Kalank First Song: ''घर मोरे परदेसिया'' में देखिए माधुरी दीक्षित और आलिया भट्ट का शानदार डांस
Kalank First Song इस मल्टी स्टारर फिल्म में आलिया-वरुण के अलावा सोनाक्षी सिन्हा संजय दत्त आदित्य राय कपूर और माधुरी दीक्षित अभिनय करते दिखेंगे।
मुंबई। फिल्म कलंक को लेकर पिछले कुछ समय से खूब चर्चा है। पहले एक के बाद एक पोस्टर रिलीज किए गए। फिर फिल्म का टीजर आया। और अब फिल्म का पहला गीत रिलीज कर दिया गया है जिसमें माधुरी दीक्षित और आलिया भट्ट की जुगलबंदी देखी जा सकती है।
करण जौहर की बहुप्रतिक्षित फिल्म कलंक का पहला गाना ''घर मोरे परदेसिया'' दर्शकों के सामने आ चुका है। हाल ही में इस रिलीज किया गया है। आलिया भट्ट ने एक दिन पहले इस गीत की झलक सोशल मीडिया के जरिए दिखलाई थी। गीत ''घर मोरे परदेसिया'' को अगर देखा जाए तो इसका ग्रैंड सेट और माधुरी व आलिया का शानदार डांस देखने को मिलता है। इसके साथ जफर का किरदार निभा रहे वरुण धवन की भी झलक नजर आती है। गीत की शुरुआत वरुण और आलिया की एक गली में एंट्री से होती है जहां पर रामलीला का आयोजन हो रहा है। जैसे जैसे वे आगे जाते हैं माधुरी दीक्षित नजर आती हैं।
गीत में रूप के किरदार में आलिया सफेद लहंगा में नजर आ रही हैं वही बहार बेगम के किरदार में माधुरी दीक्षित ने सफेद और पिंक रंग का लहंग पहना है। इस गीत को प्रीतम ने कंपोज किया है और अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखा है। गीत को आवाज श्रेया घोषाल और वैशाली महाड़े ने दी है।
इस गीत को लेकर प्रीतम का कहना है कि, मैंने अभी तक कोई पीरियड फिल्म नहीं की है। तो कलंक मेरी पहली फिल्म है जिसको लेकर मैं काफी नर्वस हूं। आगे वे कहते हैं कि, फिल्म के जोनर ने पहले तो मुझे आश्चर्य में डाल दिया था कि मैं अपने काम के साथ न्याय कर पाउंगा कि नहीं। यह मेरा पहली गीत है जो कि कथक विजुअल्स पर पिक्चराइज किया गया। रामायण के बैकड्रॉप पर डांस है। मैंने इससे पहले कई इंडियन म्यूजिशियंस के साथ काम किया है लेकिन इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित रहा हूं। इसके साथ जो यंग ऑडियंस (19-20 साल) है उन्हें राग पर आधारित गीत सुनने का बॉलीवुड फिल्मों में कम मौका मिलता है। इसमें वह मौका मिल रहा है। तो मुझे लगता है कि उन्हें यह गीत बहुत पसंद आएगा और इसके जरिए हम कथक और क्लासिकल म्यूजिक को प्रमोट कर पाएंगे।
आपको बता दें कि, इस मल्टी स्टारर फिल्म में आलिया-वरुण के अलावा सोनाक्षी सिन्हा, संजय दत्त, आदित्य राय कपूर और माधुरी दीक्षित अभिनय करते दिखेंगे। फिल्म में माधुरी दीक्षित और संजय दत्त 20 वर्षों के बाद एक दूसरे के साथ काम कर रहे हैंl उनके साथ सितारों की इस भीड़ में कियारा आडवाणी और कुणाल खेमू भी हैं। यह फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म की कहानी राजा-रजवाड़ों और उनकी रियासतों की है l करण जौहर ने उसे भव्यता का जामा पहनाया है l