लगातार 3 शोज पर लगा ताला, एक साल तक नहीं मिला काम..., अब 'चुड़ैल' बनकर TV पर Hiba Nawab का धांसू कमबैक
झनक एक्ट्रेस हिबा नवाब (Hiba Nawab) ने अपने लेटेस्ट शो और करियर के मुश्किल फज को लेकर खुलकर बात की है।

हिबा नवाब ने एक साल तक काम न मिलने पर की बात। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम
HighLights
हिबा नवाब ने 'लो चुड़ैल चली ससुराल' से टीवी पर वापसी की
अभिनेत्री ने ड्रामा से ब्रेक लेकर कॉमेडी-सुपरनैचुरल शो चुना
एक साल के मुश्किल दौर के बाद मिला यह नया प्रोजेक्ट
दीपेश पांडेय, मुंबई। झनक और वो तो है अलबेला धारावाहिकों की अभिनेत्री हिबा नवाब (Hiba Nawab) काफी समय से कोई कॉमेडी और सुपरनेचुरल प्रोजेक्ट करना चाहती थीं। उन्हें वो मौका धारावाहिक लो चुड़ैल चली ससुराल (Lo Chudail Chali Sasural) में मिला।
सोनी सब (Sony Sab) पर प्रसारित होने वाले इस धारावाहिक में वह उर्वशी की भूमिका निभा रही हैं। सिर्फ एक धारावाहिक करने के इरादे से टीवी इंडस्ट्री में आईं हिबा ने अपने करियर और नए सीरियल के बारे में बात की है।
चाहिए था ड्रामा से ब्रेक
कई उलझनों के बीच इस धारावाहिक से जुड़ने के बारे में हिबा बताती हैं, "मेरा काफी समय से कॉमेडी करने का मन था। पिछले पांच वर्षों से मैं लगातार ड्रामा धारावाहिक कर रही थी। अब थोड़ा ड्रामा से ब्रेक चाहिए था। इसके साथ ही मुझे एक सुपरनैचुरल प्रोजेक्ट भी करना था। इस शो में दोनों मुझे एक साथ मिल गए। मेरे पास ना कहने का कोई ठोस कारण ही नहीं था।

हालांकि, जब इसका प्रस्ताव मेरे पास आया तो उस समय दूसरे चैनलों से कुछ अन्य प्रोजेक्ट्स को लेकर मेरी बातचीत चल रही थी। इसलिए बात कुछ अटक भी रही थी। हमने गत जून में शूटिंग शुरू की थी, लेकिन इसके लिए मेरी बातचीत जनवरी या फरवरी से चल रही थी। फिर अंत में पता चला कि वो दूसरे प्रोजेक्ट नहीं बन रहे हैं। उसी समय इसके निर्माता का मुझे फोन आया तो मैंने कहा कि सर मैं आ रही हूं।
मम्मी की प्यारी चुड़ैल
खूबसूरत और खुशमिजाज चुड़ैल की भूमिका पर अपनी मां की प्रतिक्रिया के बारे में हिबा बताती हैं, "मैं सच बताऊं तो पहले मैंने मम्मी को यह बात बताई ही नहीं थी। आमतौर पर मैं अपने परिवार में बता देती हूं कि मैं फलां शो करने जा रही हूं और उसमें मेरा पात्र ऐसा है।
इस बार मैंने बताया नहीं, क्योंकि मुझे लगा कि सभी मेरी मजाक उड़ाएंगे। शो का प्रोमो देखने के बाद मम्मी की यही प्रतिक्रिया रही कि अरे तुमको तो तुम्हारा असली वाला पात्र मिला है, तुम तो चुड़ैल ही हो। मैंने कहा बस इसीलिए किसी को नहीं बता रही थी। फिर मैंने मम्मी से कहा कि मैं तो प्यारी चुड़ैल हूं ना, तो उन्होंने बोला कि हां तू प्यारी चुड़ैल है। मेरे दोस्त भी ऐसे ही मेरी टांग खिंचाई करते हैं।

एक शो से वर्षों का सफर तक
हिबा पहले अभिनय के पेशे को लेकर गंभीर नहीं थी। वह बताती हैं, "मैंने शुरुआत में सोचा था मैं एक शो करूंगी और फिर छोड़कर चली जाऊंगी। तब मुझे इतनी ज्यादा दिलचस्पी नहीं थी, पर पहले शो के बाद तुरंत दूसरा शो मिल गया। तब मैं सिर्फ 17 साल की थी।
मैं यह नहीं कहूंगी कि मैं बहुत ही अच्छी अभिनेत्री थी। मैंने शुरुआत में बहुत कोशिश की, बहुत सीखा है, बहुत डांट भी खाई है। फिर धीरे-धीरे चीजें समझ में आईं। मुझे जैसे-जैसे अलग-अलग अनुभव मिलते गए, मेरी कला और बेहतर होती गई। मैं चाहती हूं मेरा सफर आगे भी ऐसे ही चलता रहे।"
मुश्किल वक्त
करियर के अनचाहे मुश्किल समय के बारे में हिबा बताती हैं, "आमतौर पर मैं एक प्रोजेक्ट खत्म होने के बाद जानबूझकर दो-ढाई महीने घर बैठती हूं। मुझे उससे ज्यादा बैठना पसंद नहीं है, लेकिन पिछला शो झनक खत्म होने के बाद मैं न चाहते हुए भी एक साल बैठी हूं।
लो चुड़ैल चली ससुराल से पहले मेरे एक के बाद एक तीन धारावाहिक बनते-बनते ठंडे बस्ते में चले गए। वो मेरे लिए काफी निराशाजनक रहा। उसी के साथ मेरे परिवार में भी कुछ समस्याएं आ गई थीं, तो मेरा पिछला एक साल काफी मुश्किल था।"

सुरक्षित महसूस कराना जरूरी
लड़कियों के लिए आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के मामले में हिबा कहती हैं, "एक लड़की को जीवन में हर तरह से सुरक्षित महसूस करना बहुत जरूरी है। लोग क्या सोचेंगे, क्या कहेंगे, उनका बर्ताव कैसे होगा? स्वतंत्र, सशक्त बनने और जिंदगी में कुछ करने के लिए अंदर इन चीजों से सुरक्षा की भावना बहुत जरूरी है।
किशोरावस्था में लड़कियों को वो सुरक्षा की भावना उनके माता-पिता दें सकते हैं या घर में जो उनसे बड़ा हो सकता है वो दे सकता है। शादी के बाद पति की भी लड़कियों को ऐसे ही सुरक्षित महसूस करवाने की जिम्मेदारी होती है। बिना सुरक्षा की भावना के लड़कियां काम पर अपना पूरा ध्यान कैसे लगा पाएगी?
मैं यह अपने अनुभवों से बता सकती हूं। मेरे माता-पिता मेरे साथ ही रहते थे, उन्होंने मुझे बहुत सपोर्ट किया। अगर मैंने जीवन में कुछ भी हासिल किया है, तो पूरा श्रेय मैं उनको दूंगी, क्योंकि उन्होंने मुझे कभी किसी चीज से डरना या घबराना नहीं सिखाया। जबकि, इस इंडस्ट्री में बहुत सी खराब चीजें भी होती हैं। लेकिन मुझे कभी ऐसी किसी चीज का सामना नहीं करना पड़ा। जब तक मेरे अंदर अक्ल नहीं आई, जब तक मेरे लिए उनका सपोर्ट बहुत जरूरी थी।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।