विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Zwigato Trailer: डिलीवरी राइडर के रोल में कपिल शर्मा की सहज अदाकारी, ट्रेलर में दिखा कॉमेडियन का संजीदा अंदाज

By Manoj VashisthEdited By: Manoj Vashisth
Published: Wed, 01 Mar 2023 03:29 PM (IST)Updated: Wed, 01 Mar 2023 04:23 PM (IST)

Zwigato Film Trailer Out कपिल शर्मा और शहाना गोस्वामी फिल्म में लीड रोल्स में हैं। ज्विगाटो का निर्देशन नंदिता दास ...और पढ़ें

Zwigato Trailer Out Staring Kapil Sharma Shahana Goswami. Photo- Screenshot
Zwigato Trailer Out Staring Kapil Sharma Shahana Goswami. Photo- Screenshot

नई दिल्ली, जेएनएन। अपनी कॉमेडी से हंसाने-गुदगुदाने वाले कलाकार कपिल शर्मा अपनी आने वाली फिल्म ज्विगाटो में एक संजीदा किरदार में नजर आने वाले हैं। फिल्म का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। इस फिल्म में कपिल एक मिडिल क्लास फैमिली मैन के रोल में हैं, जिसे आर्थिक कारणों से एक फूड ऐप के लिए डिलीवरी मैन का काम करना पड़ता है। 

नंदिता दास निर्देशित फिल्म की कहानी कोरोना पैनडेमिक के बाद के कालखंड में सेट की गयी है, जब लॉकडाउन और दूसरे प्रतिबंधों के कारण कई लोगों को नौकरियों से हाथ धोना पड़ा था। ज्विगाटो मुख्य किरदारों के जरिए ऐसे ही लोगों के दैनिक संघर्ष को दिखाती है। फिल्म में शहाना गोस्वामी, कपिल शर्मा की पत्नी का किरदार निभा रही हैं।

क्या है कहानी?

ज्विगाटो की कहानी भुवनेश्वर में दिखायी गयी है। कपिल का किरदार एक फैक्ट्री का पूर्व फ्लोर मैनेजर है, जो महामारी के दौरान बेरोजगार हो जाता है। परिवार का पेट भरने के लिए वो फूड डिलीवरी राइडर के रूप में काम शुरू करता है, मगर यहां रेटिंग्स और इनसेंटिव के खेल में उलझा रहता है। 

कैसा है ट्रेलर?

ट्रेलर में कपिल के किरदार की रोजमर्रा की जिंदगी और चुनौतियां दिखायी गयी हैं। एक्स्ट्रा इनकम के लिए ग्राहकों के साथ सेल्फी लेना, बच्चों की मांगों और जरूरतें पूरी करने के लिए संघर्ष, पत्नी का परिवार को सपोर्ट करने के लिए काम करना, रेटिंग की मारामारी जैसे तथ्यों को फिल्म की कहानी में शामिल किया गया है।

 

कपिल शर्मा को कॉमेडी करते हुए सबने देखा है और ज्यादातर मौकों पर उनकी यही छवि सामने आती भी है, इसीलिए ट्रेलर में उन्हें संजीदा देखकर हैरानी होती है। इस किरदार में कपिल की सहजता इम्प्रेस करती है। वहीं, शहाना ने भी किरदार को स्वाभाविक रखा है।   

कपिल ने मांगी रेटिंग

कपिल ने ट्रेलर सोशल मीडिया में भी शेयर किया है और इसके साथ दिलचस्प अंदाज में रेटिंग मांगी। उन्होंने ट्वीट में लिखा- आपका ज्विगाटो ट्रेलर डिलीवर हो गया है। कृपया रेटिंग देना मत भूलिएगा। 

कपिल की फिल्म 17 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। ज्विगाटो कई फिल्म समारोहों में प्रदर्शित की जा चुकी है। फिल्म का निर्माण अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने किया है। लीड रोल में कपिल की यह तीसरी फिल्म है। उन्होंने अब्बास मस्तान की रोमांटिक कॉमेडी किस किस को प्यार करूं से बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया था। इसके बाद फिरंगी में नजर आये, जिसका उन्होंने निर्माण भी किया था। इन दोनों फिल्मों में कॉमेडी प्रधान तत्व था।