15 की उम्र में पिता को खोया, 17 में नौकरी गई... Malgudi Days के 'स्वामी' एक्टिंग छोड़ अब करते हैं ये काम
मालगुडी डेज के नटखट स्वामी बनकर घर-घर में मशहूर हुए मास्टर मंजूनाथ (Master Manjunath) आज कहां और क्या कर रहे हैं? जानिए उनके बारे में...

मालगुडी डेज के मंजूनाथ की कहानी। फोटो क्रेडिट- एक्स
HighLights
मंजूनाथ ने 14 सालों तक किया था काम
3 की उम्र में मंजूनाथ को मिल गई थी पहली फिल्म
दूरदर्शन के शो ने बना दिया था सुपरस्टार
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। आरके नारायण की किताब पर आधारित दूरदर्शन के कल्ट शो मालगुडी डेज (Malgudi Days) के शरारती 'स्वामी' याद हैं? वही 10 साल का 'स्वामी' जो अपने दोस्तों के साथ स्कूल न जाने के बहाने करता था और शैतानियों में अव्वल था। मालगुडी डेज में 'स्वामी' बनकर यह घर-घर में हर किसी का फेवरेट बन गया था।
'स्वामी' बनकर हुए मशहूर
दूरदर्शन के मालगुडी डेज में 'स्वामी' का किरदार बाल कलाकार मास्टर मंजूनाथ (Master Manjunath) ने निभाया था। यूं तो वह कई फिल्मों और टीवी शोज में काम कर चुके थे, लेकिन मालगुडी डेज ने उन्हें स्टार बना दिया था। इस शो में अपने किरदार के लिए उन्हें 6 इंटरनेशनल अवॉर्ड, 1 नेशनल अवॉर्ड और एक स्टेट अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया।

3 साल की उम्र में मास्टर मंजूनाथ ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा और 17 साल की उम्र तक कन्ऩॉ और हिंदी सिनेमा में करीब 25 फिल्में और कई टीवी शोज में काम किया।
मगर फिल्मों से अचानक गायब होकर मास्टर मंजूनाथ अब कहां और क्या कर रहे हैं? चलिए आपको उनके बारे में बताते हैं...
3 की उम्र में किया था डेब्यू
मास्टर मंजूनाथ का बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर करियर बहुत शानदार रहा। नॉन-फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने वाले मंजूनाथ बस 3 साल के थे, जब उन्हें पहली फिल्म अजीत में काम करने का मौका मिला। जिम्मी जिम्मी पॉडकास्ट में अपने डेब्यू के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया-
एक पार्ट-टाइम प्रोडक्शन मैनेजर ने देखा कि मैं कुछ ज्यादा ही बोल रहा था और उन्होंने मेरे माता-पिता को मुझे 'अजीत' नाम की एक कन्नड़ फिल्म में काम करने देने के लिए मना लिया। इस फिल्म में दिग्गज अभिनेता अंबरीश मुख्य भूमिका में थे।
परिवार ने दी थी ये चेतावनी
एक तरफ मंजूनाथ का मन एक्टिंग में रम गया, वहीं दूसरी तरफ उनके माता-पिता क्लियर थे कि अगर वह क्लास में फेल हुए तो उन्हें सिनेमा से दूर कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह उनके परिवार की तरफ से एक धमकी थी। इसलिए वह एक्टिंग के साथ-साथ पढ़ाई में भी खूब मेहनत करते थे। ताकि दोनों चीज मैनेज कर सके।

पिता को खोने के बाद टूट गए थे एक्टर
मंजूनाथ पर दुखों का पहाड़ तब टूटा, जब 15 की उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया। उनकी मां काम करके गुजारा करती थीं और वह भी एक्टिंग किया करते थे, लेकिन अब उन्हें फिल्में या टीवी शोज मिलने बंद हो गए थे। 17 की उम्र तक उन्होंने एक्टिंग से किनारा करने का फैसला कर लिया था। इसकी वजह बताते हुए एक्टर ने कहा-
हमारे समय में बाल कलाकारों के लिए आगे का सफर आसान नहीं होता था, क्योंकि किशोरों के लिए कोई रोल ही नहीं होते थे। आप या तो बाल कलाकार होते थे या फिर सीधे हीरो या कोई अन्य किरदार निभाने वाले अभिनेता बन जाते थे।
फिल्में छोड़ बन गए थे कंटेंट राइटर
आखिरी बार मंजूनाथ 1992 में आई तेलुगु फिल्म स्वाति किरणम में नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने अपने करियर के लिए नई राह चुनी। यह राह उन्हें आईटी की दुनिया में ले गई, जिसमें उन्होंने खूब तरक्की की। उन्होंने ऑनलाइनबैंगलोर डॉट कॉम (onlinebangalore.com) में कंटेंट राइटर की नौकरी की।

आपको जानकर हैरानी होगी कि नौकरी पाने के लिए उन्होंने झूठ बोला था कि उन्हें इंटरनेट चलाना आता है। असल में, उन्हें इंटरनेट के बारे में बस इतनी ही जानकारी थी कि उन्होंने ब्रिगेड रोड पर स्थित 'कॉफी डे' के एक आउटलेट में विदेशियों को तीन कंप्यूटरों पर इंटरनेट इस्तेमाल करते हुए देखा था।
अब क्या करते हैं मंजूनाथ?
मंजूनाथ आज ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में जाना-माना नाम बन चुके हैं। वह प्राइवेट और गवर्नमेंट समेत ई-गवर्नेंस से जुड़ी कई परियोजनाओं का हिस्सा हैं। सिर्फ ई-गवर्नेंस ही नहीं, उन्होंने करीब 18 साल तक 18 वर्षों तक उन्होंने बेंगलुरु एक्सप्रेसवे कॉरिडोर और NICE पेरिफेरल रोड जैसी इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी परियोजनाओं पर भी काम किया।
पिछले करीब एक दशक से मंजूनाथ VIC प्राइवेट लिमिटेड नाम की अपनी कंसल्टेंसी फर्म चला रहे हैं। इस फर्म के जरिए वह निजी कंपनियों और सरकार के बीच नीतिगत तालमेल बनाने में मदद करते हैं।
यह भी पढ़ें- 40 साल पहले आया Doordarshan का वो हिट सीरियल जिसके नाम पर है रेलवे स्टेशन, सुपरहिट हुआ था टाइटल सॉन्ग
यह भी पढ़ें- TV के सुपरहीरो ने निभाया था Shah Rukh Khan के बचपन का किरदार, एक्टिंग छोड़ बना टेक वर्ल्ड का 'किंग'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।