मुंबई। ग्लोबल सेलेब्रिटी बन चुकीं प्रियंका चोपड़ा की अमेरिकन सिंगर निक जोनास के साथ सगाई की तस्वीरों ने सोशल मीडिया में लाइक्स और कमेंट्स की सूनामी ला दी। प्रियंका और निक की तस्वीर ने दुनियाभर में उस दिन सबसे अधिक कमेंट्स और लाइक्स हासिल किये थे।
18 अगस्त को प्रियंका ने अपने बॉयफ्रेंड निक जोनास के साथ मुंबई स्थित आवास पर पूरे हिंदुस्तानी रीति-रिवाज़ से सगाई और रोका की रस्म की। प्रियंका और निक के संबंधों को लेकर मीडिया और फैंस के बीच सुगबुगाहट तो काफ़ी पहले से थी, मगर उसकी पुष्टि सगाई वाले दिन तक नहीं हुई थी। निक का प्रियंका के परिवार से मिलने आने और एक-दूसरे के साथ बाहों में बाहें डालकर घूमने से संकेत तो मिल रहे थे, मगर प्रियंका या उनके परिवार के किसी सदस्य ने इसकी पुष्टि नहीं की। इसीलिए जब प्रियंका की सगाई ख़बर आम हुई तो सभी को एक सुखद आश्चर्य हुआ। यह आश्चर्य उत्सुकता में बदल गया और जैसे ही इंस्टाग्राम पर प्रियंका और निक की पहली तस्वीर आयी, लोग उस पर टूट पड़े। कमेंट्स और लाइक्स की झड़ी लग गयी।
Taken.. With all my heart and soul..
एक अमेरिकन वेबसाइट की ख़बर के मुताबिक, 18 अगस्त को प्रियंका और निक की दोनों तस्वीरें उस दिन किसी सेलेब्रिटी द्वारा डाली गयीं टॉप 2 पोस्ट बनीं। 15-21 अगस्त के ट्रेकिंग वीक में इन पोस्टों को 1,62,000 कमेंट्स और 8.7 मिलियन (87 लाख) लाइक्स मिले थे। फेसबुक पर भी ये दोनों पोस्ट सबसे अधिक इंगेज करने वाली पोस्ट बनीं। प्रियंका और निक की रिलेशनशिप की ख़बरें सबसे पहले हॉलीवुड मीडिया से होते हुए मई में बॉलीवुड पहुंची थी। वहां ये दोनों एक-दो इवेंट्स में साथ नज़र आये थे। हालांकि इस बीच प्रियंका की मॉम मधु चोपड़ा ने किसी विदेशी के साथ प्रियंका की शादी की संभावना से इंकार किया था, जिससे असमंजस की स्थिति पैदा हो गयी थी। बहरहाल, अब सारे चाहने वालों की नज़र प्रियंका और निक की शादी पर है।
The only way to do this... with Family and God. Thank you all for your wishes and blessings 🙏🏼♥️🎉
प्रियंका फिलहाल फ़रहान अख़्तर के साथ स्काय इज़ पिंक फ़िल्म की शूटिंग कर रही हैं। हॉलीवुड की बात करें तो उन्होंने कुछ दिन पहले इज़ इंट इट रोमेंटिक फ़िल्म की शूटिंग पूरी की है। प्रियंका सलमान ख़ान के साथ भारत कर रही थीं, मगर निक के साथ सगाई की वजह से उन्होंने फ़िल्म छोड़ दी थी।
Posted By: Manoj Vashisth