Ramayan की शूटिंग में जब 4 किलो के मुकुट से ज़ख़्मी हो गये थे 'राम', जानें पूरा किस्सा
Ramayan 2008 TV Series रामायण के इस रीमेक का प्रसारण 2008 में पहली बार हुआ था। इसका निर्देशन आनंद सागर ने किया था जबकि निर्माण सागर आर्ट्स का ही था।
नई दिल्ली, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान माइथोलॉजिकल शोज़ दर्शकों की पहली पसंद बनकर उभरे हैं। डीडी नेशनल का रामायण हो या डीडी भारती का महाभारत, दर्शकों ने इन धारावाहिकों को ख़ूब प्यार दिया। अब दंगल चैनल पर रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण के रीमेक का प्रसारण किया जा रहा है, जिसे दर्शक पंसद कर रहे हैं।
शो में राम की भूमिका गुरमीत चौधरी ने निभायी थी, वहीं देबिना बनर्जी सीता के किरदार में नज़र आयी थीं। इस रामायण से जुड़ा एक किस्सा याद करके गुरमीत आज भी हैरान रह जाते हैं।
माइथोलॉजिकल शो शूट करना आसान नहीं होता। इनमें कलाकारों को भारी-भरकम कॉस्यूम और आभूषण पहनने पड़ते हैं। राम के किरदार के लिए गुरमीत को हमेशा सिर पर एक मुकुट पहनकर रहना पड़ता था, जिससे उनके सिर में कई बार चोटें आयी थीं।
इसे याद करते हुए गुरमीत कहते हैं- ''रामायण की शूटिंग के दौरान, मुझे हमेशा मुकुट पहनना पड़ता था, जो 3-4 किलो का रहता था। इसे ख़ासतौर पर चेन्नई से मंगवाया गया था। चूंकि शूटिंग दिन में 12-13 घंटे चलती थी। इसलिए मुझे हमेशा मुकुट पहनकर रहना पड़ता था। यह मुकुट इतना भारी था कि अक्सर सिर में चोटें आ जाती थीं। धीरे-धीरे इसकी आदत हो गयी। अब, जब पीछे मुड़कर देखता हूं तो लगता है कि मेहनत सफल रही।''
रामायण के इस रीमेक का प्रसारण 2008 में पहली बार हुआ था। यह पुराने धारावाहिक के मुकाबले तकनीकी तौर पर अधिक उन्नत था। इसका निर्देशन आनंद सागर ने किया था, जबकि निर्माण सागर आर्ट्स का ही था। अंकित अरोड़ा ने लक्ष्मण का किरदार निभाया था, वहीं अखिलेंद्र मिश्रा रावण के रोल में थे। इस रामायण का प्रसारण पहली बार एनडीटीवी इमेजिन पर हुआ था। शो लगभग डेढ़ साल चला था।
दूरदर्शन के डीडी नेशनल पर प्रसारित हुए रामायण धारावाहिक ने सबसे अधिक देखे जाने वाले शो का रिकॉर्ड बनाया। अब यह धारावाहिक स्टार प्लस पर दिखाया जा रहा है।