Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bad Boys 4 Review: मरे हुए दोस्त को इंसाफ दिलाने में जुटे मार्क्स और माइक, मनोरंजक है फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म

    बैड ब्वॉयज राइड ऑर डाई (Bad Boys Ride Or Ride) सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। यह इस फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म है। विल स्मिथ और मार्टिन लॉरेंस फ्रेंचाइजी में लीड रोल निभाते हैं। यह बडी कॉप फिल्म है। इस जॉनर को हॉलीवुड में खूब आजमाया गया है। दो साल पहले ऑस्कर अवॉर्ड समारोह में हुए थप्पड़ कांड के बाद विल की यह पहली बड़ी रिलीज है।

    By Jagran News Edited By: Manoj Vashisth Updated: Thu, 06 Jun 2024 12:59 PM (IST)
    Hero Image
    बैड ब्वॉयज 4 सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फोटो- इंस्टाग्राम

    प्रियंका सिंह, मुंबई। फ्रेंचाइजी फिल्में बनाने में माहिर हॉलीवुड से अब बैड ब्वॉयज फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म 'बैड ब्वॉयज: राइड ऑर डाई' आई है। यह फ्रेंचाइजी 1995 से चली आ रही है।

    इस फ्रेंचाइजी के निर्देशक बदले, कुछ कलाकार भी बदले, लेकिन कहानी में दो दोस्त पुलिस अफसर माइक और मार्क्स यानी विल स्मिथ और मार्टिन लॉरेंस शुरुआत से ही फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे है। इसलिए दोनों की दोस्ती और केमेस्ट्री पर्दे पर साफ नजर आती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    क्या है बैड ब्वॉयज 4 की कहानी?

    कहानी वहीं से शुरू होती है, जहां से पिछली फिल्म 'बैड ब्वॉयज ऑफ लाइफ' की कहानी (2020) खत्म हुई थी। मायामी पुलिस डिपार्टमेंट के दो अफसर माइक (विल स्मिथ) और मार्क्स (मार्टिन लारेंस) की एंट्री हमेशा की तरह सड़क पर तेजी से भाग रही कार के भीतर होती है। माइक अपनी थेरेपिस्ट क्रिस्टीन (मेलिनी लीबर्ड) से शादी कर लेता है। शादी की पार्टी में मार्क्स को हार्ट अटैक आता है।

    यह भी पढ़ें: Annu Kapoor की फिल्म को हाई कोर्ट से लगा बड़ा झटका, 14 जून तक के लिए टली Hamare Baarah की रिलीज डेट

    उसकी आत्मा मौत के बाद की दूसरी दुनिया की सैर कर आती है, जहां उनका दिवंगत बॉस हावर्ड (जो पैंटोलिआनो) बताता है कि अभी उसका वक्त नहीं आया है। मार्क्स ठीक हो जाता है। दोनों को एक खबर के जरिए पता चलता है कि पुलिस डिपार्टमेंट में भ्रष्टाचार के लिए हावर्ड को दोषी ठहराया गया है, उन्हें ड्रग कार्टेल का साथी बताया जा रहा है।

    यह बात माइक और मार्क्स को नागवार गुजरती है। हावर्ड खुद को निर्दोष साबित करने के लिए जिंदा नहीं है। वह खुद जांच शुरू करते हैं। पिछली फिल्म में जेल में कैद माइक का बेटा अर्मांडो (जेकब स्किपिओ) इसमें उनकी मदद करता है। वह साथ मिलकर ड्रग कार्टेल के मुखिया जेम्स मैकग्रैथ (एरिक डेन) की तलाश करते हैं।

    बैड ब्वॉयज की पिछली फिल्में देखी हैं तो आएगा मजा

    निर्देशक जोड़ी आदिल और बिलाल ने लगभग दो घंटे की इस फिल्म को कॉमेडी एक्शन जॉनर के करीब रखने का पूरा प्रयास किया है। उन्होंने इसे अपनी पिछली फिल्म से जोड़ा है। हालांकि, इससे बचना चाहिए था, क्योंकि जरूरी नहीं हर दर्शक पिछली फिल्म देखकर आया हो।

    फिल्म में कई ऐसे छोटे-छोटे पल आते हैं, जो हंसाते हैं। खासकर, दूसरी दुनिया से लौटने के बाद मार्क्स की बातें, उनके वनलाइनर्स। सरप्राइज पैकेज है रेजी मैकडानल्ड (डेनिस ग्रीन) का किरदार, जिसकी शादी पिछले सीजन में मार्क्स की बेटी से हुई थी। वह इसमें दमदार एक्शन से चौंकाते हैं।

    सिनेमैटोग्राफर रॉब्रेक्ट हेवर्ट (Robrecht Heyvaert) की तारीफ करनी होगी, जिन्होंने क्लाइमेक्स के कुछ सीन वीडियो गेम वाली फाइट में तब्दील कर दिए। पिछली फिल्म के खतरनाक विलेन अर्मांडो के हिस्से अच्छे एक्शन सीन तो आए हैं, लेकिन पिता माइक के साथ कुछ भावुक सीन को भी जगह मिल सकती थी।

    वहीं, फिल्म के विलेन जेम्स मैकग्रेथ दमदार नहीं लगे हैं। मार्क्स की पत्नी क्रिस्टीन का कोई अतीत नहीं है। वह सीधे शादी पर माइक की उन बातों का याद करती है, जो उसे माइक से मुलाकात के दौरान महसूस हुई थी, लेकिन वो सीन ही नहीं हैं।

    यह भी पढ़ें: June Upcoming Movies- 'चंदू चैम्पियन' से 'कल्कि 2898 एडी' तक, जून में बॉक्स ऑफिस पर बवाल मचाएंगी ये फिल्में

    ऑस्कर अवॉर्ड के थप्पड़ कांड की आएगी याद

    फिल्म में माइक को पैनिक अटैक्स क्यों आते हैं, उसे भी स्पष्ट नहीं किया गया है। हालांकि, ऐसा होने पर क्लाइमेक्स के एक एक्शन सीन में मार्क्स उसे थप्पड़ पर थप्पड़ मारता है। यह सीन उस घटना की याद दिला देता है, जब विल स्मिथ ने साल 2022 के ऑस्कर अवॉर्ड में स्टेज पर कामेडियन क्रिस रॉक को थप्पड़ मार दिया था।

    उस घटना के दौरान स्मिथ इसी फिल्म पर काम कर रहे थे और उसके बाद बॉक्स ऑफिस पर बड़े पैमाने पर रिलीज होने वाली उनकी पहली फिल्म है। दिसम्बर 2022 में एमानसिपेशन रिलीज हुई थी, जो सीमित सिनेमाघरों में उतारी गई थी।

    अभिनय की बात करें तो इस बार मार्क्स के रोल में मार्टिन लॉरेंस दिल जीत लेते हैं। फ्रेम में जब वह रहते हैं तो ताजगी बनी रहती है। विल स्मिथ का स्वैग और अभिनय शानदार है। जेकब स्किपिओ छोटे से ही रोल में प्रभावित करते हैं। हालांकि, उन्हें और सीन मिलने चाहिए थे। एरिक डेन विलेन के रोल में प्रभावित नहीं करते हैं। डेनिस ग्रीन अपने छोटे से एक्शन सीन और चेहरे के भावों से याद रह जाते हैं।