Move to Jagran APP

Box Office: ये हैं पहली छमाही की 4 हिट फ़िल्में, मगर 100 करोड़ में एक भी नहीं

हॉलीवुड की चुनौती भी हिंदी सिनेमा को बराबर मिलती रही। एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर जैसी फ़िल्म ने 200 करोड़ का बड़ा आंकड़ा पार किया।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Mon, 02 Jul 2018 03:53 PM (IST)Updated: Sun, 15 Jul 2018 03:29 PM (IST)
Box Office: ये हैं पहली छमाही की 4 हिट फ़िल्में, मगर 100 करोड़ में एक भी नहीं
Box Office: ये हैं पहली छमाही की 4 हिट फ़िल्में, मगर 100 करोड़ में एक भी नहीं

मुंबई। हिंदी सिनेमा के लिए साल की पहली छमाही काफ़ी दिलचस्प रही है। कई अहम फ़िल्में रिलीज़ हुईं, जिन्होंने बॉक्स ऑफ़िस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया। इस दरम्यान 9 ऐसी फ़िल्में आयी हैं, जो बिज़नेस के लिहाज़ से हिट और सुपरहिट केटेगरी में शुमार हो गयी हैं। वहीं, 100 करोड़ क्लब में भी कई फ़िल्मों ने अपनी उपस्थिति दर्ज़ करवायी। हालांकि कुछ ऐसी फ़िल्में फ्लॉप रहीं, जिनसे अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद थी।

prime article banner

हॉलीवुड की चुनौती भी हिंदी सिनेमा को बराबर मिलती रही। एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर जैसी फ़िल्म ने 200 करोड़ का बड़ा आंकड़ा पार किया। और भी हॉलीवुड फ़िल्मों ने भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर अपना जलवा दिखाया।

100 करोड़ से दूर, लेकिन हिट

पहले बात करते हैं उन फ़िल्मों की जो 100 करोड़ क्लब में तो नहीं पहुंच सकीं, मगर ROI यानि रिटर्न ऑन इनवेस्टमेंट के हिसाब से हिट या सुपरहिट घोषित की गयीं। साल 2018 की पहली हिट अक्षय कुमार की फ़िल्म 'पैडमैन' है। 9 फरवरी को रिलीज़ हुई इस फ़िल्म ने 78.95 करोड़ का कलेक्शन किया। आर बाल्की निर्देशित इस फ़िल्म पर अक्षय कुमार ने लगभग 40 करोड़ ख़र्च किये थे। फ़िल्म 100 करोड़ क्लब में तो नहीं पहुंच सकी, मगर लागत से लगभग दोगुना कलेक्शन करके हिट हो गयी। 23 मार्च को सिनेमाघरों में पहुंची रानी मुखर्जी की 'हिचकी' हिट फ़िल्मों में शामिल है। आपको जानकर हैरत होगी कि सिद्धार्थ पी मल्होत्रा निर्देशित फ़िल्म ने महज़ 46.17 करोड़ जमा किये थे, मगर नियंत्रित बजट और सधी हुई प्लानिंग के चलते फ़िल्म हिट हो गयी।

25 मई को आयी जॉन अब्राहम की फ़िल्म 'परमाणु- द स्टोरी ऑफ़ पोखरण' भी पहले हाफ़ की हिट फ़िल्मों की लिस्ट में शामिल है। फ़िल्म ने 63.68 करोड़ का कलेक्शन किया था। अभिषेक शर्मा निर्देशित फ़िल्म का निर्माण जॉन की कंपनी ने ही किया। पहली जून को शशांक घोष निर्देशित 'वीरे दी वेडिंग' रिलीज़ हुई। इस ऑल वुमन फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर कलेक्शन के साथ विवादों को भी अपने नाम किया। करीना कपूर, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर, शिखा तलसानिया अभिनीत फ़िल्म 80.23 करोड़ जमा करके अप्रत्याशित रूप से हिट हो गयी। इस फ़िल्म का निर्माण सोनम की बहन रिया कपूर ने एकता कपूर के साथ मिलकर किया।

100 करोड़ क्लब में पहुंची ये फ़िल्में साल

2018 अभी आधा ही गुज़रा है, मगर 5 फ़िल्में 100 करोड़ पहुंच चुकी हैं। 2018 में पहली 100 करोड़िया फ़िल्म बनने का सौभाग्य एक ऐसी फ़िल्म को मिला, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। 23 फरवरी को रिलीज़ हुई लव रंजन निर्देशित 'सोनू के टीटू की स्वीटी' ने सभी को चौंकाते हुए बॉक्स ऑफ़िस पर 108.46 करोड़ जमा किये। बजट और कमाई के आंकड़ों के हिसाब से इस फ़िल्म को सुपरहिट घोषित किया गया।

100 करोड़ क्लब में जाने वाली साल की दूसरी फ़िल्म रेड है। 16 मार्च को रिलीज़ हुई राजकुमार गुप्ता निर्देशित फ़िल्म 'रेड' ने 101.54 करोड़ का कलेक्शन किया। फ़िल्म हिट रही। अजय देवगन, इलियाना डिक्रूज़ और सौरभ शुक्ला ने मुख्य किरदार निभाये।

30 मार्च को रिलीज़ हुई टाइगर श्रॉफ़ की 'बाग़ी 2' सुपरहिट फ़िल्म घोषित की गयी। अहमद ख़ान निर्देशित फ़िल्म ने 165 करोड़ का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन किया। इस फ़िल्म में टाइगर अपनी रियल लाइफ़ गर्लफ्रेंड दिशा पाटनी के साथ आये। 100 करोड़ क्लब में जाने वाली पहले हाफ़ की सबसे असरदार और कामयाब फ़िल्म राज़ी है।

11 मई को रिलीज़ हुई फ़िल्म 'राज़ी' ने 123.17 करोड़ का कलेक्शन किया। मेघना गुलज़ार निर्देशित फ़िल्म आलिया और विक्की कौशल ने मुख्य भूमिकाएं अदा की थीं, मगर फ़िल्म आलिया के कंधों पर टिकी थी, जिसके लिए आलिया की ख़ूब तारीफ़ हुई। राजकुमार हिरानी निर्देशित संजय दत्त की बायोपिक 'संजू' 29 जून को सिनेमाघरों में पहुंची है। फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 120.06 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। रणबीर कपूर संजय दत्त के किरदार में हैं। इस फ़िल्म से बड़े कलेक्शन कि उम्मीद है।

औसत रही ये फ़िल्में

 

कुछ ऐसी फ़िल्में भी इस साल रिलीज़ हुई हैं, जिन्होंने बॉक्स ऑफ़िस नंबर्स तो अच्छे हासिल किये, मगर बजट अधिक होने की वजह से ज़्यादा कमाई नहीं कर सकीं और इन्हें औसत घोषित किया गया। ऐसी फ़िल्में में संजय लीला भंसाली की 'पद्मावत' का नाम लिया जा सकता है, जिसने 300.26 करोड़ जमा किये थे। अभी तक की यह अकेली फ़िल्म है, जो 300 करोड़ क्लब में पहुंची है। मगर, इतना बड़ा आंकड़ा हासिल करने के बावजूद मेगा बजट होने की वजह से 'पद्मावत' कमाई के मामले में पिछड़ गयी और औसत घोषित की गयी। 

15 जून को सिनेमाघरों में पहुंची सलमान ख़ान की 'रेस3' ने 169 करोड़ का कलेक्शन किया है, मगर इस फ़िल्म का बजट (लगभग 150 करोड़) भी अधिक होने की वजह से यह बॉक्स ऑफ़िस पर औसत ही कही गयी। 2 मार्च को आयी अनुष्का शर्मा की हॉरर फ़िल्म 'परी' 24.65 करोड़ का कलेक्शन करके औसत रही। अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर की '102 नॉट आउट' ने 51.79 करोड़ जमा किया। यह फ़िल्म भी बॉक्स ऑफ़िस पर औसत घोषित की गयी।

9 मार्च को आयी इरोटिक थ्रिलर फ़िल्म 'हेट स्टोरी4' के 20.04 करोड़ के बिज़नेस को भी औसत ही माना गया। शूजित सरकार निर्देशित 'अक्टूबर' क्रिटिक्स की पसंद तो रही, मगर दर्शकों को कम पसंद आयी, जिसके चलते यह फ़िल्म 45.36 करोड़ का कलेक्शन करके औसत घोषित की गयी।

उम्मीद पर खरी नहीं उतरीं ये फ़िल्में

साल के पहले हाफ़ की सबसे बड़ी असफलताओं में 'अय्यारी' शामिल है, जो महज़ 17 करोड़ का कलेक्शन कर सकी। 16 फरवरी को रिलीज़ हुई इस फ़िल्म को नीरज पांडेय ने निर्देशित किया था। मनोज बाजपेयी, सिद्धार्थ मल्होत्रा और रकुल प्रीत ने फ़िल्म में मुख्य किरदार अदा किये थे। नीरज के ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए 'अय्यारी' की असफलता चौंकाने वाली रही। राजकुमार राव की 'ओमेर्टा' भी बॉक्स ऑफ़िस पर फ्लॉप डिक्लेयर की गयी। हंसल मेहता निर्देशित यह फ़िल्म महज़ 3 करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी।

अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर की दूसरी फ़िल्म 'भावेश जोशी सुपरहीरो' को पहले हाफ़ की सबसे बड़ी असफलता कहा जा सकता है। हर्ष की यह दूसरी फ़िल्म थी, लिहाज़ा बेहतर परफॉर्मेंस की उम्मीद फ़िल्म से थी, मगर विक्रमादित्य मोटवाने निर्देशित 'भावेश जोशी' महज़ 1.42 करोड़ का कलेक्शन ही कर पायी। यह फ़िल्म 2018 की बड़ी असफलताओं में शामिल हो गयी है।

हॉलीवुड फ़िल्मों का शानदार प्रदर्शन

पहले हाफ़ में 6 हॉलीवुड फ़िल्में रिलीज़ हुई हैं, जिनमें से अधिकतर ने बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन किया है। पहले हाफ़ की सबसे सफल हॉलीवुड फ़िल्म 'एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर' है, जिसने 222.69 करोड़ का कलेक्शन किया। भारत में यह किसी हॉलीवुड फ़िल्म की सबसे अधिक कमाई है। 'जुरासिक वर्ल्ड फॉलेन किंगडम' भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर 117 करोड़ जमा कर चुकी है।

 

48.18 करोड़ का कलेक्शन करके 'डेडपूल2' प्लस में रही। ड्वेन जॉनसन की 'रैम्पेज' ने 26.50 करोड़ का बिज़नेस किया है। 'ब्लैक पैंथर' 38.10 जमा करके फ़ायदे में रही। हालांकि क्रिटिक्स की पसंद रही 'द पोस्ट' महज़ 4.17 करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी और फ्लॉप रही।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.