Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    The Kashmir Files Box Office: दूसरे हफ्ते में 'द कश्मीर फाइल्स' का बेहतर प्रदर्शन, 14 दिनों में पार किये ये अहम पड़ाव

    By Manoj VashisthEdited By:
    Updated: Fri, 25 Mar 2022 12:26 PM (IST)

    The Kashmir Files Box Office दो हफ्तों में बॉक्स ऑफिस पर अभूतपूर्व प्रदर्शन करने वाली द कश्मीर फाइल्स तीसरे हफ्ते में आरआरआर से भिड़ेगी। हालांकि द कश् ...और पढ़ें

    Hero Image
    The Kashmir Files Box Office Collection Day 14. Photo- Instagram

    नई दिल्ली, जेएनएन। विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स भारतीय सिनेमा की सबसे कामयाब फिल्मों में शामिल हो चुकी है। द कश्मीर फाइल्स उन चंद फिल्मों में शामिल है, जिनके कलेक्शंस का ग्राफ दूसरे हफ्ते में बेहतर रहा है। आम तौर पर यह ट्रेंड बहुत कम देखने को मिलता है। हालांकि, गुरुवार को फिल्म के कलेक्शंस में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गयी है। ओपनिंग वीकेंड के बाद पहले बार फिल्म के कलेक्शंस इतने नीचे गये हैं। अब तीसरे हफ्ते में फिल्म का मुकाबला एसएस राजामौली की RRR से है, जो इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। साथ ही एक मेगा स्टार और मेगा बजट फिल्म है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुवार को 7.20 करोड़ के साथ द कश्मीर फाइल्स ने सिनेमाघरों में दो हफ्तों का सफर पूरा कर लिया और फिल्म का 14 दिनों का नेट कलेक्शन अब 207.33 करोड़ हो चुका है। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को फिल्म के नेट कलेक्शंस में लगभग 30 फीसदी की गिरावट आयी है। ओपनिंग वीकेंड के बाद यह पहली बार है, जब फिल्म ने सिंगल डिजिट में कमाई की है।

    दूसरे हफ्ते में 110 करोड़

    द कश्मीर फाइल्स ने दूसरे हफ्ते में 110.03 करोड़ का कलेक्शन किया है, जो पहले हफ्ते के मुकाबले लगभग 13 फीसदी बेहतर है। अगर दूसरे हफ्त में द कश्मीर फाइल्स के कलेक्शंस देखें तो फिल्म ने दूसरे शुक्रवार को 19.15 करोड़, शनिवार को 24.80 करोड़, रविवार को 26.20 करोड़, सोमवार को 12.40 करोड़, मंगलवार को 10.25 करोड़ और बुधवार को 10.03 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था।

    पहले हफ्ते में 97 करोड़

    द कश्मीर फाइल्स 11 मार्च को रिलीज हुई थी और इसे 3.55 करोड़ की ओपनिंग मिली थी। मगर, रिलीज के बाद माउथ पब्लिसिटी ने फिल्म को जबरदस्त फायदा पहुंचाया और पहले शनिवार को 8.50 करोड़ का कलेक्शन किया, वहीं रविवार को 15.10 करोड़ बटोर लिये। इसके बाद द कश्मीर फाइल्स ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार डबल डिजिट में कमाई करते हुए पहले हफ्ते में 97 करोड़ जुटा लिये थे। 

    दो हफ्तों में पार किये ये अहम पड़ाव

    द कश्मीर फाइल्स ने दो हफ्तों में कई अहम पड़ाव पार किये। अगल फिल्म के कलेक्शंस की रफ्तार देखें तो 100 करोड़ तक पहुंचने में इसे आठ दिन लगे, मगर उसके बाद के पड़ाव जल्दी-जल्दी हासिल हुए हैं। फिल्म को 100 करोड़ से 200 करोड़ तक पहुंचने में सिर्फ 5 दिन का वक्त लगा। 

    • 75 करोड़- 6 दिन
    • 100 करोड़- 8 दिन
    • 150 करोड़- 10 दिन
    • 175 करोड़- 11 दिन
    • 200 करोड़- 13 दिन

    दूसरे हफ्ते में डबल हो गयी थीं स्क्रींस

    द कश्मीर फाइल्स 11 मार्च को महज 650 स्क्रींस पर सीमित रिलीज के तौर पर उतारी गयी थी, मगर ओपनिंग वीकेंड में ही फिल्म के बज की लोकप्रियता को देखते हुए चौथे दिन स्क्रींस की तादाद बढ़ाकर 2700 कर दी गयी, जिसमें से 2500 स्क्रींस घरेलू और 200 स्क्रींस ओवरसीज में थीं। माउथ पब्लिसिटी, सोशल मीडिया और राजनीतिक सपोर्ट के साथ द कश्मीर फाइल्स हर गुजरते दिन के साथ बड़ी होती रही। नतीजा यह हुआ की 18 मार्च को दूसरे हफ्ते में स्क्रींस बढ़ाकर 4350 कर दी गयीं। दूसरे हफ्ते में फिल्म देस में 4000 और ओवरसीज में 350 स्क्रींस पर चली। हालांकि, अब तीसरे हफ्ते में आरआरआर की रिलीज से फिल्म की स्क्रींस पर असर पड़ा है और तीसरे हफ्ते में 3250 स्क्रींस पर चल रही है, जिसमें से 2800 स्क्रींस देश में और 450 ओवरसीज में हैं। 

    द कश्मीर फाइल्स Vs आरआरआर

    अब तीसरे हफ्ते में द कश्मीर फाइल्स को एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर से टक्कर लेनी होगी, जो आज 25 मार्च को सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है। यह मूल रूप से तेलुगु फिल्म है, मगर हिंदी बेल्ट में भी बड़े पैमाने पर रिलीज की जा रही है। फिल्म में राम चरण और एनटीआर जूनियर मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि अजय देवगन, आलिया भट्ट और श्रिया सरन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।