Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते कई राज्यों में सिनेमाघरों का संचालन प्रभावित, जानें- कहां खुले हैं, कहां बंद

    By Manoj VashisthEdited By:
    Updated: Thu, 06 Jan 2022 11:04 AM (IST)

    COVID 19 Box Office दूसरी लहर के शिथिल पड़ने के बाद जहां-जहां सिनेमाघरों को 100 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति दी गयी थी वहां भी अब सीटिंग कैपेसिटी 50 फीसदी कर दी गयी है। नाइट कर्फ्यू और वीकेंड कर्फ्यू जैसे कदम भी उठाये गये हैं।

    Hero Image
    Cinema Halls and Multiplexes closed in some states. Photo- Twitter, ANI

    नई दिल्ली, जेएनएन। देशभर में कोरोना वायरस के मामलों में एकाएक बेतहाशा बढ़ोत्तरी के साथ तीसरी लहर की आशंका जतायी जाने लगी है और इसी के साथ तमाम राज्यों ने सतर्कता दिखाते हुए एहतियाती कदम उठाना शुरू कर दिया है, जिनके तहत सिनेमाघरों पर भी प्रतिबंध लगाये गये हैं। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दूसरी लहर के शिथिल पड़ने के बाद जहां-जहां सिनेमाघरों को 100 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति दी गयी थी, वहां भी अब सीटिंग कैपेसिटी 50 फीसदी कर दी गयी है। नाइट कर्फ्यू और वीकेंड कर्फ्यू जैसे कदम भी उठाये गये हैं। इन प्रतिबंधों का सीधा असर फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शंस पर नजर आता है। ऐसे में बदले हुए हालात में जनवरी में कई फिल्मों की रिलीज स्थगित हो चुकी है। इनमें वो फिल्में भी शामिल हैं, जिन्हें पैन इंडिया रिलीज किया जा रहा है। पहले जानते हैं कि अभी तक किस राज्य में सिनेमाघरों को लेकर क्या गाइडलाइंस जारी की गयी हैं-

    • हिंदी फिल्मों के कलेक्शंस के लिहाज से महाराष्ट्र सबसे अहम राज्य है। हिंदी फिल्मों को सबसे अधिक कमाई मुंबई टेरीटरी से होती है। ऐसे में महाराष्ट्र में गाइडलाइंस के तहत होने वाले बदलाव फिल्म कारोबार को सबसे अधिक प्रभावित करते हैं। दूसरी लहर में कई महीनों तक महाराष्ट्र के सिनेमाघर बंद रहे थे, जिन्हें पिछले साल 22 अक्टूबर को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोला गया था। अब कोविड-19 और ओमिक्रोन के मामले बढ़ने के बाद राज्य में रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। हालांकि, सिनेमाघरों को सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करने की फिलहाल अनुमति है। 
    • दिल्ली में ओमिक्रोन के मामले बढ़ने के बाद 29 दिसम्बर से येलो अलर्ट घोषित किया जा चुका है और तभी से सिनेमा हॉल बंद किये जा चुके हैं। राज्य में नाइट कर्फ्यू और वीकेंड कर्फ्यू भी लागू किये जा चुके हैं।
    • पंजाब में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू है। वहीं, सिनेमाघर 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित किये जा रहे हैं। पूरा स्टाफ डबल वैक्सीनेटेड होना चाहिए। नाइट कर्फ्यू की वजह से देर शाम वाले शोज संचालित नहीं किये जा सकते।
    • हरियाणा में 2 से 12 जनवरी तक गुरुग्राम, फरीदाबाद, अम्बाला, पंचकुला, सोनीपत में हाइएस्ट डेली इफेक्शन रेट होने की वजह से सिनेमाघर बंद कर दिये गये हैं। गुरुवार को 6 और शहरों करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, यमुना नगर, रोहतक और झज्जर को ग्रुप ए में शामिल किया गया और पाबंदिया लगा दी गयीं, जिसके तहत इन शहरों में भी सिनेमाघर बंद कर दिये गये हैं। 
    • उत्तर प्रदेश में जिन जिलों में 1000 से अधिक केस हैं, वहां सिनेमाघरों की क्षमता 50 फीसदी कर दी गयी है। 6 जनवरी से नाइट कर्फ्यू की अवधि बढ़ाकर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर दी गयी है। 
    • छत्तीसगढ़ में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू है। वहीं, जिन जिलों में पॉजिटिविटी रेट 4 फीसदी से अधिक है, वहां सिनेमाघर बंद करने के निर्देश दिये गये हैं।
    • मध्य प्रदेश में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। सिनेमाघर 50 फीसदी क्षमता के साथ चल रहे हैं।
    • बिहार सरकार ने अगले आदेश तक राज्य में सिनेमा हाल बंद कर दिये हैं। 
    • हिमाचल प्रदेश में बुधवार को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू की घोषणा की गयी है। वहीं, सिनेमाहॉल बंद कर दिये गये हैं।
    • पश्चिम बंगाल में 15 जनवरी तक रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू है। सिनेमाघरों को 50 फीसदी क्षमता के साथ रात 10 बजे तक खोलने की अनुमति है।
    • तमिलनाडु में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए फिलहाल 50 फीसदी क्षमता के साथ सिनेमाघर संचालित किये जा रहे हैं। बुधवार को राज्य सरकार ने 6 जनवरी से नाइट कर्फ्यू की घोषणा की, जो रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा। रविवार को फुल लॉकडाउन रहेगा। मतलब रविवार को सिनेमाघर भी नहीं खुलेंगे।
    • कर्नाटक में 28 दिसम्बर से 10 दिनों के लिए नाइट कर्फ्यू लागू है। रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक आवाजाही पर रोक है। सिनेमाघर 50 फीसदी क्षमता के साथ खुले हैं। 

    कोलकाता फिल्म फेस्टिवल स्थगित

    कोविड-19 मामलों के मद्देनजर कोलकाता में 7 जनवरी से 14 जनवरी तक चलने वाला 27वां कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल रद कर दिया गया है।

    तीन फिल्मों की रिलीज टली

    2021 में दूसरी लहर के बाद जैसे-जैसे राज्यों में अनलॉक शुरू हुआ, सिनेमाघर भी सीमित क्षमता के साथ संचालित होने लगे थे और कई फिल्मों की रिलीज डेट घोषित की गयी थीं और फिल्म इंडस्ट्री को एक बार फिर कारोबार पटरी पर लौटने की आस बंधने लगी थी। नवम्बर में आयी अक्षय कुमार की सूर्यवंशी और दिसम्बर में आयीं स्पाइडरमैन- नो वे होम और पुष्पा की सक्सेस ने मेकर्स के विश्वास को मजबूत किया। मगर, दिसम्बर का आखिरी हफ्ता आते-आते ओमिक्रोन और कोविड मामलों में बढ़ोत्तरी के साथ राज्य एक बार फिर कड़े प्रतिबंधों की ओर लौटने लगे, जिसके चलते फिल्मों की रिलीज डेट्स एक बार फिर स्थगित होने लगीं।

    दिसम्बर में ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले बढ़ने के बाद जैसे ही प्रतिबंध कड़े हुए, सबसे पहले शाहिद कपूर की फिल्म जरसी की रिलीज स्थगित हुई, जो 31 दिसम्बर को आने वाली थी। इसके बाद एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म आरआरआर की रिलीज भी रोक दी गयी। यह फिल्म 7 जनवरी को सिनेमाघरों में लगने वाली थी। मंगलवार को अक्षय कुमार की फिल्म पृथ्वीराज की रिलीज टलने की खबर आयी, जो 21 जनवरी को सिनेमाघरों में उतरने वाली थी। बुधवार को बहुभाषी फिल्म राधे श्याम की रिलीज स्थगित कर दी गयी। निर्माताओं ने रिलीज की नई तारीख नहीं बतायी है।