मुनाफे की होड़ में गुम हुई मासूमियत, क्यों बच्चों पर आधारित फिल्में बनाने से कतरा रहे हैं मेकर्स?
हिंदी सिनेमा में एक साल में कई फिल्में बनती हैं, लेकिन उनमें से गिनी चुनी ही बच्चों के लिए बनाई ...और पढ़ें

क्यों बच्चों की फिल्मों को बनाने से कतराता है बॉलीवुड/ फोटो- इंस्टाग्राम
HighLights
भारतीय सिनेमा में बच्चों की फिल्मों की भारी कमी
निर्माता मुनाफे के कारण इस जॉनर में निवेश से कतराते हैं
'बूंग' जैसी फिल्मों ने इंटरनेशनली पहचान बनाई
स्मिता श्रीवास्तव, मुंबई। बचपन जिंदगी का वह दौर है, जब कहानियां हमारी सोच, सपनों और व्यक्तित्व को आकार देती हैं। सिनेमा की भी इसमें अहम भूमिका होती है, लेकिन भारतीय फिल्म उद्योग में बच्चों की दुनिया को पर्दे पर उतारने वाली फिल्में गिनी-चुनी ही हैं। बाजार और मुनाफे के गणित में उलझे निर्माता इस जॉनर में निवेश करने से कतराते हैं। ऐसे में सवाल है कि जब बच्चों के लिए हर तरह की सामग्री मौजूद है, तो उनके अपने अनुभवों, भावनाओं और सपनों को दिखाने वाला सिनेमा इतना कम क्यों है? बाल दिवस पर इसकी पड़ताल करता आलेख :
बच्चों की कहानी ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर पाई सफलता
‘मैं अपनी मां को एक बहुत खास तोहफा देकर उन्हें सरप्राइज करना चाहता हूं।‘ मणिपुरी फिल्म 'बूंग' में बूंग (गुगुन किपगेन) का यह संवाद दरअसल अपनी मां के दर्द को समझने और उनकी उदासी दूर करने की कोशिश है। इसी भावनात्मक कहानी ने 2026 के ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार (बाफ्टा) में सर्वश्रेष्ठ बाल एवं पारिवारिक फिल्म का पुरस्कार जीतकर भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।
यह इस श्रेणी में बाफ्टा जीतने वाली पहली भारतीय फिल्म है। लक्ष्मीप्रिया देवी के निर्देशन में बनी फिल्म की कहानी मणिपुर के एक छोटे से इलाके में रहने वाले बूंग नाम के बच्चे के इर्द-गिर्द घूमती है। वह काफी समय से लापता अपने पिता की खोज में अपने दोस्त के साथ निकल पड़ता है। यह सफर सिर्फ पिता को खोजने का नहीं, बल्कि जिंदगी, रिश्तों, पहचान और समाज की जटिल सच्चाइयों को समझने का भी है। हालांकि, इसे व्यापक व्यावसायिक सफलता नहीं मिली। सिर्फ 'बूंग' ही नहीं, देश में बच्चों के लिए बनने वाली ज्यादातर फिल्मों को भी दर्शकों तक पहुंचने और सिनेमाघरों में पर्याप्त जगह पाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।

बच्चों का जॉनर कभी लोकप्रिय नहीं बन पाया
गुजराती फिल्म 'ढ' के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुके फिल्मकार मनीष सैनी ने 'गांधी एंड कंपनी' और 'द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो' जैसी बच्चों की फिल्में भी बनाई हैं। बच्चों की फिल्मों के कम बनने की वजह बताते हुए वह कहते हैं, "जो बिकता है, वही बनता है। यह जॉनर कभी लोकप्रिय नहीं बन पाया, इसके कुछ कारण हैं। मैंने बच्चों की तीन फिल्में बनाई हैं। थिएटर में बच्चों की फिल्में देखने के लिए माता-पिता को बच्चों को साथ लाना, बच्चों तक जानकारी पहुंचाना कि उनके लिए कोई फिल्म आई है, यह कठिन होता है।
दूसरा, भारत में बच्चों की फिल्मों को थोड़ा कमतर समझा जाता है। तीसरा, जब किसी जॉनर की फिल्में सफल होती हैं, तो वैसी फिल्में बनाने की होड़ लग जाती है। जबकि बच्चों की फिल्मों के मामले में ऐसा देखने को नहीं मिला। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में फिल्मों को लेकर फैसले अक्सर मुनाफे की संभावनाओं के आधार पर लिए जाते हैं। मुझे पहले ही कह दिया जाता है कि बच्चों की फिल्म है, इसलिए नहीं चलेगी। जबकि हालीवुड की एवेंजर्स जैसी फिल्में और डिज्नी की बनाई फिल्मों की लोकप्रियता बताती है कि बच्चों का दर्शक वर्ग कितना बड़ा हो सकता है।

फिल्ममेकर ने आगे कह, "हमारे यहां बच्चों की फिल्मों की सबसे बड़ी समस्या उनकी मार्केटिंग और सिनेमाघरों में सही जगह न मिलना है। हालांकि 'तारे जमीन पर' और 'चिल्लर पार्टी' जैसी फिल्मों ने साबित किया है कि बच्चों की कहानियां हर उम्र के दर्शकों को पसंद आ सकती हैं। दुनिया के बेहतरीन सिनेमाओं में शुमार ईरानी सिनेमा की कई चर्चित फिल्में बच्चों पर आधारित हैं। माजिद मजीदी की 'चिल्ड्रन ऑफ हेवन', 'द कलर ऑफ पैराडाइज ' और अब्बास कियारोस्तमी की 'वेयर इज द फ्रेंड्ज हाउस?' जैसी फिल्में इसके उदाहरण हैं। बहरहाल मुश्किलों के बावजूद मैं अभी एक और बच्चों की फिल्म लिख रहा हूं। इसकी कहानी एक ऐसे बच्चे की है, जो पढ़ाई या किसी दूसरी गतिविधि में अच्छा नहीं है। वह किसी प्रतियोगिता में पुरस्कार जीतकर अपने माता-पिता को दिखाना चाहता है कि उसमें भी खास हुनर है।
फिल्में बच्चों की सोच पर गहरा असर डालती हैं
वहीं, 'तिकड़म' फिल्म के लिए सराहना बटोरने वाले लेखक और निर्देशक विवेक अंचलिया कहते हैं कि सिनेमा का बच्चों की सोच और व्यक्तित्व पर गहरा असर होता है। 'कराटे किड' में एक बच्चा कई परिस्थितियों से गुजरता है और उनसे सीखता है। मैंने अपने नौ साल के बेटे को भी यही समझाया कि इस बच्चे में प्रतिभा थी, लेकिन इसके लिए उसने मेहनत की। ऐसी फिल्मों से हम बच्चों को अच्छा सबक सिखा सकते हैं। जब हम बड़े हो रहे थे, खासकर पिछली सदी के नौवें दशक में ऐसी कई फिल्में बनती थीं, जिनमें आदर्श और जीवन मूल्य दिखाई देते थे, लेकिन आज के बच्चों को फिल्मों में पश्चिमी देशों के जीवन मूल्य दिखाई देते हैं।

दरअसल, उनके पास भारतीय संस्कृति से जुड़ी फिल्में देखने के विकल्प कम हैं। वे ज्यादातर अमेरिकी फिल्में देखते हुए बड़े हो रहे हैं। पिछले 50-60 वर्षों में अमेरिकी सिनेमा ने अपनी फिल्मों के जरिए वहां की छवि और जीवनशैली को दुनिया भर में प्रभावशाली ढंग से पेश किया है। उनकी फिल्मों में अक्सर अमेरिका को समस्याओं का समाधान करने वाले देश के रूप में दिखाया जाता है। बच्चे जब लगातार ऐसी फिल्में देखते हैं, तो उनके मन में भी उसी तरह की छवि बनती है।
आज हमारी पीढ़ी पर अमेरिकी जीवनशैली का इतना प्रभाव है कि कई लोग अमेरिका जाना चाहते हैं। इसकी एक वजह वहां का सिनेमा है, जिसमें वहां की खूबियों को दिखाया गया है। दूसरी ओर, हमारे बच्चों को अपने देश की फिल्मों में हमारी कहानियों, सांस्कृतिक मूल्यों, रहन-सहन, इतिहास और परंपराओं के बारे में जानने का मौका नहीं मिलता। इसलिए बच्चों के लिए भारतीय कहानियों पर आधारित अच्छी फिल्में बनाना बहुत जरूरी है।
बच्चों की कहानियों पर पैसा लगाने से हिचकिचाते हैं
वहीं लिटिल थॉमस फिल्म के निर्देशक कौशल ओझा का भी मानना है कि बच्चों की फिल्मों के जॉनर को पर्याप्त समर्थन नहीं मिलता। वह कहते हैं कि ऐसा नहीं है कि फिल्मकार ऐसी फिल्में बनाना नहीं चाहते। क्षेत्रीय भाषाओं, में बच्चों के लिए कई अच्छी फिल्में बनी हैं, जिन्होंने कारोबार भी किया है। लेकिन हिंदी फिल्म उद्योग में निर्माता ऐसी कहानियों पर पैसा लगाने से हिचकते हैं। बजट और आर्थिक जोखिम बढ़ने के कारण वे अक्सर ऐसी फिल्मों को मंजूरी नहीं देते। जहां तक वितरण व्यवस्था की बात है, हालीवुड की बच्चों की फिल्में लगभग हर दूसरे सप्ताह भारत में रिलीज होती हैं। इससे साफ है कि इन फिल्मों के लिए दर्शक और वितरण व्यवस्था दोनों मौजूद हैं।

जरूरत सिर्फ इस अवसर को पहचानने और लगातार ऐसी फिल्में बनाने की है। केवल एक-दो फिल्मों से माहौल नहीं बदलेगा। पांच-छह फिल्में लगातार आनी चाहिए, ताकि दर्शकों में इन्हें देखने की आदत बने। बच्चों की फिल्मों के लिए सुबह का एक शो और टिकटों की कीमत सीमित करने जैसे नियम बनाने को लेकर वह कहते हैं कि किसी चीज को अनिवार्य कर देने से सफलता नहीं मिलती है। इसके लिए सांस्कृतिक माहौल और व्यवस्था तैयार होनी चाहिए, जिसमें बच्चों की फिल्मों को स्वाभाविक रूप से जगह मिले। सिनेमाघरों में सुबह का एक शो बच्चों के लिए रखने पर विचार किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।