Street Dancer 3D Box Office Collection Day 6: छह दिनों में 50 करोड़ के पार पहुंची स्ट्रीट डांसर, जानिए कुल कमाई
Street Dancer 3D Box Office Collection Day 6 स्ट्रीट डांसर पर अजय देवगन की तानाजी- द अनसंग वॉरियर का भी असर पड़ रहा है जो तीसरे हफ़्ते में भी डटी हुई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। वरुण धवन और श्रद्धा कपूर की फ़िल्म स्ट्रीट डांसर 3डी ने रिलीज़ के छह दिनों में 50 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है। हालांकि ट्रेड के मुताबिक स्ट्रीट डांसर जैसी फ़िल्म को यह पड़ाव ओपनिंग वीकेंड में ही पार कर लेना चाहिए था।
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक़, स्ट्रीट डांसर 3डी ने बुधवार को 3.58 करोड़ का कलेक्शन किया है। अब फ़िल्म का 6 दिनों का कलेक्शन 53.34 करोड़ हो गया है। हालांकि स्ट्रीट डांसर की रफ़्तार से ट्रेड जानकार ख़ुश नहीं हैं, क्योंकि इस फ़िल्म से बहुत उम्मीदें थीं। फ़िल्म के कलेक्शंस लगातार नीचे जा रहे हैं।
अगर पहले हफ़्ते में स्ट्रीट डांसर 3डी के कलेक्शंस देखे तो 24 जनवरी को 3700 स्क्रींस पर रिलीज़ हुई स्ट्रीट डांसर 3डी ने अनुमान से कम 10.26 करोड़ की ओपनिंग ली थी। शनिवार और रविवार को फ़िल्म की कमाई में बढ़ोत्तरी हुई। शनिवार को स्ट्रीट डांसर 3डी ने 13.21 करोड़ जमा किये थे, जबकि रविवार को 17.76 करोड़ का कलेक्शन किया था। ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने 40 करोड़ का आंकड़ा कामयाबी के साथ पार किया था। सोमवार को फ़िल्म ने 4.65 करोड़ और मंगलवार को 3.88 करोड़ की रकम जुटाई।
#StreetDancer3D continues to slide downwards... Fri 10.26 cr, Sat 13.21 cr, Sun 17.76 cr, Mon 4.65 cr, Tue 3.88 cr, Wed 3.58 cr. Total: ₹ 53.34 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) January 30, 2020
फ़िल्म के लिए वर्किंग डेज़ काफ़ी अहम हैं, क्योंकि अगले शुक्रवार से नई फ़िल्मों जवानी जानेमन और हैप्पी हार्डी और हीर की रिलीज़ के बाद इसकी चुनौतियां बढ़ जाएंगी। स्ट्रीट डांसर 3डी को रेमो डिसूज़ा ने डायरेक्ट किया है और उनकी डांस फ़िल्मों की सीरीज़ में यह तीसरी पेशकश है।
वरुण और श्रद्धा के अलावा फ़िल्म में प्रभु देवा और नोरा फतेही भी अहम किरदारों में नज़र आ रहे हैं। स्ट्रीट डांसर पर अजय देवगन की तानाजी- द अनसंग वॉरियर का भी असर पड़ रहा है, जो तीसरे हफ़्ते में भी डटी हुई है। वरुण की इस साल यह पहली रिलीज़ है। पिछले साल उनकी एक ही फ़िल्म कलंक आयी थी, जो बॉक्स ऑफ़िस पर फ्लॉप रही थी।