विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चैंपियंस लीग: एमबापे- बेलिंगहम रहे जीत के 'हीरो', रीयल मैड्रिड को मिली शानदार जीत

Published: Thu, 26 Nov 2026 02:05 PM (IST)

इस सीजन में चैंपियंस लीग के लीग चरण में रीयल मैड्रिड की लगातार पांचवीं जीत थी। सभी प्रतियोगिताओं को मिलाकर टीम ने लगातार 10वां मुकाबला जीता

रीयल मैड्रिड

रीयल मैड्रिड 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

एपी: जूड बेलिंगहम के शानदार गोल ने चैंपियंस लीग में रीयल मैड्रिड की वापसी को यादगार बना दिया। बेलिंगहम के मैदान पर उतरते ही मैड्रिड के खेल में नई जान आ गई और टीम ने पीएसवी आइंडहोवन को 5-1 से करारी शिकस्त दी। शुरुआती एकादश में जगह नहीं मिलने के बाद बेलिंगहम दूसरे हाफ में मैदान पर उतरे। सैंटियागो बर्नब्यू स्टेडियम में उन्होंने शानदार गोल करके टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

कोच जोस मोरिन्हो ने कहा कि बेलिंगहम की उपलब्धता टीम की वापसी में निर्णायक साबित हुई। मोरिन्हो ने कहा कि जाहिर है कि जूड अलग तरह के खिलाड़ी हैं। उन्होंने हमें वह दिया, जिसकी पहले हाफ में कमी थी। उन्होंने खेल का रुख बदल दिया और अविश्वसनीय गोल किया।

मैड्रिड के लिए बेलिंगहम का सातवां गोल

बेलिंगहम ने 60वें मिनट में शानदार गोल किया। उन्होंने पहले बाएं पैर से गेंद को हवा में उछाला और फिर दाएं पैर से उसे संभालते हुए उसी पैर के बाहरी हिस्से से ऐसा शाट लगाया कि गेंद घूमती हुई गोलपोस्ट के दूर वाले कोने में चली गई। इस सीजन में मैड्रिड के लिए बेलिंगहम का यह सातवां गोल था। उन्होंने मुकाबले के आखिरी मिनटों में विनीसियस जूनियर के गोल में भी मदद की।

मैड्रिड के फेडेरिको वाल्वेर्दे ने बेलिंगहम की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। हम विपक्षी मिडफील्डरों के पीछे गेंद को अपने कब्जे में रखने के लिए संघर्ष कर रहे थे। जूड के आने से हमें गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने में मदद मिली।

मोरिन्हो ने बताया कि पिछले मैच के बाद बेलिंगहम थकान महसूस कर रहे थे। इसलिए उन्होंने उन्हें आराम देने का फैसला किया था। मोरिन्हो ने हाफ टाइम में दो अन्य बदलाव भी किए। उन्होंने डीन हुइजसन और इब्राहिमा कोनाटे को मैदान पर उतारा। उनके अनुसार, दूसरे हाफ में बेहतर प्रदर्शन के लिए टीम की मानसिकता में बदलाव भी अहम रहा।

रीयल मैड्रिड की लगातार पांचवीं जीत

यह इस सीजन में चैंपियंस लीग के लीग चरण में रीयल मैड्रिड की लगातार पांचवीं जीत थी। सभी प्रतियोगिताओं को मिलाकर टीम ने लगातार 10वां मुकाबला जीता। पीएसवी ने 32वें मिनट में इवान पेरिसिच के पेनाल्टी गोल से बढ़त बनाई थी। इसके बाद 50वें मिनट में वाल्वेर्दे ने बराबरी का गोल किया। एमबापे ने 64वें और 84वें मिनट में गोल दागे, जबकि विनीसियस ने 87वें मिनट में गोल करके स्कोर 5-1 कर दिया। मैड्रिड के लिए इस सीजन में विनीसियस का यह केवल दूसरा गोल था। उन्होंने अगस्त के बाद पहली बार गोल किया।

एमबापे ने चैंपियंस लीग में पूरे किए 75 गोल

काइलियन एमबापे ने इस सीजन में चैंपियंस लीग में रीयल मैड्रिड की पांचों जीत में गोल किया है। उनके नाम इस प्रतियोगिता में कुल छह गोल हैं। सभी प्रतियोगिताओं को मिलाकर उन्होंने मैड्रिड के लिए 18 मैचों में 19 गोल किए हैं। यूईएफए के अनुसार, एमबापे चैंपियंस लीग में 75 गोल पूरे करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इस उपलब्धि तक पहुंचने में उन्होंने 103 मैच खेले। इस मामले में वह सबसे कम मैचों में 75 गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में लियोन मेसी और राबर्ट लेवांडोवस्की के बाद तीसरे स्थान पर हैं। 27 वर्षीय एमबापे ने चैंपियंस लीग में लगातार सात मैचों में गोल किया है। इसमें पिछले सीजन के फाइनल के आखिरी दो मुकाबले भी शामिल हैं। वह लगातार सात चैंपियंस लीग मैचों में गोल करने वाले पहले फ्रांसीसी खिलाड़ी हैं।

 

यह भी पढ़ें- 11 लोगों को विज्ञापन से बुलाया और शुरू कर दिया फुटबॉल क्लब; जानें बार्सिलोना के शुरुआत की दिलचस्प कहानी

यह भी पढ़ें- बाइचुंग भुटिया समेत 15 पूर्व खिलाड़ियों ने AIFF अध्यक्ष कल्याण चौबे के विरुद्ध खोला मोर्चा, केंद्रीय खेल मंत्री को लिखा पत्र

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।