विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gujarat: भाजपा नेता के बेटे की हत्या करने वाला आरोपित बाबर पठान गिरफ्तार, पुलिस ने उसके चार साथियों को भी पकड़ा

Published: Thu, 21 Nov 2024 12:00 AM (IST)

गुजरात के वडोदरा में भाजपा नेता के पुत्र की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में हिस्ट्रीशीटर बाबर हबीब ...और पढ़ें

भाजपा नेता के बेटे की हत्या करने वाला आरोपित बाबर पठान गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
भाजपा नेता के बेटे की हत्या करने वाला आरोपित बाबर पठान गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)

 राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। गुजरात के वडोदरा में भाजपा नेता के पुत्र की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में हिस्ट्रीशीटर बाबर हबीब खान पठान सहित पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह हत्या उस समय हुई थी, जब जुआ की राशि के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद भाजपा नेता का पुत्र घायल साथियों का हाल जानने अस्पताल गया था।

कैंटीन के पास आरोपित ने किया था हमला

वडोदरा के नागरवाडा मेहतावाड़ी में जुआ की रकम को लेकर गत रविवार रात में बाबर पठान और विक्रम परमार में पहले कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों ओर से चाकूबाजी भी हुई। इसमें विक्रम परमार बुरी तरह से घायल हो गया था। उसे सयाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उधर, इस विवाद में घायल बाबर को भी उपचार के लिए इसी अस्पताल में लाया गया था।

बाबर ने तपन को चाकू से गोद कर बुरी तरह से घायल कर दिया

देर रात्रि वडोदरा के भाजपा नेता व महानगर पालिका के पूर्व पार्षद रमेश परमार का पुत्र तपन परमार अपने दो मित्रों के साथ अस्पताल में विक्रम का हाल जानने पहुंचा था। इसी दौरान अस्पताल की कैंटीन के पास बाबर व उसके साथियों ने हमला कर दिया। बाबर ने तपन को चाकू से गोद कर बुरी तरह से घायल कर दिया।

अस्पताल परिसर में हुई इस वारदात के दौरान नजदीक ही सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। तपन के एक साथी मितेश राजपूत ने पुलिस को बताया कि वह और तपन अस्पताल की कैंटीन की ओर चाय पीने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाबर के साथियों ने उसे पकड़ लिया।

बाबर व उसके चार साथियों की पुलिस ने गिरफ्तार किया

बाबर ने तपन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किया। पुलिस ने इस मामले में बाबर पठान, उसके साथ खड़ी शबनम, साबिर, शोएब मंसूरी, वसीम मंसूरी, सलमान उर्फ सोनु पठान, मेहबूब पठान, ऐजाज अहमद तथा दो अन्य को आरोपित बनाया है। बाबर व उसके चार साथियों की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाबर एक आदतन अपराधी है। पुलिस डायरी में वह हिस्ट्रीशीटर है। वह जुआ के अड्डे चलाता है तथा पैसों की वसूली भी करता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।