Ramayan के 'लक्ष्मण' सुनील लहरी को जब 'हनुमान' दारा सिंह ने विदेश में लुटने से बचाया, जानिए दिलचस्प किस्सा
2012 में 83 साल की उम्र में दारा सिंह ने इस दुनिया को अलविदा कहा था। वैसे तो दारा सिंह की पहचान एक कुश्ती चैम्पियन और कलाकार के तौर पर है मगर रामायण में हनुमान का किरदार निभाकर दारा सिंह घर-घर में पूज्यनीय बन गये थे।

नई दिल्ली, जेएनएन। रामानंद सागर की रामायण में राम के परमभक्त और साथी हनुमान का किरदार निभाने वाले दिग्गज कलाकार दारा सिंह की 12 जुलाई को पुण्यतिथि है। 2012 में 83 साल की उम्र में दारा सिंह ने इस दुनिया को अलविदा कहा था। वैसे तो दारा सिंह की पहचान एक कुश्ती चैम्पियन और कलाकार के तौर पर है, मगर रामायण में हनुमान का किरदार निभाकर दारा सिंह घर-घर में पूज्यनीय बन गये थे।
स्वभाव से बेहद शांत और मृदुभाषी दारा सिंह ने हनुमान के किरदार को सच पर्दे पर जीवंत कर दिया था। 12 जुलाई को नौवीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है।
रामायण में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल ने ट्विटर पर अपने हनुमान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा- भगवान हनुमान जी के किरदार को जीवंत करने वाले, कुश्ती के अपराजेय खिलाड़ी एवं पूर्व सांसद स्व. दारा सिंग जी को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन।
भगवान हनुमान जी के किरदार को जीवंत करने वाले, कुश्ती के अपराजेय खिलाड़ी एवं पूर्व सांसद स्व. दारा सिंह जी को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन। 🙏@RealVinduSingh
— Arun Govil (@arungovil12) July 12, 2021
रामायण का पहली बार प्रसारण अस्सी के दौर में दूरदर्शन पर किया गया था, जो बहुत कामयाब रहा था। रामायण में अरुण गोविल ने राम, दीपिका चिखलिया ने सीता, सुनील लहरी ने लक्ष्मण और दारा सिंह ने हनुमान के किरदार निभाये थे।
पिछले साल लॉकडाउन के दौरान करीब 33 साल बाद दूरदर्शन पर रामायण का दोबारा प्रसारण हुआ था, जिसे खासी लोकप्रियता मिली थी। उस दौरान लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने एक वीडियो के ज़रिए दारा सिंह से जुड़ा दिलचस्प क़िस्सा शेयर किया था कि कैसे दारा सिंह ने उन्हें विदेश में लुटने से बचाया था।
View this post on Instagram
रामायण के सिलसिले में रामायण की टीम पहली बार केन्या गई थी। वहां पर हनुमान का किरदार निभाने वाले दारा सिंह सुनील को शॉपिंग कराने ले गए और उन्होंने सुनील को उपहारस्वरूप एक ब्रीफकेस खरीद कर दिया। वापस लौटते वक्त रास्ते में किसी चोर ने ब्रीफकेस छीन कर भागने की कोशिश की। चोर जैसे ही आगे चल रहे दारा सिंह की बगल से गुज़रा, उन्होंने उसे कॉलर से पकड़ कर हवा में उठा लिया।
View this post on Instagram
उनकी पकड़ से छूटने के बाद चोर ब्रीफकेस को वहीं छोड़कर भाग गया। इस तरह से दारा सिंह ने सुनील को लुटने से बचा लिया। दारा से मिले उस ब्रीफकेस को दिखाते हुए सुनील ने बताया कि वह उनके दिल के बहुत करीब है। दारा सिंह के बेशकीमती उपहार को उन्होंने आज भी सम्भालकर रखा है। संयोग देखिए, रामायण में भी लक्ष्मण की जान हनुमान ने ही बचाई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।