Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    WAR Box Office Collection Day 6: दशहरे पर वॉर बना लेगी यह तगड़ा रिकॉर्ड, 6 दिनों में हो चुकी इतनी कमाई

    By Manoj VashisthEdited By:
    Updated: Tue, 08 Oct 2019 04:23 PM (IST)

    WAR Box Office Collection Day 6 रिलीज़ के सात दिनों वॉर का कलेक्शन 200 करोड़ का पार जाने से इसके 300 करोड़ क्लब में जाने की उम्मीदें तेज़ हो गयी हैं। ...और पढ़ें

    Hero Image
    WAR Box Office Collection Day 6: दशहरे पर वॉर बना लेगी यह तगड़ा रिकॉर्ड, 6 दिनों में हो चुकी इतनी कमाई

    नई दिल्ली, जेएनएन। रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की फ़िल्म वॉर ने बॉक्स ऑफ़िस पर धमाका कर दिया है। रिलीज़ के 6 दिनों में फ़िल्म 200 करोड़ के बेहद क़रीब पहुंच गयी है और उम्मीद है कि मंगलवार को सातवें दिन दशहरे की छुट्टी में फ़िल्म 200 करोड़ के पड़ाव को पार कर जाएगी। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ट्रेड जानकारों के मुताबिक़, फ़िल्म के हिंदी वर्ज़न ने सोमवार को रिलीज़ के छठे दिन 20.60 करोड़ का कारोबार किया है। सोमवार को वर्किंग डे को देखते हुए यह बेहतरीन आंकड़ा है। तमिल और तेलुगु को मिलाकर फ़िल्म का 6 दिनों का कलेक्शन 187.75 करोड़ के पार पहुंच गया है। मंगलवार को देशभर में दशहरे का त्योहार मनाया जा रहा है। इस सार्वजनिक अवकाश का फ़िल्म को पूरा फ़ायदा मिलेगा। इसीलिए ट्रेड एक्सपर्ट्स को यक़ीन है कि फ़िल्म 200 करोड़ का पड़ाव आसानी से पार कर लेगी। इस पड़ाव के लिए फ़िल्म को सिर्फ़ 12.25 करोड़ की और दरकार है।

    200 करोड़ का कलेक्शन करने वाली वॉर इस साल की चौथी फ़िल्म होगी। इस क्लब में फ़िलहाल विक्की कौशल की उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक, शाहिद कपूर की कबीर सिंह, अक्षय कुमार की मिशन मंगल और सलमान ख़ान की भारत शामिल हैं। वॉर आज मिशन मंगल के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ देगी। 200 करोड़ तक पहुंचने वाली वॉर इस साल की सबसे तेज़ फ़िल्म भी बन जाएगी।

    200 करोड़ तक पहुंचने में...

    • वॉर को 7 दिन लग रहे हैं। 
    • कबीर सिंह को 13 दिन लगे थे।
    • भारत को 14 दिन लगे।
    • उरी ने 28 दिन लिये।
    • मिशन मंगल को 29 दिन लगे।

    2 अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी पर वॉर हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म ने सभी भाषाओं को मिलाकर 53.35 करोड़ की ओपनिंग ली थी। रिलीज़ के तीन दिनों में वॉर ने 100 करोड़ का अहम पड़ाव पार कर लिया था और 5 दिन के ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने 166.25 करोड़ का कलेक्शन किया। ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने सलमान ख़ान की भारत को शिकस्त दी थी, जिसने 5 दिनों के ओपनिंग वीकेंड में 150 करोड़ के आस-पास जमा किये थे।

    रिलीज़ के सात दिनों वॉर का कलेक्शन 200 करोड़ का पार जाने से इसके 300 करोड़ क्लब में जाने की उम्मीदें तेज़ हो गयी हैं। अगर ऐसा हुआ तो यह साल की पहली 300 करोड़ी फ़िल्म होगी। वॉर के सामने अभी कोई बड़ी चुनौती नहीं है। 11 अक्टूबर को प्रियंका चोपड़ा और फ़रहान अख़्तर की द स्काई इज़ पिंक आएगी, लेकिन यह एक ख़ास दर्शक वर्ग की फ़िल्म है। 

    वॉर को अब अगर किसी से चुनौती मिलेगी तो वो अक्षय कुमार की हाउसफुल4 है, जो 25 अक्टूबर को रिलीज़ होगी। तब तक वॉर के पास अपने कलेक्शंस बढ़ाने का पूरा वक़्त है।