Doctor G OTT Release: आयुष्मान खुराना की 'डॉक्टर जी' समेत ओटीटी पर पहुंचीं अक्टूबर में रिलीज हुईं फिल्में
Doctor G OTT Release आयुष्मान खुराना की डॉक्टर जी में रकुल प्रीत सिंह और शेफाली शाह ने अहम भूमिकाएं निभायी हैं। आयुष्मान की एन एक्शन हीरो फिलहाल थिएटरों में चल रही है। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की हाल अच्छी नहीं है।

नई दिल्ली, जेएनएन। आयुष्मान खुराना की फिल्म एन एक्शन हीरो इस वक्त सिनेमाघरों में चल रही है। हालांकि, फिल्म से जैसी उम्मीदें की जा रही थीं, उस लिहाज से बिजनेस नहीं कर पा रही है। ओपनिंग वीकेंड में फिल्म ने लगभग 6 करोड़ का नेट कलेक्शन ही किया है। फिल्म की रफ्तार आयुष्मान की पिछली रिलीज डॉक्टर जी से भी खराब है, जो अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आ रही है। डॉक्टर जी सिनेमाघरों के बाद अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने जा रही है।
प्लेटफॉर्म ने जो जानकारी दी है, उसके अनुसार डॉक्टर जी 11 दिसम्बर (रविवार) को स्ट्रीम कर दी जाएगी। यह फिल्म 14 अक्टूबर को थिएटर्स में रिलीज हुई थी। फिल्म ने 3.87 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि 30 करोड़ के आसपास लाइफ टाइम कलेक्शन कर सकी। अब ओटीटी पर आने से ज्यादा दर्शक फिल्म को देख सकेंगे।
यह भी पढ़ें: Mirzapur 3 Update- गोलू गुप्ता और गुड्डू भैया ने दिया तीसरे सीजन का अपडेट, रिलीज के इतने करीब पहुंचा क्राइम शो
'लेडीज डॉक्टर' के रोल में आयुष्मान
डॉक्टर जी का निर्देशन अनुभूति कश्यप ने किया है। फिल्म में रकुल प्रीत सिंह और शेफाली शाह भी मुख्य स्टार कास्ट में शामिल हैं। फिल्म में आयुष्मान डॉक्टर उदय गुप्ता के किरदार में हैं, जो गायनोकॉलॉजी फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट है। रकुल, उदय की सीनियर डॉ. फातिमा के किरदार में हैं, जबकि शेफाली हेड ऑफ गाइनी डिपार्टमेंट हैं।
डॉक्टर जी विचारधारा के उस चक्र को तोड़ती है, जिसमें यह माकर चला जाता है कि गायनोकॉलॉजी की पढ़ाई सिर्फ लड़कियों को करनी चाहिए। आयुष्मान खुराना इस तरह की फिल्में निरंतर कर रहे हैं, जिनमें वो किसी ना किसी वर्जित विषय या मान्यता पर चोट करते आ रहे हैं। इनमें से तकरीबन सभी फिल्में सफल रही हैं। हालांकि, डॉक्टर जी इस कामयाबी को आगे नहीं ले जा सकी।
अक्टूबर में रिलीज हुई ये फिल्में ओटीटी पर हो चुकीं स्ट्रीम
इस साल रिलीज हुई फिल्मों की बात करें तो तकरीबन सभी फिल्में थिएटरों के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर आ चुकी हैं। दिवाली पर रिलीज हुई अक्षय कुमार की राम सेतु पिछले हफ्ते प्राइम वीडियो पर रेंटल स्कीम के तहत आ चुकी है।
हॉलीवुड फिल्म ब्लैक एडम भी प्राइम वीडियो पर रेंटल स्कीम के तहत स्ट्रीम हो गयी है। ड्वेन जॉनसन की यह सुपर हीरो फिल्म है, जो 20 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। कन्नड़ फिल्म कांतारा हिंदी को छोड़कर बाकी भाषाओं में प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम की जा चुकी है।
चिरंजीवी और सलमान खान की फिल्म गॉडफादर नेटफ्लिक्स पर हिंदी में भी स्ट्रीम की जा चुकी है। 7 अक्टूबर को रिलीज हुई अमिताभ बच्चन और रश्मिका मंदाना की फिल्म गुडबाय नेटफ्लिक्स पर आ चुकी है।
यह भी पढ़ेंं: OTT Movies In December 2022- दिसम्बर में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज हो रही फिल्मों की पूरी लिस्ट यहां ट्रेलर के साथ देखिए
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।