Move to Jagran APP

Box Office 2022: पूरे साल बॉक्स ऑफिस पर पटखनी खाता रहा बॉलीवुड, 'सर्कस' के साथ साल की आखिरी उम्मीद भी ढेर

Box Office 2022 Report साल की शुरुआत में फिल्मों के रिलीज प्लान पैनडेमिक के कारण हिचकोले खाते रहे मगर इसके बावजूद मार्च में आयीं द कश्मीर फाइल्स और गंगूबाई काठियावाड़ी ने उम्मीदें जगायीं जो आने वाले महीनों में धराशायी हो गयीं।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Mon, 26 Dec 2022 03:18 PM (IST)Updated: Mon, 26 Dec 2022 04:15 PM (IST)
Bollywood Suffers Back To Back Flops. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2022 बॉलीवुड फिल्मों के लिए बेहद खराब रहा है। बड़े-बड़े सितारों से सजी हिंदी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ढेर होती रहीं। वहीं, कुछ ऐसी फिल्में खूब चलीं, जिनसे ज्यादा उम्मीदें नहीं थीं। बॉक्स ऑफिस पर साउथ की फिल्में छायी रहीं और रिकॉर्ड बनाती रहीं। कुल मिलाकर 2022 हिंदी सिनेमा के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है। 

loksabha election banner

इस साल कोरोना वायरस पैनडेमिक के चलते फिल्में हिचकते हुए रिलीज की गयीं। तीसरी लहर की आशंका में जनवरी का महीना खाली रहा। जिन फिल्मों की रिलीज निर्धारित थी, उन्हें भी टाल दिया गया था। फरवरी में राजकुमार राव की बधाई दो पहली हिंदी फिल्म थी, जो सिनेमाघरों में पहुंची थी। यह फिल्म फ्लॉप रही।

यह भी पढ़ें: Year Ender- ब्रह्मास्त्र, लाल सिंह चड्ढा से लेकर सम्राट पृथ्वीराज तक, 2022 में इन फिल्मों के कारण मचा बवाल

मार्च में गंगूबाई काठियावाड़ी, झुंड, द कश्मीर फाइल्स और बच्चन पांडेय रिलीज हुईं। इनमें गंगूबाई काठियावाड़ी और द कश्मीर फाइल्स ने शानदार कलेक्शन किया। गंगूबाई काठियावाड़ी 100 करोड़ क्लब में जाने तो द कश्मीर फाइल्स 200 करोड़ क्लब में दाखिल होने वाली पहली हिंदी फिल्म बनी। अप्रैल में आयीं अटैक, जरसी, रनवे 34 और हीरोपंती 2 फ्लॉप रहीं।

मई से रिलीज में आयी तेजी, मगर ढेर होती रहीं फिल्में

मई आते-आते हालात काफी सामान्य हो गये और फिल्मों की रिलीज में तेजी आने लगी। मई से जुलाई के बीच रिलीज हुईं लगभग सभी हिंदी फिल्में फ्लॉप रहीं। इनमें जयेशभाई जोरदार, धाकड़, सम्राट पृथ्वीराज, अनेक, जनहित में जारी, निकम्मा, जुग जुग जियो, शमशेरा, एक विलेन रिटर्न्स जैसी फिल्में शामिल हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर नहीं चलीं। सिर्फ कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2 इस पीरियड में चली और हिट रही।

अगस्त से दिसम्बर तक भी कमोबेश यही हाल रही। इस पीरियड में रिलीज हुईं रक्षा बंधन, लाल सिंह चड्ढा, लाइगर, गुडबाय, विक्रम वेधा, राम सेतु, थैंक गॉड, फोन बूथ, ऊंचाई, भेड़िया और एन एक्शन हीरो जैसी फिल्में असफल रहीं। इनमें से कुछ फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने की उम्मीद थी। 

2022 की आखिरी उम्मीद सर्कस भी धड़ाम

अब बॉलीवुड की आखिरी उम्मीद सर्कस भी बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम होती नजर आ रही है। ओपनिंग वीकेंड में फिल्म ऐसा कारनामा नहीं दिखा सकी है, जिससे साल की विदाई धमाकेदार होने के आसार नजर आते। रोहित शेट्टी की फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में लगभग 20.85 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। इतनी कमाई कभी रणवीर सिंह की फिल्म एक ही दिन में कर लिया करती थी। 2018 में आयी सिम्बा ने 20.78 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया था। आंकड़ों का यह फर्क बॉक्स ऑफिस पर हिंदी फिल्मों की लोकप्रियता में आयी गिरावट को भी दर्शाता है।

ये हैं 2022 की टॉप-5 फिल्में

इस साल सिर्फ तीन हिंदी फिल्में ही 200 करोड़ क्लब में पहुंची हैं। इनमें पहले स्थान पर द कश्मीर फाइल्स है, जिसने 252 करोड़ जमा किये थे। वहीं, दूसरे स्थान पर ब्रह्मास्त्र है, जिसने 244 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। तीसरे स्थान पर अजय देवगन की दृश्यम 2 आ गयी है, जिसने 226 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है। चौथे स्थान पर कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2 और पांचवें स्थान पर 128 करोड़ के साथ गंगूबाई काठियावाड़ी मौजूद है। 

  1. द कश्मीर फाइल्स
  2. ब्रह्मास्त्र पार्ट-1: शिवा
  3. दृश्यम
  4. भूल भुलैया 2
  5. गंगूबाई काठियावाड़ी

साउथ की फिल्मों का जलवा

इस साल हिंदी भाषा में सबसे अधिक कमाई करने का रिकॉर्ड यश की कन्नड़ फिल्म केजीएफ 2 के नाम है, जिसने 434 करोड़ का कलेक्शन हिंदी बेल्ट में किया। इसके बाद तेलुगु फिल्म आरआरआर के हिंदी वर्जन ने 277 करोड़ जमा किये थे। वहीं, तेलुगु फिल्म कार्तिकेय 2 के हिंदी संस्करण ने 30 करोड़ कमाये, मगर यह सुपर हिट रही। कन्नड़ फिल्म कांतारा के हिंदी वर्जन ने भी 81 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। यह फिल्म भी हिट रही।

यह भी पढ़ें: Year Ender 2022- विजय देवरकोंडा, रश्मिका सहित साउथ के इन सितारों ने हिंदी फिल्मों में किया डेब्यू, देखें लिस्ट


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.