विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बनाईं मूक फिल्में, करोड़ों का था साम्राज्य, फिर राज कपूर की फिल्म ने किया कंगाल; दिलचस्प है चंदूलाल की कहानी

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:00 PM (IST)

भारतीय सिनेमा के एक ऐसे निर्देशक जिन्होंने मूक फिल्मों से लेकर बोलती फिल्मों तक का सफर तय किया, लेकिन बाद में ऐसा क्या हुआ कि वो कंगाली के मुहाने पर आ गए। 

हिट फिल्में देने वाले चंदूलाल शाह (फोटो- सोशल मीडिया)

हिट फिल्में देने वाले चंदूलाल शाह (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. मूक फिल्मों से इस निर्देशक ने शुरू किया सफर

  2. अपनी फिल्म कंपनी में बनाईं कई हिट फिल्में

  3. राज कपूर की एक फ्लॉप फिल्म ने बदला करियर

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा में ना जाने ऐसे कितने नाम है, जिनके बारे में हमें पता तक नहीं है। कोई निर्देशक, कोई अभिनेता तो कोई संगीतकार, ये फेहरिस्त बहुत लंबी है। हालांकि इन नामों ने सिनेमा में अपने योगदान से एक अलग छवि जरूर बनाई। एक ऐसा ही नाम था, चंदूलाल जेसंगभाई शाह (Chandulal Jesangbhai Shah)। आज हम आपको इन्हीं की कहानी बताएंगे...

कौन थे चंदूलाल शाह? 

चंदूलाल शाह भारतीय सिनेमा के एक निर्देशक, लेखक और फिल्म निर्माता थे। उनका जन्म 13 अप्रैल 1898 को गुजरात के जामनगर (तत्कालीन ब्रिटिश भारत) में हुआ था। चंदूलाल शाह सिनेमा के उस दौर में आए जब शायद फिल्मों के बारे में किसी को पता तक नहीं था। मूक फिल्मों से बोलती फिल्मों तक उनका सफर रहा।

चंदूलाल के भाई खुद एक फिल्म निर्देशक थे और वह फिल्में बनाते थे। प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद चंदूलाल शाह का फिल्मों में आना भी एक इत्तेफाक ही था। दरअसल उनके बड़े भाई दयाराम शाह (J. D. Shah) पौराणिक फिल्मों की कहानियां लिखते थे।

भाई की मदद करते हुए चंदूलाल का स्टूडियो आना-जाना शुरू हुआ। 1925 में 'लक्ष्मी फिल्म कंपनी' की फिल्म विमला (Vimla) के निर्देशक मणिलाल जोशी के बीमार पड़ने पर चंदूलाल शाह को संयोग से निर्देशन का पहला मौका मिला और फिर क्या था यहीं से उनके करियर की गाड़ी चल पड़ी।

Chandulal 3

गौहर के साथ हिट रही जोड़ी 

इस फिल्म के बाद कहा जाता है कि चंदूलाल शाह की मुलाकात अभिनेत्री मिस गौहर से भी हुई। साल 1926 में आई 'टाइपिस्ट गर्ल' उनकी बड़ी हिट रही, जिसमें सुलोचना और गौहर ने मुख्य भूमिका निभाई थी और यह फिल्म महज 17 दिनों में बनकर तैयार हो गई थी। इस फिल्म ने चंदूलाल शाह को अच्छे और नामी निर्देशकों की लिस्ट में लाकर खड़ा कर दिया था। इसके बाद उन्होंने 'गुणसुंदरी' (1927) जैसी कई सफल फिल्मों का निर्देशन जारी रखा। उन्होंने गौहर के साथ कई और फिल्में भी बनाईं।

खुद की कंपनी के साथ बनाईं कई फिल्में

साल 1929 में चंदूलाल शाह ने एक बड़ा कदम उठाया। उन्होंने रणजीत फिल्म कंपनी की शुरूआत की, बाद में इसका नाम रंजीत मूवीटोन रख दिया गया। इस कंपनी को खोलने में उनकी मदद विट्ठलदास ठाकोरदास ने की। इस प्रोड्क्शन कंपनी ने बाद में तहलका मचा दिया। साल 1932 तक आते आते चंदूलाल शाह ने इस कंपनी के बैनर तलेक करीब 35-40 फिल्में बना डालीं।

Chandulal 2

40 के दशक में आते आते इस कंपनी में मूक फिल्मों से शुरू हुआ दौर बोलती हुई फिल्मों तक आ पहुंचा। हर साल कंपनी में कई फिल्में बनती, जिसमें ज्यादातक फिल्में हिट रहीं। इस कंपनी ने ना जाने कितने एक्टर्स को काम दिया, ना जाने कितने टेक्नीशियन और स्टाफ की जिंदगी यहां से बदली। इसके बाद उन्होंने सावित्री (1932), बैरिस्टर्स वाइफ (1935), द सेक्रेटरी (1938), अछूत (1940), तानसेन (1943), मूर्ति (1943), और जोगन (1950) जैसी कई फिल्में बनाईं।

गौहर जान से मोहब्बत करते थे चंदूलाल शाह?

कहा जाता है कि चंदूलाल शाह के दिल में एक अभिनेत्री ने घर बना लिया और वह कोई और नहीं बल्कि गौहर थीं। वो ना केवल उनकी पसंदीदा हीरोइनों में से एक थीं, जबकि वह उनसे प्रेम भी करते थे और उनकी कंपनी में भी वो उनके साथ रहीं। फिल्मों के साथ-साथ चंदूलाल शाह बाकी चीजों में भी काफी एक्टिव रहे।

Paapi 2

साल 1944 से 1945 तक 'इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन' (IMPPA) के वह अध्यक्ष रहे और इसके बाद वो इस पद सेवाएं देते रहे। इसके बाद उन्होंने 1953 में राज कपूर और नरगिस के साथ फिल्म पापी बनाई। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली और यहीं से चंदूलाल शाह का जादू कम होता गया। इसके बाद उन्होंने साल 1955 में ऊटपटांग, 1960 में जमीन के तारे, और साल 1963 में अकेली मत जइयो जैसी फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर नहीं चलीं।

chandulal

इन फिल्मों के बाद उनका जादू फीका पड़ गया। पहला फिल्मों से नुकसान हुआ और दूसरा शेयर बाजार और रेसकोर्स में हुए भारी आर्थिक नुकसान के कारण उनका साम्राज्य बिखरने लगा। सोचिए एक समय ऐसा था जब उनके पास दर्जनों लग्जरी कारें थीं और उनके स्टूडियो में सैकड़ों कलाकार वेतन पर काम करते थे, लेकिन जीवन के अंतिम वर्षों में वो आर्थिक तंगी से गुजरे और उन्हें बसों में सफर करना पड़ा। 

(Note- इस लेख में दी गई जानकारी IMDB और फिल्मी किस्सों पर आधारित है। इसमें बदलाव भी हो सकता है।)

 

यह भी पढ़ें- 45 सालों से 'विदाई एंथम' की तरह बज रहा मोहम्मद रफी का भोजपुरी गाना, सुनते ही टपकने लग जाते हैं आंखों से आंसू

यह भी पढ़ें- तीसरी बार पर्दे पर दिखेगी विजय सेतुपति और मालविका मोहनन की जोड़ी, कब रिलीज होगी नई फिल्म Pocket Novel?


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।