विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जी5 की नई वेब सीरीज 'कातिल हसीनाओं के नाम' में दिखेंगी कई पाकिस्तानी अभिनेत्रियां, जारी हुआ ट्रेलर

By Manoj VashisthEdited By:
Published: Thu, 18 Nov 2021 04:43 PM (IST)Updated: Fri, 19 Nov 2021 07:25 AM (IST)

कातिल हसीनाओं के नाम वेब सीरीज का ट्रेलर गुरुवार को वर्चुअल इवेंट में रिलीज किया गया जिसमें सीरीज की पूरी ...और पढ़ें

Pakistani actresses on Qatil Haseenaon Ke Naam poster. Photo- Instagram
Pakistani actresses on Qatil Haseenaon Ke Naam poster. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 ने अपनी जिंदगी ओरिजिनल के तहत नई वेब सीरीज कातिल हसीनाओं के नाम का ट्रेलर जारी किया है। यह सीरीज प्लेटफॉर्म पर 10 दिसम्बर को स्ट्रीम की जाएगी। कातिल हसीनाओं के नाम देसी नॉइर जॉनर में बनी एंथोलॉजी वेब सीरीज है, जिसमें महिला किरदारों के नजरिए से कहानियां कही गयी हैं। सीरीज का निर्देशन ब्रिटिश-भारतीय निर्देशक मीनू गौर ने किया है।

वेब सीरीज का ट्रेलर गुरुवार को वर्चुअल इवेंट में रिलीज किया गया, जिसमें सीरीज की पूरी स्टार कास्ट ने भाग लिया। कातिल हसीनाओं के नाम' सात महिलाओं की छह-भाग वाली एंथोलॉजी सीरीज है। कहानियों में दिखाया गया है कि जब एक महिला की सीमाओं को धकेला जाता है और उनके धैर्य की परीक्षा ली जाती है तो क्या होता है। फरजाद नबी और मीनू गौर ने शो लिखा है। यह महिलाओं की ताकत के बारे में है। सीरीज में सनम सईद, सरवत गिलानी, सामिया मुमताज, फैजा गिलानी, बियो राणा जफर, इमान सुलेमान, सलीम मैराज, अहसान खान, उस्मान खालिद बट और शहरयार मुनव्वर जैसे उम्दा कलाकार अहम किरदारों में दिखेंगे। 

महक की भूमिका निभाने वाले सरवत गिलानी ने कहा- “यह सीरीज विभिन्न लोगों और पात्रों के माध्यम से जीवन का सार दिखाती है। सीरीज उन मुद्दों को उजागर करती है, जिनका सामना महिलाएं शुगर कोटिंग के बजाय बहुत ईमानदार तरीके से करती हैं। कातिल हसीनाओं के नाम सभी के लिए एक महत्वपूर्ण शो है, क्योंकि यह महिलाओं के शोषण और उन्हें कमजोर करने की कोशिशों के परिणामों को दर्शाता है।"

View this post on Instagram

A post shared by ZEE5 (@zee5)

ज़ुवी की भूमिका निभाने वाली सनम सईद ने कहा, “मैंने अतीत में जो किया है, उसकी तुलना में इस दिलचस्प भूमिका में जिंदगी के साथ जुड़ने पर मुझे बहुत खुशी हो रही है। कातिल हसीनाओं के नाम साहस और शक्ति से भरपूर शो है। इस शो में काम करना एक खुशी की बात थी, जो मजबूत और निडर महिलाओं की कहानियों को बताता है, जो अपनी ख्वाहिशों के लिए किसी भी हद तक जाती हैं।”

निर्माता और निर्देशक, मीनू गौर ने कहा, “मैं उत्साहित हूं कि मुझे एक ऐसा शो बनाने का मौका मिला, जो एक महिला के दृष्टिकोण की छाप छोड़ते हुए रहस्य और मनोरंजन पर आधारित है।" शो के बारे में बात करते हुए जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड की चीफ क्रिएटिव ऑफिसर, स्पेशल प्रोजेक्ट्स, शैलजा केजरीवाल ने कहा- “कातिल हसीनाओं के नाम उन महिलाओं को समर्पित है, जो सभी बाधाओं के बावजूद अपनी ताकत को फिर से हासिल करने का साहस करती हैं। सीरीज में उन कारणों को एक्सप्लोर किया गया है, जो महिलाओं को उस पॉइंट पर ले जा सकते हैं, जहां वे उत्पीड़न का बदला लेने के लिए किसी भी हद तक जा सकती हैं।"