Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Fifa World Cup: पुर्तगाल ने विश्व कप में बनाई जगह, 5वां विश्व कप खेलेंगे क्रिस्टियानो रोनाल्डो

    By Viplove KumarEdited By:
    Updated: Wed, 30 Mar 2022 11:17 PM (IST)

    ब्रुनो फर्नाडेस के दो गोल की मदद से पुर्तगाल ने यूरोपीय प्लेआफ में उत्तरी मेसेडोनिया को 2-0 से हराकर कतर में इस साल के आखिर में होने वाले फुटबाल विश्व ...और पढ़ें

    Hero Image
    FIFA World Cup 2022 Portugal qualify for World Cup

    वाशिंगटन, एपी। ब्रुनो फर्नाडेस के दो गोल की मदद से पुर्तगाल ने यूरोपीय प्लेआफ में उत्तरी मेसेडोनिया को 2-0 से हराकर कतर में इस साल के आखिर में होने वाले फुटबाल विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया। इस तरह पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को विश्व कप जीतने का एक और मौका मिलेगा। कतर में 21 नवंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में मेजबान सहित 32 टीम भाग लेंगी जिनमें से अभी तक 27 टीम ने क्वालीफाई कर लिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विश्व कप के ड्रा शुक्रवार को निकाले जाएंगे। पुर्तगाल की जीत से ड्रा के लिए पहली आठ टीम कतर, अर्जेंटीना, बेल्जियम, ब्राजील, इंग्लैंड, फ्रांस, पुर्तगाल और स्पेन तय हो गई हैं। क्रोएशिया, डेनमार्क, जर्मनी, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड और उरुग्वे वरीयता की दूसरी श्रेणी में शामिल हैं। इनके साथ मैक्सिको या अमेरिका में से किसी एक टीम को शामिल किया जाएगा। इससे पहले, सभी की निगाहें उत्तरी मेसेडोनिया पर टिकी थी जिसने पिछले सप्ताह इटली को 1-0 से हराकर विश्व कप से बाहर कर दिया था।

    पुर्तगाल के खिलाफ हालांकि वह उलटफेर नहीं कर पाया। पुर्तगाल ने कुल आठवीं और लगातार छठी बार विश्व कप में जगह बनाई। पुर्तगाल के लिए ब्रुनो फर्नाडेस ने रोनाल्डो के पास पर 32वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई जो पहले हाफ तक बरकरार रही। इसके बाद फर्नाडेस ने 65वें मिनट में डिओगो जोता के पास पर एक और गोल कर टीम की बढ़त मजबूत कर दी। पुर्तगाल ने अंतिम सीटी बजने तक इस बढ़त को कायम रखा और उत्तरी मेसेडोनिया को गोल करने का मौका नहीं दिया।

    पेरू ने विश्व कप प्लेआफ में जगह बनाई

    पेरू ने दक्षिण अमेरिकी विश्व कप क्वालीफायर के आखिरी दौर के मैच में पराग्वे को 2-0 से हराकर अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रहकर अंतरमहाद्वीपीय प्लेआफ में अपनी जगह सुरक्षित की। पेरू के लिए जियानलुका लापादुला ने पांचवें और योशिमार योटुन ने 42वें मिनट में गोल किया। पेरू को पांचवां स्थान हासिल करने के लिए केवल जीत की जरूरत थी। वह अब जून में अंतरमहाद्वीपीय प्लेआफ में आस्ट्रेलिया या संयुक्त अरब अमीरात से भिड़ेगा। ब्राजील, अर्जेंटीना, उरुग्वे और इक्वाडोर दक्षिण अमेरिका से पहले ही विश्व कप में अपनी जगह सुरक्षित कर चुके हैं।