यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 23, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गुजरात के मंत्री बलवंत सिंह राजपूत ने CM भूपेंद्र पटेल को पत्र लिखकर कहा- नहीं चाहिए वेतन और सरकारी भत्ता
गुजरात के केबिनेट मंत्री बलवंत सिंह ने निर्णय लिया कि उन्हें मिलने वाला वेतन और भत्ता न दिया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि उन्हें मिलने वाला वेतन व भत्ता वे स्वीकार नहीं करना चाहते हैं इसलिए नियमानुसार कार्यवाही करें।

अहमदाबाद, जेएनएन। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सरकार में केबिनेट मंत्री बलवंत सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बतौर मंत्री मिलने वाला वेतन व भत्ता छोड़ने का निर्णय किया है। गुजरात सरकार में उध्योग, खादी एवं ग्रामोध्योग, नागरिक उड्डयन तथा श्रम - रोजगार मंत्रालय का काम देख रहे केबिनेट मंत्री बलवंत सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया है कि मंत्री के रूप में उन्हें मिलने वाला वेतन व भत्ता वे स्वीकार नहीं करना चाहते हैं इसलिए नियमानुसार कार्यवाही करें।
बता दें कि बलवंत सिंह राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के समधी हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता अहमद पटेल के करीबी रहे राजपूत 2017 में कांग्रेस से इस्तीफा देकर अहमद पटेल के ही खिलाफ राज्यसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा, वो राजपूत विधानसभा में नेता विपक्ष भी रह चुके हैं। बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनाव में में भाजपा ने सातवीं बार जीत दर्ज की। भूपेंद्र पटेल दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं।
यह भी पढ़ें: UP Politics: अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- मैनपुरी माडल ने गुजरात माडल को फेल कर दिया
मंत्रियों की चेम्बर में मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे नागरिक
जनसमस्याओं के निवारण तथा विकास कार्यों के लिए सोमवार व मंगलवार को मंत्रियों से मिलने जाने वाले नागरिक अब अपने साथ मोबाइल मंत्री की चेम्बर में नहीं ले जा सकेंगे। कार्यालय में व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए सरकार ने ऐसा निर्णय किया है। अक्सर नागरिक चेम्बर में मंत्रियों से मिलने के दौरान उनके साथ फोटो व सेल्फी लेने का प्रयास करते हैं साथ ही कई बार मंत्री से बातचीत का वीडियो व ऑडियो बनाकर वायरल करने के भी मामले सामने आए हैं इसलिए सरकार ने मोबाइल मंत्री चेम्बर के बाहर रखवाने का निर्णय किया है।