विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 24, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

La Liga: एल्गेजाबल के आत्मघाती गोल से जीता बार्सिलोना, लेवांटे को 3-2 से हराकर गत चैंपियन का विजयी अभियान जारी

By Agency Edited By: Umesh Kumar
Published: Sun, 24 Aug 2025 08:31 PM (GMT+05:30)

बार्सिलोना ने दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में मेजबान टीम ...और पढ़ें

La Liga Barcelona won, फोटो- सोशल मीडिया
La Liga Barcelona won, फोटो- सोशल मीडिया

 बार्सिलोना, एपी। बार्सिलोना ने दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में मेजबान टीम लेवांटे पर 3-2 से जीत दर्ज करके अपना विजय अभियान जारी रखा। इस शीर्ष लीग में जगह बनाने वाले लेवांटे ने हाफटाइम तक दो गोल की बढ़त हासिल करके सबको चौंका दिया।

हालांकि, गत चैंपियन बार्सिलोना को दूसरे हाफ में पेड्री गोंजालेज और फेरान टोरेस ने बराबरी दिलाई। अतिरिक्त समय में लामिने यमाल ने क्रास पर लेवांटे के उनाई एल्गेजाबल ने गेंद को अपने ही नेट में पहुंचा दिया। यह आत्मघाती गोल आखिर में निर्णायक साबित हुआ। इससे पहले लेवांटे के स्ट्राइकर इवान रोमेरो ने 15वें मिनट में मैच का पहला गोल दागा।

जोस लुइस मोरालेस ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में पेनाल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया था। लीग के एक अन्य मुकाबले में एटलेटिको मैड्रिड लगातार दूसरे मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया। उसने एल्चे के साथ 1-1 से ड्रॉ खेलकर लीग में अपनी बढ़त गंवा दी। वहीं मालोर्का को भी सेल्टा विगो के साथ 1-1 से ड्रा खेल कर अंक बांटने पड़े।

आर्सेनल ने लीड्स को 5-0 से रौंदा

वहीं, दूसरी ओर इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में शनिवा रात आर्सेनल ने लीड्स को 5-0 से रौंद डाला। जुरियन टिंबर ने 34वें मिनट में कार्नर से गोल किया, जिसके बाद बुकायो साका ने हाफटाइम के पहले गोल करके घरेलू टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। विक्टर ग्योकेरेस ने 48वें मिनट में आर्सेनल के लिए अपना पहला गोल दागा।

इसके बाद टिंबर ने अपना दूसरा गोल किया। मैक्स डाउमैन ने बेंच से उतरते हुए दूसरे हाफ में शानदार प्रदर्शन किया। वह 15 साल और 235 दिन की उम्र में एथन नवानेरी के बाद आर्सेनल के लिए खेलने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। इस किशोर खिलाड़ी ने स्टापेज टाइम में अपनी टीम के लिए पेनाल्टी हासिल की, जिसे ग्योकेरेस ने गोल में बदला।

अन्य मुकाबले में डांगो औटारा ने अपने पहले मैच में गोल करके ब्रेंटफोर्ड को एस्टन विला पर 1-0 से जीत दिलाई। वहीं बोर्नमाउथ ने वाल्वरहैम्प्टन पर 1-0 की जीत के साथ अंक तालिका में अपना खाता खोला।

आर्सेनल ने एजे से 703 करोड़ में किया करार

आर्सेनल ने ट्रांसफर विंडो के अंत में इंग्लैंड के फारवर्ड एबेरेची एजे को अनुबंधित किया है। जानकारी के अनुसार क्रिस्टल पैलेस के एजे 60 मिलियन पाउंड (लगभग 703 करोड़ रुपये) की शुरुआती फीस के साथ आर्सेनल से जुड़े हैं। इस तरह ट्रांसफर विंडो में आर्सेनल का खर्च लगभग 250 मिलियन पाउंड (लगभग 2929 करोड़ रुपये) हो गया है, जो पूरे यूरोपीय फुटबॉल में लिवरपूल के बाद दूसरा सबसे बड़ा खर्च है।

27 वर्षीय एजे ने आर्सेनल में युवा टीम के खिलाड़ी के रूप में कुछ साल बिताए थे। पिछले सीजन में एजे ने एफए कप फाइनल में विजयी गोल दागा था, जिसमें पैलेस ने मैनचेस्टर सिटी को 1-0 से हराकर पहली बार यूरोपीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था।