Europa League: बोर्नमाउथ का विजयरथ बरकरार, दर्ज की लगातार सातवीं जीत; एसी मिलान को लगा झटका
बोर्नमाउथ ने यूरोपा लीग में लगातार सातवीं जीत दर्ज की है। वहीं एसी मिलान को अपने मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है।

बोर्नमाउथ की लगातार सातवीं जीत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्राग, एपी। बोर्नमाउथ ने यूरोपा लीग में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए स्पार्टा प्राग को उसके घरेलू मैदान पर 3-1 से हराया। इस जीत के साथ इंग्लिश क्लब ने अपने पहले यूरोपीय अभियान में लगातार सातवीं जीत दर्ज की।
वहीं, एसी मिलान को सैन सिरो में फेरेंकवारोस ने 0-2 से चौंका दिया। मार्सेई ने भी बायर लेवरकुसेन को 1-0 से हराया। लीग चरण में चार मुकाबलों के बाद बोर्नमाउथ के अलावा केवल बेनफिका और फेरेंकवारोस ही अपना शत-प्रतिशत जीत का रिकार्ड कायम रख सके।
0-1 से थे फिर वापसी कर जीता मैच
बेनफिका ने लेच पोजनान को 3-1 से मात दी। स्पार्टा प्राग के एब्रिमा सिंहाटेह ने अपने ही हाफ से शानदार व्यक्तिगत प्रयास के बाद गोल कर मेजबान टीम को बढ़त दिलाई। तीन मिनट बाद स्पार्टा के डिफेंडर टोबियास गुड्डाल को दूसरा येलो कार्ड मिला और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
दूसरे हाफ में अमेरिकी मिडफील्डर टायलर एडम्स ने बाक्स के बाहर से गोल कर बोर्नमाउथ को बराबरी दिलाई। एवेनिलसन ने नौ मिनट शेष रहते टीम को बढ़त दिलाई, जबकि रयान ने अंतिम मिनट में लंबी दूरी से गोल कर जीत पक्की की। इससे पहले लुइस कुक का पेनाल्टी शाट पोस्ट से टकराया था।
मिलान की उम्मीदों पर फिरा पानी
सैन सिरो में लेनी जोसेफ ने दूसरे हाफ में 14 मिनट के भीतर दो गोल किए। उन्होंने गोलकीपर लोरेंजो टोरियानी की गलती का फायदा उठाकर पहला गोल किया और फिर जवाबी हमले पर दूसरा गोल दागा। 77वें मिनट में फेरेंकवारोस के बामिडेले यूसुफ को रेड कार्ड मिला, लेकिन मिलान इसका लाभ नहीं उठा सका।
चार मैचों के बाद मिलान के खाते में केवल तीन अंक हैं। अन्य मुकाबलों में लियोन और रीयल सोसिएदाद ने 1-1 से ड्रा खेला। एंडरलेख्ट ने साल्जबर्ग को 2-0 से हराया। क्रिस्टल पैलेस ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए इंजरी टाइम में दाइची कामादा के गोल से हाफेनहाइम के खिलाफ 1-1 की बराबरी की।
युवेंटस ने एजेड अल्कमार को 2-1 से हराया। ट्यून कूपमाइनर्स ने अपने पूर्व क्लब के विरुद्ध गोल किया। उनके भाई पीयर अल्कमार के कप्तान हैं। सेल्टिक ने बेसिकटास को 3-2 से मात दी। मार्सेई ने लेवरकुसेन को हराकर जर्मन क्लब को प्रतियोगिता में पहली बार गोल खाने पर मजबूर किया। दिनामो जागरेब ने सुंडरलैंड को 2-0 से हराया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।