Raksha Bandhan Box Office: 'रक्षा बंधन' के बाद गिरी अक्षय कुमार की फिल्म, जानिए कितना रहा कलेक्शन
Raksha Bandhan Box Office अक्षय कुमार की रक्षा बंधन का निर्देशन आनंद एल राय ने किया जबकि भूमि पेडनेकर फीमेल लीड रोल में हैं। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की और दूसरे दिन भी सुधार नहीं है।
नई दिल्ली, जेएनएन। ओपनिंग वीकेंड किसी भी फिल्म के लिए सबसे जरूरी होता है। अगर ओपनिंग वीकेंड में फिल्म अच्छी चल गयी तो आगे के लिए एक मजबूत बुनियाद उसे मिल जाती है। मगर, अक्षय कुमार की फिल्म रक्षा बंधन ओपनिंग वीकेंड में ही डगमगा रही है। गुरुवार को रिलीज हुई फिल्म ने रक्षा बंधन की छुट्टी और त्योहार से कहानी के जुड़ाव के बावजूद 8.20 करोड़ का ही कलेक्शन किया था। इस साल रिलीज हुई फिल्मों में अक्षय का यह सबसे कम कलेक्शन है। इससे ज्यादा ओपनिंग बच्चन पांडेय और सम्राट पृथ्वीराज ने ली थी।
दूसरे दिन यानी शुक्रवार को फिल्म के कलेक्शंस में काफी गिरावट आने की खबरें हैं। हालांकि, ओपनिंग वीकेंड में आम तौर पर कलेक्शंस बढ़ने का ट्रेंड रहता है। मगर, फेस्टिव माहौल होने के बाद भी रक्षा बंधन की कमाई दूसरे दिन लगभग 30 फीसदी गिरी है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार को फिल्म ने 6.40 करोड़ का कलेक्शन किया है। अब दो दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन 14.60 करोड़ हो चुका है।
रक्षा बंधन का निर्देशन आनंद एल राय ने किया है, जबकि कहानी हिमांशु राय और कनिका ढिल्लन की है। फिल्म में भूमि पेडनेकर ने फीमेल लीड रोल निभाया है। इस फिल्म की कहानी एक भाई और उसकी चार बहनों पर आधारित है। फिल्म दहेज की समस्या और महिलाओं की आत्म-निर्भरता जैसे मुद्दों को रेखांकित करती है।
अक्षय की इस साल तीसरी फिल्म
अक्षय की इस साल यह तीसरी रिलीज फिल्म है। इससे पहले आयीं बच्चन पांडेय और सम्राट पृथ्वीराज ढेर हो चुकी हैं। ऐसे में रक्षा बंधन पर काफी उम्मीदें टिकी हुई थीं। अक्षय की फिल्मों का ऐसा हाल होना वाकई में हैरान करता है। अक्षय बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद कलाकारों में शामिल रहे हैं।
भरोसेमंद खिलाड़ी रहे हैं अक्षय कुमार
निर्माता उन पर बेझिझक पैसा लगाते रहे हैं, क्योंकि अक्षय अपने निर्माताओं का नुकसान नहीं होने देते। मगर, मौजूदा तस्वीर बेहद निराशाजनक मानी जा रही है। रक्षा बंधन के साथ रिलीज हुई आमिर की लाल सिंह चड्ढा का भी कमोबेश ऐसा ही हाल है। ट्रेड भी इस बात से हैरान है कि आखिर बॉलीवुड में चल क्या रहा है कि दो सबसे बड़े सुपरस्टार मिलकर भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक नहीं खींच पा रहे।
यह भी पढ़ें: Laal Singh Chaddha Box Office: दूसरे दिन आमिर खान की फिल्म को बड़ा झटका, इतनी रह गयी कमाई
यह भी पढ़ें: Bollywood Box Office: साउथ और हॉलीवुड ने निकाली बॉलीवुड की हवा, आसमान में रहने वाले सितारे जमीन पर