Fact check story: अफ्रीका का बाओबाब पेड़ नहीं है दुनिया का सबसे पुराना पेड़, वायरल हो रहा दावा सच नहीं
सोशल मीडिया पर एक पेड़ को लेकर लगातार कहा जा रहा है कि ये दुनिया का सबसे पुराना पेड़ है। हालांकि विश्वास न्यूज की पड़ताल में सोशल मीडिया पर किया जा रहा ये दावा फर्जी साबित हुआ है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक विशाल पेड़ की तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि दुनिया का सबसे पुराना वृक्ष अफ्रीका के तंज़ानिया में है और 6000 वर्ष से अधिक पुराना है। दैनिक जागरण की फैक्ट चेकिंग वेबसाइट विश्वास न्यूज ने पड़ताल में पाया कि यह दावा फर्जी है।
इस पोस्ट की पड़ताल के लिए विश्वास न्यूज़ ने कीवर्ड सर्च की मदद ली। कीवर्ड्स के साथ खोजने पर हमें guinnessworldrecords की वेबसाइट पर एक आर्टिकल मिला। इस आर्टिकल के अनुसार, दुनिया का सबसे पुराना पेड़ अमेरिका के नेवादा में था। आर्टिकल के अनुसार, "एक पेड़ की उम्र लगभग 5,200 साल पुरानी रिकॉर्ड की गयी थी। 1963 में अमेरिका के नेवादा में माउंट व्हीलर से इस ब्रिसलकोन पाइन (पीनस लोंगेवा) को काटा गया था। यह पेड़ लगभग 5,200 वर्ष पुराना था।"
विश्वास न्यूज़ को guinnessworldrecords पर एक और आर्टिकल मिला। इसके अनुसार, दुनिया का सबसे पुराना जीवित पेड़ अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में है। आर्टिकल के अनुसार, "दुनिया का सबसे पुराने पेड़ कैलिफ़ोर्निया के व्हाइट माउंटेन, यूएसए में एक ब्रिसलकोन पाइन्स (पाइनस लोंगेवा) है। इसे 4,800 वर्ष से अधिक पुराना पाया गया था (2020 तक 4,852 वर्ष); इस उम्र की बाद में एरिज़ोना विश्वविद्यालय में ट्री-रिंग रिसर्च की प्रयोगशाला में डेंड्रोक्रोनोलॉजिस्ट टॉम हार्लन (डी.2013) द्वारा पुष्टि की गई। यह पेड़ वर्तमान में दुनिया का सबसे पुराना सत्यापित जीवित पेड़ है।"
rmtrr डॉट org के अनुसार भी अमेरिका के पाइनस लोंगेवा, ग्रेट बेसिन ब्रिसलकोन पाइन दुनिया के सबसे पुराने पेड़ हैं और लगभग 5000 साल पुराने हैं।
वायरल तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर विश्वास न्यूज़ को यह तस्वीर flickr डॉट com पर 17 जनवरी 2013 को अपलोडेड मिली। यहाँ मौजूद जानकारी के अनुसार, इस पेड़ का नाम बाओबाब पेड़ है। कीवर्ड सर्च करने पर हमें पता चला कि बाओबाब पेड़ की औसत उम्र अधिकतम 3000 साल है।
ज़्यादा पुष्टि के लिए विश्वास न्यूज़ ने दिल्ली विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर आर गीता से बात की। उन्होंने बताया, "दुनिया का सबसे पुराना पेड़ अमेरिका का Pinus longaeva, ग्रेट बेसिन ब्रिसलकोन पाइन है, जिसकी सबसे अधिक आयु अबतक लगभग 5000 वर्ष रिकॉर्ड की गयी है। अफ्रीका में मिलने वाले बाओबाब वृक्षों की सबसे पुरानी उम्र लगभग 3000 वर्ष रिकॉर्ड की गयी है।"
इस पोस्ट को फेसबुक पर ‘Basavarajaiah Honnagangaiah’ नाम के यूजर ने शेयर किया था। यूजर ने अपनी पर्सनल जानकारी को हाइड किया हुआ है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने पड़ताल में पाया कि यह दावा फर्जी है। अब तक का सबसे पुराना पेड़ ग्रेट बेसिन ब्रिसलकोन पाइन है, जो लगभग 5000 साल पुराना है और यूएसए में स्थित है।
इस पूरी खबर को विश्वास न्यूज़ की वेबसाइट पर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।