Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Box Office: 'संजू' ने कर दिया रणबीर का बेड़ा पार, पहले हफ़्ते में कमाई 200 करोड़ पार

    By Manoj VashisthEdited By:
    Updated: Sat, 07 Jul 2018 06:14 PM (IST)

    इस क्लब में अभी सिर्फ़ 8 फ़िल्में हैं, यानि 200 करोड़ क्लब में जाने वाली 'संजू' 9वीं फ़िल्म होगी। दिलचस्प संयोग यह है कि 200 करोड़ क्लब में पहुंचने वा ...और पढ़ें

    Hero Image
    Box Office: 'संजू' ने कर दिया रणबीर का बेड़ा पार, पहले हफ़्ते में कमाई 200 करोड़ पार

    मुंबई। रणबीर कपूर ने अपने अब तक के करियर की सबसे बड़ी कामयाबी हासिल कर ली है। 29 जून को रिलीज़ हुई फ़िल्म 'संजू' ने पहले हफ़्ते में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही रणबीर ने सबसे अधिक बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन का अपना 5 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ट्रेड जानकारों के अनुसार, गुरुवार को 'संजू' ने 16.10 करोड़ का कलेक्शन किया और इसके साथ ही फ़िल्म का कुल नेट कलेक्शन 202.51 करोड़ हो गया है। रिलीज़ के साथ ही फ़िल्म ने जो रफ़्तार पकड़ी थी, उससे अंदाज़ा हो गया था कि फ़िल्म पहले हफ़्ते में ₹200 करोड़ का कलेक्शन कर लेगी और वही हुआ भी। ओपनिंग वीकेंड में ₹120.06 करोड़ का कलेक्शन करने के बाद संजू की रफ़्तार कामकाजी दिनों में भी जारी रही। सोमवार से लेकर गुरुवार तक फ़िल्म के कलेक्शंस में गिरावट तो आयी, मगर इतनी नहीं कि ₹200 करोड़ की मंज़िल दूर हो जाए।

    फ़िल्म ने सोमवार को ₹25.35 करोड़, मंगलवार को ₹22.10 करोड़, बुधवार को ₹18.90 करोड़ और गुरुवार को ₹16.10 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस ख़ास मौक़े पर रणबीर ने एक वीडियो संदेश जारी किया है, जिसमें उन्होंने जनता से पायरेसी को बढ़ावा ना देने की अपील की है। याद दिला दें कि रिलीज़ के दिन ही संजू को कुछ शरारती तत्वों ने सोशल मीडिया साइट्स पर अपलोड कर दिया था।

    संजू अब रणबीर के करियर की सबसे बड़ी कामयाबी बन गयी है। इससे पहले रणबीर की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफ़िस सक्सेस 'यह जवानी है दीवानी' थी, जिसने ₹190.03 करोड़ का कलेक्शन किया था। 2013 में आयी इस फ़िल्म को अयान मुखर्जी ने डायरेक्ट किया था, जिनके साथ रणबीर अब 'ब्रह्मास्त्र' कर रहे हैं। 'संजू' 100 करोड़ क्लब में जाने वाली रणबीर की चौथी फ़िल्म है, जबकि 200 करोड़ क्लब में वो पहली बार पहुंचे हैं। इसके साथ ही रणबीर बॉलीवुड के उन सुपरस्टार्स की लिस्ट में शामिल हो गये हैं, जिनकी फ़िल्मों ने बॉक्स ऑफ़िस पर ₹200 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। इस क्लब में जाने वाली 'संजू' 9वीं फ़िल्म है।  

    दिलचस्प संयोग यह है कि 200 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली पहली फ़िल्म '3 ईडियट्स' थी, जिसे 'संजू' के निर्देशक राजकुमार हिरानी ने डायरेक्ट किया था और आमिर ख़ान ने इसमें लीड रोल निभाया था। यह फ़िल्म 2009 में रिलीज़ हुई थी और ₹202 करोड़ का कलेक्शन किया था। अब रणबीर को भी हिरानी ने ही 200 करोड़ क्लब में पहुंचाया है। बाद में आमिर ख़ान की 'धूम 3' ने ₹280.25 करोड़ का कलेक्शन किया और इस क्लब की सदस्य बनी।

    रितिक रोशन की 'कृष 3' ने ₹240.50 करोड़ का कलेक्शन करके 200 करोड़ क्लब में एंट्री ली थी। शाह रुख़ ख़ान की 'चेन्नई एक्सप्रेस' ₹226.70 करोड़ जमा करके 200 करोड़ क्लब की मेंबर बनी। शाह रुख़ की एक और फ़िल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' ₹205 करोड़ जमा करके 200 करोड़ क्लब में है।

    2017 में आयी अजय देवगन की 'गोलमाल अगेन' ने ₹205.72 करोड़ का कलेक्शन किया था। सलमान ख़ान की 'किक' ₹233 करोड़ का बिज़नेस करके इस क्लब में आयी, जबकि 'प्रेम रतन धन पायो' ने ₹207.40 करोड़ जमा किये थे। (यहां उन फ़िल्मों को शामिल नहीं किया गया है, जिन्होंने  300 करोड़ या इससे अधिक बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन किया है)