'सांसद-विधायक मुफ्त की सुविधाएं ले सकते हैं तो जनता क्यों नहीं', AAP नेता अशोक तंवर ने CM मनोहर लाल से पूछा
Haryana Politics आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के फ्री वाले आएं तो भगा देने के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गरीबों से कोई सहानुभूति नहीं रखते हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या गरीब मजदूर और साधारण जनता को सांसदों और विधायकों की तरह मुफ्त की सुविधाएं प्राप्त करने का अधिकार नहीं है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के फ्री वाले आएं तो भगा देने के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गरीबों से कोई सहानुभूति नहीं रखते हैं। एक विधायक, मंत्री और सांसद चार हजार यूनिट तक फ्री बिजली लेते हैं, लेकिन अगर किसी गरीब को आम आदमी पार्टी 200 से 300 यूनिट फ्री बिजली देती है तो मुख्यमंत्री और इनके मंत्रियों के पेट में दर्द शुरू हो जाता है।
डा. अशोक तंवर ने कहा कि क्या गरीब, मजदूर और प्रदेश की साधारण जनता को सांसदों और विधायकों की तरह मुफ्त की सुविधाएं प्राप्त करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि आखिर प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार का क्या बिगाड़ा है जो आप फ्री योजनाओं के खिलाफ हैं।
CM @mlkhattar जी जवाब दीजिए?
आप क्यों नहीं चाहते कि
गरीब को मुफ्त बिजली मिले?
गरीब के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले?
गरीब को अच्छे अस्पताल, मुफ्त इलाज मिले?
अगर आपके मंत्रियों को सब फ्री मिल सकता है तो प्रदेश के गरीब वर्ग को क्यों नहीं?
- @Tanwar_Indian-'आप' हरियाणा#AAPHaryana pic.twitter.com/Uy2x33YrLb
— AAP Haryana (@AAPHaryana) July 30, 2023
उन्होंने कहा कि अगर गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए अच्छे अस्पताल बनाना और मुफ्त दवाइयां देना फ्री की रेवड़ी है तो आम आदमी पार्टी यह काम करती रहेगी। अगर अच्छे स्कूल बनाकर गरीबों के बच्चों को फ्री शिक्षा देना भी फ्री की रेवड़ी है तो आम आदमी पार्टी हरियाणा में इन योजनाओं को लागू करेगी।
केंद्र सरकार अपने उद्योगपति दोस्तों के लोन माफ कर दे रही
डा. अशोक तंवर ने कहा कि फ्री की रेवड़ी तो केंद्र सरकार अपने उद्योगपति दोस्तों के लाखों-करोड़ों के लोन माफ कर दे रही है। देश की जनता के हजारों, लाखों करोड़ रुपए पहले तो उद्योगपतियों को लोन के रूप में दे दिए जाते हैं, फिर ना चुकाने पर माफ कर दिए जाते हैं।
लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना किसी भी सरकार की जिम्मेदारी होती है। भाजपा सरकार ने राशन कार्ड काटना, बुजुर्गों की पेंशन काटना, किसानों को फसल का उचित मूल्य ना देना, परिवार पहचान पत्र काटना और पोर्टल के नाम पर प्रदेश की जनता को प्रताड़ित करने का काम किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।