विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 18, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Fact Check : मराठा मोर्चा द्वारा मुंबई में निकाली गई रैली के वीडियो को कर्नाटक हिजाब विवाद से जोड़कर किया जा रहा शेयर

By Sanjeev TiwariEdited By:
Published: Fri, 18 Feb 2022 01:35 PM (IST)

एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कर्नाटक में हजारों छात्रों ने मिलकर रैली निकाली जो ...और पढ़ें

सोशल मीडिया पर एक मिनट दो सेकेंड का फर्जी वीडियो वायरल हो रहा
सोशल मीडिया पर एक मिनट दो सेकेंड का फर्जी वीडियो वायरल हो रहा

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। सोशल मीडिया पर एक मिनट दो सेकेंड के एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कर्नाटक में हजारों छात्रों ने मिलकर रैली निकाली, जो भगवा रंग में दिख रही है। वीडियो में एक फ्लाईओवर पर रैली निकालते हुए जनसैलाब को देखा जा सकता है। इस वीडियो को कर्नाटक हिजाब विवाद से जोड़कर लोग सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। दैनिक जागरण की फैक्ट चेकिंग वेबसाइट विश्वास न्यूज की पड़ताल में ये दावा भ्रामक साबित हुआ है। वायरल वीडियो का कर्नाटक हिजाब विवाद से कोई संबंध नहीं है। वीडियो साल 2017 में मुंबई के जे.जे. फ्लाईओवर पर मराठा क्रांति मोर्चा द्वारा निकाली गई रैली का है।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए InVID टूल का इस्तेमाल किया। वायरल वीडियो के कई ग्रैब्स इसके माध्यम से निकाले गए। इसके बाद इनकी मदद से गूगल रिवर्स सर्च टूल का इस्तेमाल करते हुए ओरिजनल सोर्स तक पहुंचने की कोशिश की गई। इस दौरान विश्वास न्यूज को वायरल वीडियो Vinit Tawde नामक एक ट्विटर अकाउंट पर 10 अगस्त 2017 को अपलोड हुआ मिला। कैप्शन में दी गई जानकारी के मुताबिक ये वीडियो मराठी समुदाय द्वारा निकाली गई रैली का है। वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया है एक मराठा लाख मराठा!!!#मराठाक्रांतीमोर्चा #मुंबई।

प्राप्त जानकारी के आधार पर विश्वास न्यूज ने गूगल पर कुछ कीवर्ड्स के जरिए सर्च किया। इस दौरान विश्वास न्यूज को वायरल वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट जी 24 तास नामक एक यूट्यूब चैनल पर 9 अगस्त 2017 को अपलोड प्राप्त हुई। रिपोर्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक ये वीडियो मुंबई के जे.जे फ्लाईओवर का है। मराठा समुदाय ने पुलिस की देखरेख में मार्च निकाला था। फर्स्ट पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण की मांग को लेकर मराठा समुदाय ने ये मार्च निकाला था। हजारों मराठा समुदाय के लोग इस मराठा क्रांति मोर्चा में शामिल हुए थे।

अधिक जानकारी के लिए विश्वास न्यूज ने मिड-डे के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान से संपर्क किया। उन्होंने विश्वास न्यूज को बताया “वायरल दावा गलत है। इस वीडियो का कर्नाटक हिजाब विवाद से कोई संबंध नहीं है। वीडियो मुंबई के जे.जे फ्लाईओवर का है। तकरीबन 5 साल पहले मराठा समुदाय ने मराठा क्रांति मोर्चा निकाला था, ये वीडियो उसी दौरान का है। जिसे अब लोग गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।”

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।