Divya Bhatnagar Death : दिव्या भटनागर के निधन पर बेहद दुखीं हैं ऑनस्क्रीन बेटे शोएब इब्राहिम, सोशल मीडिया पर ऐसे बयां किया दर्द
दिव्या भटनागर को सही मायने में पॉपुलैरिटी स्टार प्लस के सीरियल ये रिश्ता क्या कहलाता है से मिली थी। दिव्या के निधन पर शो में उनके को-स्टार हिना खान करण मेहरानिधि उत्तम और बेस्ट फ्रेंड देवोलिना भट्टाचार्जी समेत अन्य सितारों ने भी शोक जताया है।

नई दिल्ली, जेएनएन। ये साल मनोरंजन जगत के लिए बेहद ही मनहूस रहा है। इस साल इंडस्ट्री ने न जानें कितने दिग्गज सितारों को खोया है। वहीं जाने जाते भी ये साल हर किसी को एक बड़ा झटका दे गया। टीवी की फेमस एक्ट्रेस दिव्या भटनागर का सोमवार को कोरोना वायरस की वजह से निधन हो गया। दिव्या ने महज 34 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहा। उनकी अचानक मौत से उनके फैंस और सेलेब्स और को-स्टार काफी दुख में हैं। सभी सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस के निधन पर दुख जाहिर कर रहे हैं। वहीं अब दिव्या के ऑनस्क्रीन बेटे यानी टीवी एक्टर शोएब इब्राहिम ने अपनी ऑनस्क्रीन मां के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने एक्ट्रेस की एक तस्वीर शेयर करते हुए इमोशनल पोस्ट शेयर किया है।
शोएब ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दिव्या भटनागर संग अपनी एक खूबसूरत थ्रोबैक फोटो शेयर करते की है। इस फोटो के साथ ही उन्होंने लिखा, 'मैं आपको हमेशा इस क्यूट स्माइल के साथ याद करुंगा।' तस्वीर में आप देख सकते हैं कि दिव्या कैमरे की ओर देखकर मुस्कुराती नजर आ रही हैं। वहीं शोएब उनकी गोद पर सिर रखकर लेटे नजर आ रहे हैं।
आपको बता दें कि शोएब और दिव्या ने टीवी शो 'जीत गई तो पिया मोरे' में एक साथ काम किया था। इसमें दोनों ने मां-बेटे का किरदार निभाया था। जी टीवी पर प्रसारित होने वाले शो में शोएब ने वरुण बाबर का रोल अदा किया था। दिव्या ने इस शो में वरुण की मां बसंती का रोल अदा किया था। वहीं ये शो 2018 में ऑफ एयर हो गया था।
दिव्या भटनागर के प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो उन्हें सही मायने में पॉपुलैरिटी स्टार प्लस के सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' से मिली थी। दिव्या के निधन पर शो में उनके को-स्टार हिना खान, करण मेहरा,निधि उत्तम और बेस्ट फ्रेंड देवोलिना भट्टाचार्जी समेत अन्य सितारों ने भी शोक जताया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।