यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
TV TRP: जाते-जाते छा गया 'बिग बॉस 14', ग्रैंड फिनाले एपिसोड ने टॉप 5 शोज़ की लिस्ट में बनायी जगह
20-26 फरवरी के हफ़्ते में पहले स्थान पर स्टार प्लस का शो अनुपमा रहा जो पिछले कई हफ़्तों से अपनी ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जेएनएन। बिग बॉस 14 पूरे सीज़न टीआरपी के लिए तरसता रहा, मगर जाते-जाते धमाल मचा दिया। शो के ग्रैंड फिनाले एपिसोड ने टॉप 5 शोज़ में आख़िरकार अपनी जगह बना ली। 2021 के आठवें हफ़्ते की टीआरपी रिपोर्ट में बिग बॉस 14 ने शहरी दर्शकों की लिस्ट में तीसरा स्थान हासिल किया। कलर्स टीवी पर ग्रैंड फिनाले एपिसोड 21 फरवरी को प्रसारित किया गया था। चौदहवां सीज़न टीवी एक्टर रूबीना दिलैक ने जीता, जबकि सिंगर राहुल वैद्य रनर अप रहे। बिग बॉस 14 को सलमान ख़ान होस्ट करते हैं।
20-26 फरवरी के हफ़्ते में पहले स्थान पर स्टार प्लस का शो अनुपमा रहा, जो पिछले कई हफ़्तों से अपनी इस पोजिशन पर जमा हुआ है। इस शो में रूपाली गांगुली और सुधांशु पांडेय मुख्य भूमिका निभाते हैं। दूसरे स्थान पर भी स्टार प्लस का ही शो इमली रहा। यह भी टीआरपी लिस्ट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। इमली में सुम्बुल तौकरी ख़ान टाइटल रोल में हैं, जबकि गशमीर महाजनी और मयूरी देशमुख अहम किरदार निभाते हैं। चौथे स्थान पर स्टार प्लस का शो गुम है किसी के प्यार में आया।

इस शो को एक स्थान का नुक़सान हुआ है। गुम है किसी के प्यार में शो में नील भट्ट, आएशा सिंह और ऐश्वर्या शर्मा मुख्य किरदारों में नज़र आते हैं। पांचवें स्थान पर भी स्टार प्लस का ही कब्ज़ा रहा। चैनल के शो यह रिश्ता क्या कहलाता है ने पांचवें स्थान पर अपनी स्थिति बरकरार रखी है।

ग्रामीण इलाक़ों के दर्शकों की पसंद की बात करें तो पहले स्थान पर ज़ी अनमोल का शो तुझसे है राब्ता- 2 घंटे स्पेशल रहा। दूसरे स्थान पर ज़ी अनमोल का ही शो कुंडली भाग्य आया, जबकि स्टार उत्सव का शो यह रिश्ता क्या कहलाता है तीसरे स्थान पर रहा। ज़ी अनमोल पर प्रसारित हुआ कुंडली भाग्य- डेढ़ घंटे का महा एपिसोड चौथे स्थान पर रहा। वहीं, स्टार उत्सव ा शो साथ निभाना साथिया पांचवें स्थान पर आया।
