ऑब्सेशन: सिर्फ एक फिल्म नहीं, रिश्तों के स्याह पहलुओं की कहानी
कृति सैनन और वरुण धवन हॉलीवुड हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन' के हिंदी वर्जन को डब किया, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

चाहत, जुनून और टूटते रिश्तों का एक नया पहलू है 'ऑब्सेशन' (फोटो- यूट्यूब)
HighLights
रिश्तों की असली कहानी दिखाती है 'ऑब्सेशन'
कृति-वरुण ने दी है फिल्म के हिंदी वर्जन को आवाज
लोगों को पसंद आ रहा कृति का अंदाज
अनिल पांडेय, नई दिल्ली। कुछ दिनों से YouTube और Instagram Reels पर कृति सैनन और वरुण धवन का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों एक रेस्टोरेंट में बैठे नजर आते हैं। तभी कृति सैनन अचानक गुस्से से बेकाबू हो जाती हैं और उनके चेहरे के भाव बदलने लगते हैं। कुछ ही सेकेंड के इस दृश्य में उनका बार-बार 'नो, नो, नो, नो...' कहना और चेहरे पर उभरते डरावने भाव दर्शकों को हैरान कर देते हैं।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई इंडिपेंडेंट रिव्यूअर्स और कंटेंट क्रिएटर्स भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। खास तौर पर कृति सैनन के एक्सप्रेशंस और उनके अभिनय की जमकर तारीफ हो रही है। उनके चेहरे पर गुस्से, बेचैनी और डर के भाव जिस तरह एक साथ उभरते हैं, वे दर्शकों को असहज करने के साथ ही इस दृश्य के बारे में और जानने के लिए उत्सुक भी करते हैं।

इस वीडियो को देखकर पहली नजर में ऐसा लगता है, मानो यह किसी नई बॉलीवुड फिल्म का सीन हो। लेकिन हकीकत कुछ और है। दरअसल, यह हॉलीवुड की हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन' (Obsession) के हिंदी डब वर्जन के प्रमोशन का हिस्सा है। इस फिल्म के हिंदी संस्करण में कृति सैनन (Kriti Sanon) और वरुण धवन (Varun Dhawan) ने मुख्य किरदारों के लिए अपनी आवाज दी है। फिल्म के इसी दृश्य को दोबारा पेश करते हुए दोनों कलाकारों का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
लेकिन सवाल यह है कि आखिर इस कुछ सेकेंड के दृश्य में ऐसा क्या खास है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है? इसका जवाब फिल्म की कहानी और उसके शीर्षक में छिपा है।
क्या है 'ऑब्सेशन' का मतलब?
ऑब्सेशन का हिंदी अर्थ है जुनून, सनक या किसी विचार अथवा व्यक्ति के प्रति ऐसा जुनून, जो धीरे-धीरे इंसान की सोच और व्यवहार पर हावी होने लगे। आमतौर पर प्यार में किसी को चाहना एक स्वाभाविक भावना मानी जाती है, लेकिन जब यही चाहत दूसरे व्यक्ति की इच्छा, स्वतंत्रता और भावनाओं को नजरअंदाज करने लगे, तो वह एक खतरनाक रूप ले सकती है।

निर्देशक करी बार्कर की फिल्म 'ऑब्सेशन' इसी मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक पहलू को हॉरर के अंदाज में सामने लाती है। फिल्म की कहानी बेयर नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो निक्की को पसंद करता है। वह चाहता है कि निक्की भी उससे उसी तरह प्यार करे, जिस तरह वह उससे करता है।
बेयर की यह इच्छा तब एक खतरनाक मोड़ ले लेती है, जब वह 'वन विश विलो' (One Wish Willow) नाम की एक रहस्यमयी वस्तु के जरिए अपनी चाहत पूरी करने की कोशिश करता है। शुरुआत में उसकी इच्छा पूरी होती नजर आती है, लेकिन जल्द ही उसे एहसास होने लगता है कि हर इच्छा के पीछे एक कीमत भी छिपी हो सकती है।
जिस प्यार को पाने की चाहत में वह यह कदम उठाता है, वही धीरे-धीरे एक डरावने अनुभव में बदलने लगता है। फिल्म इसी सवाल को सामने रखती है कि क्या किसी व्यक्ति को अपने मुताबिक बदल देने या उसकी भावनाओं को नियंत्रित करने की चाहत को प्यार कहा जा सकता है?

कब रिलीज हुई थी फिल्म?
'ऑब्सेशन' वर्ष 2026 की हॉलीवुड हॉरर फिल्मों में चर्चा बटोरने वाली फिल्मों में शामिल रही है। करी बार्कर (Curry Barker) के निर्देशन में बनी इस फिल्म में माइकल जॉनस्टन (Michael Johnston) और इंडे नवारेट (Inde Navarrette) मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा कूपर टॉमलिंसन और मेगन लॉलेस भी फिल्म का हिस्सा हैं।
भारत में यह फिल्म 29 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब इसका हिंदी डब संस्करण दर्शकों के लिए उपलब्ध है। फिल्म का अनकट वर्जन 30 अक्टूबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हुआ। इसे अंग्रेजी और हिंदी, दोनों भाषाओं में देखा जा सकता है।

फिल्म की कहानी रोमांस से शुरू होकर धीरे-धीरे हॉरर और मनोवैज्ञानिक तनाव की ओर बढ़ती है। यही बदलाव इसे सामान्य प्रेम कहानी से अलग बनाता है। फिल्म में डर पैदा करने के लिए केवल डरावने दृश्यों का सहारा नहीं लिया गया है, बल्कि किरदारों के व्यवहार, उनकी भावनाओं और रिश्तों में आने वाले बदलावों को भी अहमियत दी गई है।
हिंदी में कृति सैनन और वरुण धवन की आवाज
फिल्म के हिंदी संस्करण को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा कृति सैनन और वरुण धवन की भागीदारी की हो रही है। दोनों कलाकारों ने फिल्म के मुख्य किरदारों के लिए अपनी आवाज दी है। कृति सैनन ने निक्की के किरदार को आवाज दी है, जबकि वरुण धवन बेयर के किरदार की हिंदी आवाज बने हैं। फिल्म के हिंदी रूपांतरण को फिल्ममेकर अमर कौशिक ने तैयार किया है।

कृति सैनन के लिए यह अनुभव खास है, क्योंकि उन्होंने पहली बार किसी दूसरे कलाकार के पर्दे पर निभाए गए किरदार को अपनी आवाज दी है। वहीं, वरुण धवन ने भी हिंदी संस्करण पर काम करने के अनुभव को अलग बताया है। उनके मुताबिक, इस प्रक्रिया के दौरान फिल्म को करीब से समझने और अभिनय की बारीकियों को नए नजरिए से देखने का मौका मिला।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा रेस्टोरेंट वाला दृश्य इस हिंदी रूपांतरण के प्रमोशन का हिस्सा है। इसमें कृति और वरुण मूल फिल्म के चर्चित दृश्य को दोबारा पेश करते नजर आते हैं। कृति के हाव-भाव और उनके संवाद बोलने के अंदाज ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा है।

रिश्तों के स्याह पहलुओं को सामने लाती है 'ऑब्सेशन'
'ऑब्सेशन' को केवल एक हॉरर फिल्म के रूप में देखना इसकी कहानी के एक अहम पहलू को नजरअंदाज करना होगा। फिल्म प्यार, आकर्षण, अधिकार जताने की प्रवृत्ति और किसी दूसरे व्यक्ति को अपनी इच्छा के मुताबिक ढालने की कोशिश जैसे विषयों को भी सामने लाती है।
कई बार रिश्तों में किसी को पाने की इच्छा इतनी प्रबल हो जाती है कि व्यक्ति सामने वाले की पसंद और उसकी स्वतंत्रता को महत्व देना बंद कर देता है। वह अपने जुनून को प्यार समझने लगता है, जबकि दूसरे व्यक्ति के लिए वही अनुभव डर, दबाव और घुटन का कारण बन सकता है।

फिल्म इसी अंतर को हॉरर और सस्पेंस के जरिए दिखाने की कोशिश करती है। इसका संदेश यह भी है कि प्यार और जुनून के बीच एक महीन रेखा होती है। जब यह रेखा मिटने लगती है, तो किसी रिश्ते की खूबसूरती धीरे-धीरे एक भयावह अनुभव में बदल सकती है।
शायद यही वजह है कि फिल्म का एक छोटा-सा दृश्य सोशल मीडिया पर इतनी चर्चा बटोर रहा है। कुछ सेकेंड के भीतर बदलते चेहरे के भाव और असामान्य व्यवहार दर्शकों को उस डर का अहसास कराते हैं, जिसे फिल्म अपनी पूरी कहानी में विकसित करती है।

अगर आप हॉरर फिल्मों के शौकीन हैं और रिश्तों के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर आधारित कहानियां देखना पसंद करते हैं, तो 'ऑब्सेशन' आपके लिए एक दिलचस्प विकल्प हो सकती है। फिल्म को हिंदी में कृति सैनन और वरुण धवन की आवाज में देखने का अनुभव उन दर्शकों के लिए भी खास हो सकता है, जो मूल अंग्रेजी संस्करण के बजाय हिंदी में फिल्में देखना पसंद करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।