यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 23, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gujarat: जम्बूसर में स्कूल से लौट रही 6 साल की बच्ची को गाय ने हवा में उछाला, बैग ने बचाई जान; देखें वीडियो
भरूच जिले के जम्बूसर में स्कूल से घर लौट रही एक छात्रा पर गाय ने हमला कर दिया। यह घटना सीसीआटीवी में कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि गाय ने अपने सींगों से मारकर छात्रा को हवा में उछाल दिया।

भरुच, राकेश शुक्ला। गुजरात के कई शहरों में आवारा मवेशी यमराज की तरह बेलगाम घूम रहे हैं। आवारा मवेशी की चपटे में आकर कई लोग अबतक घायल हो चुके हैं। इस बार भरूच जिले के जम्बूसर में स्कूल से घर लौट रही एक छात्रा पर गाय ने हमला कर दिया। यह घटना सीसीआटीवी में कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि गाय ने अपने सींगों से मारकर छात्रा को हवा में उछाल दिया। गनीमत रही कि स्कूल बैग की वजह से बच्ची बाल-बाल बच गई।
छात्रा जम्बूसर के पश्चिमी इलाके में पिकाश महादेव रोड पर हाउसिंग बोर्ड हाउस में रहती है। जानकारी के मुताबिक, वो घर के नजदीक ही एक स्कूल में पढ़ती है। आज भी वह स्कूल से घर जा रही थी तभी एक गाय उसकी ओर बढ़ी और सींग को बैग में भरकर लड़की को हवा में उछाल दिया। स्कूल बैग की वजह से बच्ची को गंभीर चोट नहीं आई। नीचे गिरने के बाद बच्ची उठकर घर की ओर भाग गई। इसके बाद गाय ने अन्य छात्रों को निशाने बनाने की भी कोशिश की।