विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल के तीस्ता पुल पर एक्सीडेंट में तीन बाइक सवार दोस्तों की मौत, ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:37 PM (IST)

जलपाईगुड़ी-मयनागुड़ी मार्ग पर तीस्ता नदी पुल पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। 

जलपाईगुड़ी के तीस्ता पुल पर सड़क हादसा। (फोटो- AI जेनरेटेड)

जलपाईगुड़ी के तीस्ता पुल पर सड़क हादसा। (फोटो- AI जेनरेटेड)

जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। जलपाईगुड़ी-मयनागुड़ी मार्ग पर स्थित तीस्ता नदी पुल पर गुरुवार की आधी रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई।

तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27 पर मयनागुड़ी की ओर पुल के अंतिम छोर के पास हुआ।

दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान रीजू मंडल (22), रोहन राय (22) और सत्य केरानी (23) के रूप में हुई है। तीनों जलपाईगुड़ी के खड़िया ग्राम पंचायत अंतर्गत विवेकानंद पल्ली के निवासी थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के बाद बाइक और उसके तीनों सवार पुल पर अलग-अलग गिरे पड़े थे।

वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मयनागुड़ी और जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने दोनों मृतकों और गंभीर रूप से घायल युवक को बरामद किया। घायल को मयनागुड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए तीस्ता पुल पर वाहनों की आवाजाही भी बंद हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से गुजर रहे ट्रक चालक शमीम मोल्ला ने बताया कि वे हरिद्वार से कूचबिहार जा रहे थे।

उनके अनुसार, मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक तेज गति से उनके वाहन को ओवरटेक कर आगे निकले थे। जब वे तीस्ता पुल पर पहुंचे तो तीनों युवक सड़क पर गिरे पड़े थे। हालांकि, उन्होंने दुर्घटना होते हुए नहीं देखा। इसलिए हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।