Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Gujarat: सीआर पाटिल ने बनाई 281 सदस्‍यों की जंबो कार्यकारिणी

    Gujarat प्रदेश अध्‍यक्ष सीआर पाटिल ने विविध मोर्चा के अध्‍यक्षों की नियुक्ति की है। पाटिल ने इसमें युवा व अनुभवी चेहरों को जगह दी है। पूर्व मंत्री डॉ मायाबेन कोडनानी महेंद्र त्रिवेदी सहित पार्टी से नाराज चल रहे पूर्व मंत्री जयनारायण व्‍यास को विशेष आमंत्रित में जगह दी गई है।

    By Sachin Kumar MishraEdited By: Updated: Sat, 03 Apr 2021 06:26 PM (IST)
    Hero Image
    गुजरात में सीआर पाटिल ने बनाई 281 सदस्‍यों की जंबो कार्यकारिणी। फाइल फोटो

    अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Gujarat: गुजरात भाजपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले 281 सदस्‍यों वाली जंबो कार्यकारिणी का गठन किया है। प्रदेश अध्‍यक्ष सीआर पाटिल ने एक दिन पहले ही विविध मोर्चा के अध्‍यक्षों की नियुक्ति की है। पाटिल ने इसमें युवा व अनुभवी चेहरों को जगह दी है। पूर्व मंत्री डॉ मायाबेन कोडनानी, महेंद्र त्रिवेदी सहित पार्टी से नाराज चल रहे पूर्व मंत्री जयनारायण व्‍यास को विशेष आमंत्रित में जगह दी गई है। प्रदेश में हाल ही छह महानगर पालिका, 33 जिला पंचायत तथा बडी संख्‍या में नगरपालिका व तहसील पंचायतों पर कब्‍जा जमाने के बाद अब भाजपा अध्‍यक्ष ने प्रदेश संगठन को चुस्‍त-दुरुस्‍त करते हुए जंबो प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया है। इसमें मुख्‍यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्‍यमंत्री नितिन पटेल, शिक्षामंत्री भूपेंद्र सिंह चूडास्‍मा, सहित सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद व विधायक शामिल हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कार्यकारिणी में जामनगर सांसद पूनम माडम, पूर्व मंत्री आई के जाडेजा, पूर्व विधायक महेंद्र मशरु, अहमदाबाद के पूर्व महापौर गौतम शाह, विधायक संगीता पाटिल, विधायक हर्ष संघवी, विधायक झंखना पटेल सहित 79 नेताओं को कार्यकारिणी सदस्‍य नियुक्‍त किया गया है। वहीं, आमंत्रित सदस्‍यों में पूर्व मंत्री डॉ मायाबेन कोडनानी, पूर्व विधायक भरत पंड्या, विहिप नेता चैतन्‍य शंभू महाराज, अहमदाबाद के पूर्व महापौर अमित शाह, वडोदरा के पूर्व महापौर बालक्रष्‍ण शुक्‍ल सहित 150 को शामिल किया गया है। विशेष आमंत्रितों की सूची में कई ऐसे वरिष्‍ठ नेताओं के नाम शामिल हैं, जो लंबे समय से भाजपा से दूर रहे। पूर्वमंत्री जयनारायण व्‍यास ने कुछ दिन पहले इंटरनेट मीडिया पर खुद यह घोषणा की थी कि उन्‍हें किसी राजनीतिक दल का सदस्‍य नहीं माना जाए।

    व्‍यास ने प्रदेश में अपनी पहचान एक अर्थशास्‍त्री, तर्कशास्‍त्री व अध्‍यात्मिक परामर्शदाता के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उनके अलावा अहमदाबाद के ही दत्‍ताजी चिरंदास, मेहसाणा से पूर्व विधायक नारायण लल्‍लू, पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, सूरत के फकीर भाई चौहाण के नाम विशेष आमंत्रितों में हैं, जो लंबे समय से प्रदेश की राजनीति में सक्रिय नहीं हैं। हाल ही स्‍थानीय निकाय चुनाव में प्रचंड सफलता के बावजूद पाटिल ने अपनी जंबो कार्यकारिणी का गठन कर नाराज नेताओं को भी साधने का प्रयास किया है, वहीं विधानसभा की सभी 182 सीट जीतने के लक्ष्‍य को हासिल करने रणनीति का भी यह एक हिस्‍सा है। पाटिल ने एक दिन पहले ही सौराष्‍ट्र राजकोट के प्रशांत कोराट को भाजपा युवा मोर्चा, अहमदाबाद की डॉ दीपिका सरडवा को महिला मोर्चा, सूरत के डॉ मोहसीन लोखंडवाला को अल्‍पसंख्‍यक मोर्चा का अध्‍यक्ष नियुक्‍त किया था। इनके अलावा डॉ प्रध्‍युम्‍न वाजा को अनुसूचित जाति, हर्षद वसावा को अनुसूचित जनजाति, उदय कानगड को अन्‍य पिछडा व हितेश पटेल को किसान मोर्चाका अध्‍यक्ष नियुक्‍त किया था।