खेलों में अच्छा करने के लिए बढ़ानी होगी लोगों की भागीदारी : सुनील छेत्री
भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान सुनील छेत्री ने देश में फुटबॉल की गिरती रैंकिंग और स्ट्राइकर्स की कमी जैसी चुनौतियों पर बात की।

सुनील क्षेत्री ने भारतीय फुटबॉल की चुनौतियों पर की बात

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय फुटबॉल में इस वक्त काफी कुछ चल रहा है। गिरती रैंकिंग, प्रशासनिक अनिश्चितता और कमजोर अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन जैसी समस्याएं तो हैं ही, लेकिन इन सबसे इतर भारतीय फुटबॉल की सबसे बड़ी समस्या युवा खिलाड़ियों का आगे चलकर और बेहतर ना हो पाना तथा राष्ट्रीय टीम के लिए स्ट्राइकर्स की कमी है।
स्पोर्ट्सवियर कंपनी स्केचर्स के कार्यक्रम के दौरान भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान सुनील छेत्री से सूरज पांडेय ने भारतीय फुटबॉल की चुनौतियों पर हमसे बात की। पेश हैं प्रमुख अंशः-
भारतीय फुटबाल को बड़े स्तर पर बेहतर करने के लिए क्या करना चाहिए?
भागीदारी। ना सिर्फ फुटबॉल बल्कि तमाम खेलों में लोगों की भागीदारी को बहुत बड़े स्तर पर बढ़ाना होगा। स्कूलों में फिजिकल ट्रेनिंग की कक्षाओं की संख्या बढ़ानी होगी। खेलों को हमें महत्वपूर्ण दर्जा देना होगा। इससे ना केवल भारतीय फुटबॉल बल्कि पूरे देश की खेल संस्कृति बदल जाएगी।
अपने पूरे करियर को पलटकर देखें तो आपके हिसाब से क्या अच्छा रहा और कौन सी चीज और बेहतर हो सकती थी?
मुझे इन चीजों का और आनंद लेना चाहिए था। मैं फुटबॉल को लेकर कुछ ज्यादा ही गंभीर था। अपने पूरे करियर में मुझे सबसे अच्छा ये लगता है कि मैंने हमेशा आदर्श बनने की कोशिश की।
कोशिश यही रही कि भाषण कम दूं और अपने व्यवहार से चीजें बदलूं। अगर मुझे ड्रेसिंग रूम में कोई बदलाव लाना है तो कोशिश यही रही कि सबसे पहले वो खुद करूं और ऐसा करने का फायदा ये रहता है कि लोग खुद ही फालो कर लेते हैं, बोलना कम पड़ता है।
करियर में पीछे मुड़कर देखता हूं तो लगता है कि आनंद लेना चाहिए था, इतना भी गंभीर नहीं रहना चाहिए था। थोड़ा और मजा करना चाहिए था।
भारतीय फुटबॉल को आने वाले दिनों में जिस भरोसेमंद स्ट्राइकर की जरूरत है, उसे कौन पूरा कर सकता है?
रहीम अली, रायन विलियम्स, मनवीर सिंह और सुहैल अहमद भट ये चार नाम इस जरूरत को पूरा कर सकते हैं, हालांकि इन्हें अभी सबसे पहले ये कोशिश करनी होगी कि ये जिस भी क्लब में खेल रहे हैं वहां स्ट्राइकर के रूप में अपने लिए मौके बनाएं।
फुटबॉल में कई बार परिस्थितियों के चलते खिलाड़ियों को स्ट्राइकर की जगह विंग्स पर खेलना पड़ता है और ऐसे में हिम्मत नहीं हारनी है। मेरी जब भी बात होती मैं इन्हें यही सलाह देता कि कोशिश करते रहें, अपनी दावेदारी बनाए रखें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।