Chandigarh News: महिला कोच से इंस्टाग्राम के वैनिश मोड पर चैट करते थे मंत्री संदीप सिंह
जूनियर महिला कोच से छेड़छाड़ करने गलत नीयत से रास्ता रोकने और टी-शर्ट फाड़ने के आरोप में चंडीगढ़ पुलिस में मुकदमा दर्ज होने के बाद हरियाणा के खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने नैतिकता की दुहाई देते हुए भले ही खेल विभाग छोड़ दिया है

चंडीगढ़, जागरण संवाददाता : जूनियर महिला कोच से छेड़छाड़ करने, गलत नीयत से रास्ता रोकने और टी-शर्ट फाड़ने के आरोप में चंडीगढ़ पुलिस में मुकदमा दर्ज होने के बाद हरियाणा के खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने नैतिकता की दुहाई देते हुए भले ही खेल विभाग छोड़ दिया है, लेकिन महिला कोच और विपक्षी दलों के नेता उनके खेल विभाग छोड़ने मात्र से संतुष्ट नहीं हैं। संदीप सिंह पर मंत्री पद छोड़ने का दबाव बढ़ गया है। वहीं, संदीप सिंह ने कहा कि वे चंडीगढ़ पुलिस की एसआइटी और हरियाणा पुलिस की जांच कमेटी को हर तरह का सहयोग देने के लिए तैयार हैं।
खेल के साथ प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग भी है शामिल
संदीप के पास खेल के साथ-साथ प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग भी है, जिसका जिम्मा अभी उनके पास ही है। मंत्री महिला कोच से एक फेक आइडी पर इंस्टाग्राम पर वैनिश मोड में चैट (बात) करते थे। इस बातचीत का कोई रिकार्ड नहीं होता। ऐसा स्वयं महिला कोच ने पुलिस को बताया है। चंडीगढ़ के सेक्टर 26 थाना पुलिस ने महिला कोच की शिकायत पर पांच अलग-अलग धाराओं में संदीप सिंह के विरुद्ध आपराधिक मुकदमा दर्ज किया है। चंडीगढ़ पुलिस की एसआइटी प्रमुख पलक गोयल ने महिला कोच के आरोपों की जांच आरंभ कर दी है, जबकि हरियाणा की एडीजीपी ममता सिंह के नेतृत्व वाली जांच कमेटी भी समानांतर जांच कर रही है। इनेलो नेता अभय चौटाला, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य डा. सुशील गुप्ता व नवीन जयहिंद ने कहा कि उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए।
मुकदमें के बाद इस्तीफा देना बना मजबूरी
महिला कोच का भी यही कहना है कि मंत्री पद पर रहते हुए जांच प्रभावित कर सकते हैं। करीब एक सप्ताह पहले संदीप सिंह पर हालांकि उसी दिन इस्तीफा देने का दबाव था, जिस दिन महिला कोच ने आरोप लगाए थे, लेकिन वह इस्तीफा देने को तैयार नहीं हुए थे। चंडीगढ़ पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करने के बाद खेल विभाग छोड़ना उनकी मजबूरी बन गई थी। संदीप सिंह इस महिला कोच के संपर्क में पिछले साल अप्रैल में आए थे। दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत होती थी। जुलाई में दोनों की नजदीकियां बढ़ी। महिला कोच ने पुलिस को जो जानकारी दी, उसके मुताबिक संदीप सिंह ने उसे इंस्टाग्राम पर वैनिश मोड पर बात करने के लिए कहा। इसके लिए अलग से फेक (गलत) आइडी बनाई गई, जिस पर मंत्री और महिला कोच बात करते थे।
महिला कोच के फ़ोन से होगा चैट रीकवर
इस बातचीत का कोई रिकार्ड उपलब्ध नहीं है। चंडीगढ़ पुलिस की एसआइटी में साइबर सेल के पुलिस अधिकारी रणजीत सिंह व महिला थानाप्रभारी ऊषा रानी भी शामिल हैं। साइबर सेल महिला कोच व मंत्री के मोबाइल से चैट रिकवर करने का प्रयास करेंगे। महिला कोच ने जो मेल विभिन्न अधिकारियों, मंत्रियों व नेताओं को मंत्री के खिलाफ भेजी हैं और डिलीट हो चुकी हैं, उन्हें भी रिकवर किया जाएगा। चूंकि इंस्टाग्राम पर वैनिश मोड में हुई बातचीत को रिकवर नहीं किया जा सकता, यह चुनौती से कम नहीं है।
हरियाणा के मंत्रियों का विवादों से है पुराना नाता
हरियाणा की राजनीति में मंत्रियों का विवादों से पुराना नाता रहा है। निवर्तमान खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह से पहले पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल, बंसीलाल और भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकारों में कई मंत्री विवादों के चलते अपनी कुर्सी गंवा चुके हैं। इनमें प्रो. छत्रपाल सिंह, ओमप्रकाश जैन और गोपाल कांडा शामिल हैं। पूर्व डीजीपी एसपीएस राठौर पर 1990 में 14 साल की टेनिस खिलाड़ी रुचिका गिरहोत्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा था। राठौर पर रुचिका के परिवार को प्रताड़ित करने का भी आरोप था। छेड़छाड़ से तंग आकर रुचिका ने 1993 में आत्महत्या कर ली थी, हालांकि सभी विवादों का बाद में निपटारा हो गया।
महिला आयोग की भूमिका सवालों के घेरे में
दूसरी तरफ, महिला कोच के उत्पीड़न के बाद जांच का सामना कर रहे प्रदेश के निवर्तमान खेल मंत्री के खिलाफ हरियाणा महिला कांग्रेस सोमवार को राज्य महिला अयोग पहुंची। प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया से मुलाकात की। सुधा ने रेणु से कहा कि हरियाणा पुलिस मंत्री को बचाने में जुटी हुई है। प्रकरण में महिला आयोग की भूमिका सवालों के घेरे में है। पीड़िता पंचकूला की है और महिला आयोग का कार्यालय भी पंचकूला में ही है। इंडियन नेशनल लोकदल की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा देवी और प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला ने कहा कि निवर्तमान खेल राज्य मंत्री को तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए। सुनैना चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार मंत्री को बचाने में जुटी है। यदि खेल मंत्री को बर्खास्त नहीं किया गया तो इनेलो पार्टी राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी।
बेटी को न्याय दिलाने के लिए धनखड़ खाप भी उसके समर्थन में
जूनियर महिला कोच से छेड़छाड़ का मामला अब तूल पकड़ रहा है। खेल मंत्री पर चंडीगढ़ में केस भी दर्ज हो गया है, लेकिन उन्होंने अभी तक अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है, केवल अपना विभाग मुख्यमंत्री को सौंपा है। कोच झज्जर जिले के गांव फतेहपुरी से हैं और अब बेटी को न्याय दिलाने के लिए धनखड़ खाप भी उसके समर्थन में आ गई है। गांव डावला में खाप के चबूतरे पर धनखड़ खाप 12 की पंचायत प्रधान युद्धवीर सिंह की अध्यक्षता में हुईं। जिसमें महिला कोच के पिता के साथ दिल्ली डागर खाप के प्रतिनिधि मुख्य रूप से शामिल हुए। ढ़ाई घंटे तक चली पंचायत में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। प्रधान ने पंचायत के बाद कहा कि पीड़िता उनके क्षेत्र के गांव की बेटी है। यहीं वजह है कि खाप पंचायत को उसे न्याय दिलाने के लिए उसके समर्थन में उतरना पड़ा है।
मंत्री की गिरफ्तारी हो वरना बड़ा आंदोलन होगा - खाप पंचायत
उन्होंने कहा कि खेल मंत्री संदीप सिंह का विभाग अब मुख्यमंत्री के पास है जो कि बिल्कुल भी उचित नहीं है। जब तक वह पद पर बने रहेंगे तब तक न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है, इसलिए उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए। अगर शनिवार तक मंत्री को पद से बर्खास्त कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन खाप पंचायतों के स्तर पर किया जाएगा। पंचायत में उपस्थित खाप प्रधानों सहित संगठनों के प्रतिनिधियों ने महिला कोच के साथ छेड़छाड़ की घटना पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़िता ने न्याय के लिए कई बार मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से मिलने की कोशिश की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।
जब मीडिया के समक्ष आवाज उठाई तो जाकर मामले ने न्याय की उम्मीद जगी है। फिलहाल यह पंचायत सलाह मशवरा के लिए हुई है। अगर जरूरत पड़ी तो पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर पंचायत का आयोजन किया जाएगा। सरकार पर मंत्री को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अभी तक सीएम के स्तर पर मामले में कोई भी बयान नहीं आया है। जो कि चिंता का विषय है।
क्या होता है इंस्टाग्राम पर वैनिश मोड
अगर इंस्टाग्राम चैट पर ऐसे मैसेज, फोटो और वीडियो भेजना चाहते हैं, जो कुछ समय के बाद गायब यानी डिसअपियर हो जाएं तो इसके लिए इंस्टाग्राम के वैनिश मोड का इस्तेमाल करना होता है। वैनिश मोड लोगों को इंस्टाग्राम चैट पर एक दूसरे को डिसअपियरिंग मैसेज, फोटो, वीडियो और अन्य संदेश भेजने की सुविधा देता है। इंस्टाग्राम का कहना है कि वैनिश मोड में भेजा गया कंटेंट तब गायब हो जाता है, जब आप चैट से बाहर हो जाते हैं या वैनिश मोड को बंद कर देते हैं।
एक बार वैनिश मोड को एक्टिव कर लेने के बाद गायब होने वाले संदेशों को कापी, सेव या फारवर्ड नहीं किया जा सकता। इसके अलावा जिन अकाउंट से आप पहले कनेक्ट नहीं हुए हैं, वे आपको वैनिश मोड में मैसेज रिक्वेस्ट नहीं भेज सकते हैं। आप दूसरे इंस्टाग्राम अकाउंट से चैट में केवल वैनिश मोड का उपयोग कर सकते हैं। आप इसे ग्रुप चैट में या मैसेंजर या फेसबुक अकाउंट से चैट में इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।