SAFF Championship: इतिहास में पहली बार फाइनल में भारत-पाकिस्तान की टक्कर, खिताबी हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया
गत चैंपियन भारतीय फुटबॉल टीम मंगलवार को सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगी, जहां उसकी नजर 10वें और लगातार तीसरे खिताब पर है।

इंडिया वर्सेस पाकिस्तान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, ढाका। गत चैंपियन भारतीय फुटबॉल टीम मंगलवार को सैफ (दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ) चैंपियनशिप के फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगी। भारत की नजर अपने 10वें और लगातार तीसरी बार खिताब जीतने पर होगी। ग्रुप चरण के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 3-2 से हराया था।
हालांकि, उसके बाद पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार फाइनल में जगह बनाई। उसने शनिवार को मेजबान बांग्लादेश को 1-0 से हराया। पाकिस्तान इससे पहले चार बार सेमीफाइनल तक पहुंचा था।
भारत ने अब तक 9 बार जीती ट्रॉफी
भारत इस प्रतियोगिता में सर्वाधिक नौ खिताब जीत चुका है। उसने 1993, 1997, 1999, 2005, 2009, 2011, 2015, 2021 और 2023 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस बार दूसरे दर्जे की टीम उतारने के बावजूद भारत को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
भारत केवल एक बार 2003 में फाइनल तक पहुंचने में विफल रहा था। मुख्य कोच नौशाद मूसा ने फाइनल में पहुंचने का श्रेय खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सामूहिक प्रयास को दिया। उन्होंने कहा कि टीम ने कई तरह की चुनौतियों के बावजूद जज्बा, जुझारूपन और मुकाबले की इच्छाशक्ति दिखाई।
फाइनल में भारत-पाकिस्तान का सामना पहली बार
मूसा के अनुसार, ग्रुप चरण के बाद विदेशों में खेलने वाले कई खिलाड़ियों के जुड़ने से पाकिस्तान की टीम मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि फाइनल में पाकिस्तान की टीम पहले से काफी अलग होगी और पिछले मुकाबले का विश्लेषण कर पूरी तैयारी से उतरेगी। सीनियर स्तर पर दोनों देशों के बीच अब तक 30 मुकाबले हुए हैं। भारत ने 17 और पाकिस्तान ने चार मैच जीते, जबकि नौ मुकाबले ड्रॉ रहे। सीनियर सैफ चैंपियनशिप के इतिहास में दोनों टीमें पहली बार फाइनल में आमने-सामने होंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।