Sidharth Shukla Death: कभी इंटिरियर डिजाइनर थे सिद्धार्थ शुक्ला, एक्टर ने इस तरह बनाई थी अपनी पहचान
छोटे पर्दे के मशहूर अभिनेता और बिग बॉस 13 के विजेता सिद्धार्थ शुक्ला के फैंस के लिए बुरी खबर है। दिग्गज अभिनेता का निधन हो गया है। सिद्धार्थ शुक्ला का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ है। वह टीवी और वेब शोज का जाना-माना चेहरा थे।

नई दिल्ली, जेएनएन। छोटे पर्दे के मशहूर अभिनेता और बिग बॉस 13 के विजेता सिद्धार्थ शुक्ला के फैंस के लिए बुरी खबर है। दिग्गज अभिनेता का निधन हो गया है। सिद्धार्थ शुक्ला का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ है। वह टीवी और वेब शोज का जाना-माना चेहरा थे। सिद्धार्थ शुक्ला ने कई हिट शोज दिए थे। साथ ही कई वेब सीरीज में काम भी किया है।
सिद्धार्थ शुक्ला का जन्म 12 दिसंबर 1980 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता सिविल इंजीनियर थे। टीवी की दुनिया में कदम रखने से पहले सिद्धार्थ शुक्ला एक मॉडल और एक इंटिरियर डिजाइनर थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी शो 'बाबुल का आंगन छुटे न' से की थी। यह शो साल 2008 में आया था। इस शो में सिद्धार्थ शुक्ला के अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके बाद वह 'जाने पहचाने से ये अजनबी' में नजर आए।
इसके बाद साल 2011 में सिद्धार्थ शुक्ला ने अभिनेत्री पवित्रा पुनिया के साथ 'लव यू जिंदगी' में काम किया था, लेकिन छोटे पर्दे पर उन्हें असली पहचान शो 'बालिक वधु' से मिली थी। इस शो की वजह से सिद्धार्थ शुक्ला को कई पुरस्कार मिले थे। सिद्धार्थ शुक्ला ने 'दिल से दिल तक' और 'आहट' जैसे शोज में काम किया। उन्होंने अभिनेता वरुण धवन के साथ फिल्म 'हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया' में भी काम किया था।
इस फिल्म में सिद्धार्थ शुक्ला ने अपने अभिनय से काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसके अलावा वह कई रियलिटी शोज का भी हिस्सा थे। सिद्धार्थ शुक्ला ने साल 2013 में डांस रियलिटी शो 'झलक दिख ला जा' के सीजन 6 में नजर आए थे। इसके अलावा वह क्राइम शो 'सावधान इंडिया' को भी होस्ट कर चुके थे। सिद्धार्थ शुक्ला ने सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस के सीजन 13 में काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
शो में उनके खेल और रणनीति को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इतना ही नहीं वह अपने शानदार खेल की वजह से बिग बॉस 13 के विजेता बने। शो के अंदर वह पंजाबी गायक शहनाज गिल के साथ अपने रिश्ते को लेकर काफी चर्चा में रहे थे। इसके अलावा सिद्धार्थ शुक्ला रोहित शेट्टी के स्टंट रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' को लेकर भी चर्चा में रहे थे। इन सभी शोज ने सिद्धार्थ शुक्ला को छोटे पर्दे पर एक बड़ा एक्टर बनने में मदद की थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।