विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाइचुंग भुटिया समेत 15 पूर्व खिलाड़ियों ने AIFF अध्यक्ष कल्याण चौबे के विरुद्ध खोला मोर्चा, केंद्रीय खेल मंत्री को लिखा पत्र

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:35 PM (IST)

बाइचुंग भुटिया समेत 15 पूर्व खिलाड़ियों ने एआइएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे के खिलाफ केंद्रीय खेल मंत्री को पत्र लिखा है।

बाइचुंग भुटिया समेत 15 पूर्व खिलाड़ियों ने कल्याण चौबे के खिलाफ लिखा पत्र (फोटो-Indian Football League)

बाइचुंग भुटिया समेत 15 पूर्व खिलाड़ियों ने कल्याण चौबे के खिलाफ लिखा पत्र (फोटो-Indian Football League)

HighLights

  1. बाइचुंग भुटिया सहित 15 पूर्व खिलाड़ियों ने खेल मंत्री को पत्र लिखा।

  2. एआइएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे के विरुद्ध नेतृत्व परिवर्तन की मांग।

  3. भारतीय फुटबॉल के गिरते स्तर और फीफा रैंकिंग में गिरावट पर चिंता।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बाइचुंग भुटिया समेत 15 पूर्व खिलाड़ी अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआइएफएफ) के वर्तमान अध्यक्ष कल्याण चौबे के विरुद्ध खुलकर सामने आ गए हैं।

उन्होंने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर एआइएफएफ के वर्तमान नेतृत्व में बदलाव के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपने का अनुरोध किया है, जिसका खेल प्रशासन में बेहतर काम करने का प्रमाणित अनुभव हो।

कल्याण चौबे के खिलाफ केंद्रीय खेल मंत्री को लिखा पत्र

पत्र में बाइचुंग के अलावा दीपक मंडल, अरिंदम भट्टाचार्य, रेनेडी सिंह, अनवर अली, धनचंद्र सिंह, सतीश भारती, अल्विटो डी'कुन्हा, मनजीत सिंह, बलवंत सिंह, सहनाज सिंह, करणजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, बलदीप सिंह और हरमंजोत सिंह खाबड़ा के हस्ताक्षर हैं।

गत 17 नवंबर को लिखे गए इस पत्र में पूर्व खिलाड़ियों ने भारतीय फुटबॉल की मौजूदा स्थिति को बेहद खराब बताते हुए कहा है कि कल्याण चौबे और मौजूदा कार्यकारिणी के कार्यकाल में भारतीय फुटबॉल का स्तर लगातार गिरा है।

तीन वर्षों में फीफा विश्व रैंकिंग में भारत 95वें स्थान से खिसककर 138वें स्थान पर पहुंच गया। पत्र लिखे जाने के समय भारतीय टीम 138वें स्थान पर थी, जबकि ताजा रैंकिंग में वह 141वें स्थान पर है।

पूर्व खिलाड़ियों ने एआइएफएफ पर देश की शीर्ष फुटबॉल लीग का सुचारु आयोजन नहीं कर पाने का भी आरोप लगाया है। पत्र में आगे कहा गया कि गंभीर वित्तीय संकट के बावजूद ब्राजील, उरुग्वे और पनामा जैसी टीमों के साथ मुकाबले आयोजित करने पर भारी खर्च किया गया।

भारत को पहली बार आयोजित होने वाले फीफा आसियान कप में खेलने का अवसर भी गंवाना पड़ा। उल्लेखनीय है कि एआइएफएफ की नई कार्यकारिणी के लिए 20 दिसंबर को चुनाव होने हैं।

यह भी पढ़ें- बंगाल के तीस्ता पुल पर एक्सीडेंट में तीन बाइक सवार दोस्तों की मौत, ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।