वकालत छोड़ बने कॉमेडी के 'बहादुर', एक साथ करते थे 16 फिल्मों की शूटिंग; एक शौक बना मौत की वजह
4 दशक तक सिनेमा में कॉमेडी करने वाले वो अभिनेता जिन्होंने अभिनय के लिए अपनी वकालत छोड़ दी थी।

वकालत छोड़ फिल्मों में आए थे देवेन वर्मा। फोटो क्रेडिट- एक्स
HighLights
वकालत छोड़ बॉलीवुड में बनाई कॉमेडी किंग की पहचान
'चोरी मेरा काम' के लिए जीता फिल्मफेयर बेस्ट कॉमेडियन अवॉर्ड
एक शौक की वजह से एक्टर का हुआ था निधन
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। देवेंदु वर्मा जिन्हें बॉलीवुड में देवेन वर्मा (Deven Verma) कहा जाता है, उन्होंने सिनेमा में कॉमेडी को अलग पहचान दी। कभी मनसुख बनकर हंसाया तो कभी बहादुर बनकर। उनका छोटा सा छोटा रोल दर्शकों का ध्यान खींच लेता था।
23 अक्टूबर 1937 को कच्छ में जन्मे देवेन वर्माकी परवरिश पुणे में हुई है। उनके पिता एक फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर थे। ऐसे में देवेन का भी बचपन से ही फिल्मों से लगाव होने लगा। वह पढ़ाई के साथ-साथ स्टेज शोज भी करने लगे।
वकालत की पढ़ाई बीच में छोड़ी
इसके बाद उन्होंने वकालत की पढ़ाई भी शुरू कर दी। मगर उनका दिल नहीं लगा तो उन्होंने बीच में ही वकालत की पढ़ाई छोड़कर इंडस्ट्री में आने का फैसला किया और उन्हें बॉलीवुड में सबसे बड़ा ब्रेक बीआर चोपड़ा (BR Chopra) ने दिया।
बीआर चोपड़ा ने दिया था ब्रेक
दरअसल, एक स्टेज शो के दौरान बीआर चोपड़ा ने देवेन को एक्टिंग करते हुए देखा और वह उनकी परफॉर्मेंस से इतने इंप्रेस हुए कि उन्हें 'धर्मपुत्र' (1961) ऑफर कर दी। हालांकि, उन्हें असली पहचान 1975 में आई फिल्म 'चोरी मेरा काम' से मिली थी। इस फिल्म के लिए उन्होंने फिल्मफेयर बेस्ट कॉमेडियन का अवॉर्ड भी अपने नाम किया था।
इसके बाद उनके पास फिल्मों की लाइन लग गई। एक वक्त था, जब वह एक साथ करीब 16 फिल्मों की शूटिंग किया करते थे।

देवेन वर्मा की बेस्ट मूवीज
देवेन वर्मा ने संजीव कुमार और अमिताभ बच्चन समेत कई बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर किया है। वह अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए पसंद किए जाते थे। उनकी बेहतरीन फिल्मों की लिस्ट...
- अंगूर
- खट्टा-मीठा
- देवर
- अनुपमा
- चोर के घर चोर
- चोरी मेरा काम
- अंदाज अपनाअपना
- यीन
- दिल्लगी
- आज और कल
- अकेले हम अकेले तुम
- दिल
- इश्क
- गुमराह
- मेरे यार की शादी है
देवेन वर्मा आखिरी बार फिल्म कलकत्ता मेल (2003) में नजर आए थे जिसमें उन्होंने रानी मुखर्जी के दादा का किरदार निभाया था।
किस कारण हुआ था देवेन वर्मा का निधन?
देवेन वर्मा ने 2 दिसंबर 2014 को आखिरी सांस ली थी। अभिनेता के निधन की वजह उनका एक शौक बना था। दरअसल, अभिनेता को मीठा खाने का बहुत शौक था। इसके चलते वो डायबिटीज के शिकार हो गए थे। इससे उन्हें शरीर में काफी दिक्कतें होने लगी थीं। यही वजह है कि उन्होंने फिल्मों से भी किनारा कर लिया था।
