Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Gujarat BJP President: सीआर पाटिल बने गुजरात भाजपा के अध्‍यक्ष

    By Sachin Kumar MishraEdited By:
    Updated: Mon, 20 Jul 2020 05:22 PM (IST)

    CR Patil नवसारी से सांसद चुने गए सीआर पाटिल गुजरात में राजनीति के तगड़े खिलाड़ी माने जाते हैं। पाटिल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है।

    Gujarat BJP President: सीआर पाटिल बने गुजरात भाजपा के अध्‍यक्ष

    अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। CR Patil: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर सबको चौकाते हुए तमाम राजनीतिक पंडितों की भविष्‍यवाणी को धता बताते हुए नवसारी सांसद सीआर पाटिल को गुजरात भाजपा का अध्‍यक्ष बना दिया है। पाटिल निवर्तमान अध्‍यक्ष जीतूभाई वाघाणी का स्‍थान लेंगे। गुजरात में पटेल वर्सेज पाटिल का मुकाबला होने की अभी से राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। नवसारी से सांसद चुने गए सीआर पाटिल गुजरात में राजनीति के तगड़े खिलाड़ी माने जाते हैं। पाटिल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है। सोमवार को भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने गुजरात भाजपा अध्‍यक्ष के पद पर सांसद सीआर पाटिल को नियुक्‍त किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुजरात कांग्रेस में हाल ही पाटीदार युवा नेता हार्दिक पटेल को कार्यकारी अध्‍यक्ष बनाकर एक नया प्रयोग किया, जिसके साथ भाजपाने भी अब एक मराठी चेहरे को उतारकर नया प्रयोग करने की कोशिश की है। सीआर पाटिल की छवि एक कर्मठ नेता व कुशल बिजनेसमेन की रही है। दक्षिण गुजरात में उनकी अच्‍छी पकड़ मानी जाती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत काशीराम राणा के बाद पहली बाद दक्षिण गुजरात का कोई नेता गुजरात अध्‍यक्ष का पद संभालेगा। हालांकि कांग्रेस ने हार्दिक पटेल को कार्यकारी अध्‍यक्ष बनाया है। अध्‍यक्ष के पद पर अमित चावड़ा अभी भी मौजूद हैं लेकिन गुजरात के राजनीतिक गलियारों व स्‍थानीय मीडिया में अब प्रदेश में पटेल विरुद्ध पाटिल के मुकाबले की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

    गुजरात में आठ विधानसभा सीटों पर अगले माह उपचुनाव की संभावना है। कांग्रेस ने इसीलिए हार्दिक को अहम ओहदे पर बिठाया, ताकि सौराष्‍ट्र की पांच सीटों पर पाटीदार मतदाताओं को रिझाया जा सके। भाजपा ने सीआर पाटिल को लाकर प्रदेश की राजनीति में नए संकेत दिए हैं। पार्टी के इस फैसले से अब मुख्‍यमंत्री विजय रूपाणी को बदले जाने की भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। गुजरात की राजनीति के जानकारों का मानना है कि भाजपा ने राज्‍य में किसी बड़े राजनीतिक बदलाव के संकेत दिए हैं। प्रदेश अध्‍यक्ष पद पर किसी मराठी चेहरे को लेकर भाजपा कुछ नया प्रयोग करने के मूड में है। उधर, कांग्रेस का खेमा इस बात से खुश है कि भाजपा ने किसी गुजराती चेहरे को अध्‍यक्ष बनाने के बजाए मराठी को अध्‍यक्ष का पदभार सौंपा। कांग्रेस इसमें अपना छिपा हित भी दिखाने से परहेज नहीं कर पा रही है।