निकलने वाले किसी भी वाहन चालक का चार्जिंग न कटे। मगर प्लाजा से फ्री निकलते वाहनों के चलते लेन पर कंट्रोल करने के लिए लगाए गए अलार्म ऑटोमेटिक होने से बजते रहे।
वर्जन.
अगर तीन दिन टोल फ्री रहा तो करीब एक करोड़ से अधिक का नुकसान होगा। रोजाना प्लाजा से करीब 30 से 32 हजार वाहन निकलते हैं इनसे 35 लाख रुपए टोल टैक्स आता है। इसके अलावा किसी भी वाहन चालक का फास्टैग न कटे इसके लिए सिस्टम को भी बंद करवा दिया गया था।
-सूर्या, मैनेजर, शंभू टोल प्लाजा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।