Box Office: सुई धागा ने पहले वीकेंड में कर ली इतनी जबरदस्त कमाई
विशाल भारद्वाज की फिल्म पटाखा ने पहले वीकेंड में चार करोड़ पांच लाख रूपये का कलेक्शन किया है।
मुंबई। वरुण धवन और अनुष्का शर्मा की फिल्म सुई धागा- मेड इन इंडिया ने धीमी शुरुआत के बाद बॉक्स ऑफ़िस पर तेज़ी से अपना रुतबा दिखाते हुए पहले वीकेंड में तगड़ी कमाई कर ली है।
बॉक्स ऑफ़िस पर पिछले शुक्रवार यानि 28 सितंबर शरत कटारिया के निर्देशन में बनी सुई धागा- मेड इन इंडिया रिलीज़ हुई। वरुण धवन और अनुष्का शर्मा की इस मैसेज ओरियंटेड फिल्म ने अपने पहले वीकेंड में 36 करोड़ 60 लाख रूपये का सॉलिड कलेक्शन किया है। फिल्म को इस रविवार को 16 करोड़ पांच लाख रूपये का कलेक्शन मिला। फिल्म को दूसरे दिन 12 करोड़ 25 लाख रूपये की कमाई हुई थी जबकि आठ करोड़ 30 लाख रूपये की ओपनिंग मिली थी।
सुई धागा को इस साल के हाईएस्ट ओपनिंग वीकेंड लिस्ट में आठवें नंबर पर जगह मिली है। पहले स्थान पर संजू 120.06 है। फिर रेस 3 103 करोड़, बाग़ी 2 73.10 करोड़, गोल्ड 70.05 करोड़, सत्यमेव जयते 52.25 करोड़, रेड 41.01 करोड़ और पैड मैन 40.05 करोड़ रूपये हैं।
सुई धागा में जिस तरह से दूसरे और दिन ग्रोथ देखी गई है ये स्पष्ट रूप से माउथ पब्लिसिटी का परिणाम है। वरुण धवन और अनुष्का शर्मा ने अपने इमेज से अलग हट कर ये फिल्म की है और उनके लुक और एक्टिंग को लोगों ने पसंद किया है। वीकेंड के एक दिन बाद यानि मंगलवार को दो अक्टूबर की छुट्टी है और उस दिन फिल्म के कलेक्शन में तरक्की तय लग रही है। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म पहले हफ़्ते में 50 करोड़ के कलेक्शन को पार कर लेगी। वैसे वरुण और अनुष्का की पिछली फिल्मों के मुकाबले इस फिल्म को पहले वीकेंड में अच्छी बढ़त मिली है।
वरुण की पिछली फिल्म अक्टूबर को पहले वीकेंड में 20 करोड़ 25 लाख रूपये का कलेक्शन मिला था
अनुष्का शर्मा की पिछली फिल्म परी ने पहले तीन दिन में 15 करोड़ 34 लाख रूपये कमाए थे
ये वरुण धवन के करियर में पहले वीकेंड में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में छठे नंबर पर है। इससे पहले दिलवाले ने पहले वीकेंड में 65.09 करोड़, जुड़वा 2 ने 59.25 करोड़, एबीसीडी 2 ने 46.35 करोड़, बद्रीनाथ की दुल्हनिया ने 43.05 करोड़ और ढिशुम ने 37.32 करोड़ रूपये का कलेक्शन किया था।
वरुण धवन और अनुष्का शर्मा स्टारर सुई धागा का पूरा नाम सुई धागा मेड इन इंडिया रखा गया है। देश में हस्तशिल्प और बुनकरी की खस्ता होती हालत और स्वदेशी की अवधारण को एक कहानी के जरिये सामने लाया गया है । सुई धागा पति-पत्नी की कहानी है, जो खुदके बिजनेस की शुरुआत करते हैं। मौजी छोटी-मोटी नौकरी करता है और कई बार अपने मालिक से अपमानित होता है। वहीं, ममता हाउसवाइफ है। ममता पति के अपमान से काफी परेशान हो जाती है और उसे नौकरी छोड़कर खुद का काम करने की राय देती है। मौजी नौकरी छोड़ देता है और सिलाई का बिजनेस शुरू करता है जिसमें ममता भी उसकी मदद करती है। धीरे-धीरे यह बिजनेस बढ़ता है और सफल होने लगता है। इस फिल्म पर सभी तरह के खर्च मिला कर 25 से 30 करोड़ रूपये की लागत आई है। फिल्म को भारत में 2500 स्क्रीन्स सहित दुनिया भर में 3200 स्क्रीन्स में रिलीज़ किया गया हैl
उधर सुई धागा के साथ ही रिलीज़ हुई विशाल भारद्वाज की फिल्म पटाखा ने पहले वीकेंड में चार करोड़ पांच लाख रूपये का कलेक्शन किया है। फिल्म को सिर्फ़ 90 लाख रूपये से ओपनिंग मिली थी। पटाखा, कहानी दो बहनों की है और किस्से उनके झगड़ों के। दंगल गर्ल सान्या मल्होत्रा और टीवी स्टार राधिका मदान फिल्म में लीड रोल में हैं। फिल्म में सुनील ग्रोवर का भी अहम् रोल है।ये फिल्म छुटकी और बड़की नाम की दो बहनों की कहानी है। कहानी के बैकड्राप राजस्थान का है। इस फिल्म को 875 स्क्रीन्स में रिलीज़ किया गया । इस फिल्म का बजट 18 से 20 करोड़ रूपये के बीच है।
यह भी पढ़ें: Box Office: दूसरे वीकेंड में बत्ती पूरी तरह गुल, शाहिद-श्रद्धा की फिल्म को बस इतने करोड़